Language Settings

राजस्थान में कल होगा 37 जिला प्रमुखों का चुनाव, बहुमत के बावजूद दलों की बढ़ी चिंता

17 minutes ago

2

0

23 जिलों में कांग्रेस और 5 में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत, 8 जिलों में निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्यों पर टिकी नजरें; सदस्यों की बाड़ेबंदी से लेकर समर्थन जुटाने तक तेज हुई सियासी कवायद

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में बुधवार, 25 नवंबर को जिला प्रमुखों का चुनाव कराया जाएगा। इस चुनाव में कहीं राजनीतिक दल अपने स्पष्ट बहुमत के आधार पर जिला प्रमुख बनाने की तैयारी में हैं, तो कहीं निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्यों का समर्थन हासिल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने समर्थित जिला परिषद सदस्यों को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। कई जिलों में सदस्यों की बाड़ेबंदी की गई है, वहीं जिला प्रमुख पद के उम्मीदवारों के नाम अंतिम समय तक गोपनीय रखे जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान तथा 28 नवंबर को उप प्रधान के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

23 जिलों में कांग्रेस, पांच में भाजपा को स्पष्ट बहुमत

जिला परिषद चुनाव के परिणामों के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार, 37 जिला परिषदों में कांग्रेस को 23 और भाजपा को पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर जिला परिषद में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने बहुमत हासिल किया है। वहीं, आठ जिलों में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इनमें बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर शामिल हैं। इन जिलों में जिला प्रमुख का निर्वाचन काफी हद तक निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करेगा। ऐसे में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल इन सदस्यों से संपर्क साधने में जुटे हैं।

सदस्यों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी

जिला प्रमुख चुनाव को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने की रणनीति अपनाई है। जिन जिलों में बहुमत का आंकड़ा स्पष्ट नहीं है, वहां दूसरे दलों और निर्दलीय सदस्यों से समर्थन जुटाने की कोशिशें चल रही हैं। दोनों दलों की ओर से जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के उम्मीदवारों के नामों को लेकर अंतिम समय तक गोपनीयता बरती जा रही है। मंगलवार देर रात तक संभावित प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनाने की कवायद जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में नामांकन के दौरान ही उम्मीदवारों के नाम सामने आएंगे। कांग्रेस ने भाजपा पर सदस्यों को प्रलोभन देने और राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर भाजपा भी उन जिला परिषदों में अपना जिला प्रमुख बनाने के लिए समर्थन जुटाने में लगी है, जहां उसे स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं हुआ है।

दलबदल कानून और व्हिप लागू नहीं होने से बढ़ी चुनौती

जिला प्रमुख चुनाव की खास बात यह है कि इसमें विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह दलबदल विरोधी कानून तथा पार्टी व्हिप का प्रावधान लागू नहीं होता। ऐसे में जिला परिषद सदस्य अपनी पार्टी से अलग जाकर भी किसी दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। केवल क्रॉस वोटिंग या दूसरे दल के प्रत्याशी को समर्थन देने के आधार पर उनकी सदस्यता समाप्त नहीं होती। यही वजह है कि स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद राजनीतिक दलों को अपने सदस्यों को एकजुट रखने की चिंता सता रही है। वहीं, जिन जिलों में किसी दल के पास बहुमत नहीं है, वहां निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्यों का समर्थन जिला प्रमुख चुनाव में निर्णायक साबित हो सकता है।

चूरू में राजेंद्र राठौड़ की राजनीतिक प्रतिष्ठा पर नजर

जिला प्रमुख चुनाव में चूरू जिला परिषद का मुकाबला भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह को जिला प्रमुख पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में चूरू के चुनाव परिणाम को राठौड़ के राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्र में उनकी भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं नागौर में आरएलपी के सामने अपने बहुमत को जिला प्रमुख की कुर्सी में बदलने की चुनौती है। पार्टी को यहां स्पष्ट बहुमत मिला है और अब उसकी नजर जिला प्रमुख पद पर अपना उम्मीदवार निर्वाचित कराने पर है।

चार जिलों में दिसंबर में होंगे चुनाव

प्रदेश की कुल 41 जिला परिषदों में से फिलहाल 37 में जिला प्रमुख का चुनाव कराया जा रहा है। शेष चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में निर्वाचन प्रक्रिया दिसंबर में पूरी होगी। इन जिलों में वर्तमान जिला प्रमुखों और पंचायत समिति प्रधानों का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त होना है। इन चार जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इसके बाद 22 दिसंबर को जिला प्रमुख, 23 दिसंबर को उप जिला प्रमुख, 24 दिसंबर को पंचायत समिति प्रधान और 25 दिसंबर को उप प्रधान के चुनाव कराए जाएंगे। अब सभी की निगाहें बुधवार को होने वाले मतदान पर टिकी हैं। जिला परिषदों में बहुमत के आंकड़ों के साथ-साथ सदस्यों की एकजुटता, निर्दलीयों का समर्थन और अंतिम समय में बनने वाले राजनीतिक समीकरण तय करेंगे कि ग्रामीण सत्ता की कमान किन दलों के हाथों में जाएगी।

 

25 नवंबर को इस समय होगी चुनाव प्रक्रिया

• सुबह 10 बजे निर्वाचित सदस्यों की बैठक और चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी।

• सुबह 11 बजे तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

• सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी।

• दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और चुनाव चिह्न आवंटित होंगे।

• दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

• मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

• ---------------------

Click here to Read More
Previous Article
DIGITAL NOVEMBER - A Celebration of Art, Technology and Creativity at Neerja Modi School
Next Article
सूर्यवंशी का विश्व क्रिकेट में धमाका

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment