Language Settings

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया सेवा, समानता और मानवता का संदेश

14 minutes ago

2

0

बोले मुख्यमंत्री— राजनीति सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम; सिख गुरुओं ने मानवता और धर्म की रक्षा के लिए किया सर्वस्व न्योछावर

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर जयपुर के राजापार्क में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, सेवा, समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन सत्य, साहस और लोककल्याण के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने समय की सामाजिक चुनौतियों और विषम परिस्थितियों के बीच बिना किसी भय के सत्य का संदेश दिया। अपनी लंबी धार्मिक और आध्यात्मिक यात्राओं के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद वे अपने उद्देश्य से कभी विचलित नहीं हुए। उनका जीवन बताता है कि परिस्थितियां कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, समाज और मानवता की भलाई के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

ईमानदारी से कमाई और जरूरतमंदों की मदद ही सच्ची मानवता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखा रही हैं। उनका संदेश है कि मनुष्य को ईश्वर का स्मरण करते हुए ईमानदारी और परिश्रम से अपनी आजीविका अर्जित करनी चाहिए तथा अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ भी हिस्सा बांटना चाहिए। यही विचार सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक ईश्वर और सभी मनुष्यों की समानता का संदेश दिया। उनके अनुसार किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके अच्छे कर्मों, ईमानदारी और दूसरों के प्रति उसके व्यवहार से होती है। धर्म का वास्तविक स्वरूप मानव सेवा और सद्कर्मों में निहित है। गुरुद्वारों में संचालित लंगर परंपरा इसी भावना का जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी गुरु नानक देव जी की सेवा भावना से प्रेरणा लेकर प्रदेश के विकास, जनकल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए राजनीति सत्ता और पद प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि आमजन की सेवा का माध्यम है।

सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री ने सिख गुरुओं की महान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने धर्म, आस्था, मानवाधिकार और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। नौवें गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान धार्मिक स्वतंत्रता और मानवीय मूल्यों की रक्षा का अद्वितीय उदाहरण है। वहीं, दसवें गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन अदम्य साहस, त्याग, वीरता और धर्म की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं का संघर्ष और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, मानवता की रक्षा करने और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

करतारपुर गलियारा खोलने के निर्णय का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करतारपुर गलियारा खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया। इसके साथ ही गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की शहादत को स्मरण करने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इससे देश की नई पीढ़ी को साहिबजादों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान से परिचित होने का अवसर मिला है।

गुरुद्वारों में सुविधाओं का विस्तार, विद्यार्थियों के छात्रावास के लिए भूमि आवंटित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार सिख समाज के कल्याण, शैक्षणिक उत्थान और धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में जयपुर स्थित गुरुद्वारा तेग बहादुर साहिब और अनूपगढ़ के बुड्ढा जोहड़ गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिख समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण के उद्देश्य से भूमि का आवंटन भी किया जा चुका है। इस परियोजना का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, मुख्य ग्रंथी जगजीत सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।

---------------------------------

 

Click here to Read More
Previous Article
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों पावन अवसरों पर देशवासियों को दी बधाई, साहस, सेवा, करुणा और सर्वकल्याण के मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान
Next Article
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दो फिल्मों ने छेड़ी मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों की अनूठी पड़ताल

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment