Language Settings

गर्मी से बचाव की स्मार्ट टोपी से लेकर स्मार्ट कैंपस तक, जेईसीआरसी के विद्यार्थियों ने दिए पर्यावरण संरक्षण के नए समाधान

12 minutes ago

1

0

गर्मी से बचाव की स्मार्ट टोपी से लेकर स्मार्ट कैंपस तक, जेईसीआरसी के विद्यार्थियों ने दिए पर्यावरण संरक्षण के नए समाधान

री-स्पायर 2026’ में विद्यार्थियों ने पेश किए नवाचार आधारित आइडिया, 350 विद्यार्थियों ने छह चुनौतियों में लिया हिस्सा; तीन प्रतिभागियों के आइडिया रहे आकर्षण का केंद्र

जयपुर। गर्मी से परेशान सड़क पर काम करने वाले लोगों के लिए सोलर एनर्जी से चलने वाली कूलिंग हैट, विश्वविद्यालयों में बिजली की बचत करने वाला स्मार्ट सिस्टम और बिना बिजली के शरीर को ठंडा रखने वाले खास कपड़े। ये किसी बड़ी कंपनी के उत्पाद नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सोच और नवाचार से निकले ऐसे आइडिया हैं, जो समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान तलाशने की कोशिश करते हैं।

जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव री-स्पायर 2026’ में विद्यार्थियों ने ऐसे ही कई रचनात्मक और उपयोगी विचार प्रस्तुत किए। यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (C-SDG) की ओर से आयोजित इस कॉन्क्लेव में करीब 350 विद्यार्थियों ने छह अलग-अलग चुनौतियों में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण को नए विचारों और व्यावहारिक समाधानों से जोड़ने का प्रयास किया।

धूप में काम करने वालों के लिए स्मार्ट कूलिंग हैट बनी विजेता*l

ग्रीन बिजनेस मॉडल चैलेंज में देवांशी दोसाया ने अपने प्रोजेक्ट ‘SURYACOOL 360° – स्मार्ट कूलिंग हैट एंड हेलमेट के लिए पहला स्थान हासिल किया। इस आइडिया के तहत ऐसी विशेष हैट तैयार करने की परिकल्पना की गई है, जिसमें छोटे कूलिंग फैन, पानी की महीन फुहार छोड़ने वाला सिस्टम, सोलर असिस्टेड चार्जिंग और रिचार्जेबल बैटरी होगी। इसका चौड़ा डिजाइन सिर और चेहरे को धूप से बचाने के साथ ठंडक देने में मदद करेगा। इसके हेलमेट वर्जन के जरिए बाइक राइडर्स और डिलीवरी पार्टनर्स को भी राहत पहुंचाने की योजना है।

स्मार्ट तकनीक से होगी कैंपस में बिजली की बचत

वंश ए शर्मा और भूमिक ने WattWise – Campus Energy, Used with Intention’ के जरिए बिजली की खपत को समझने और नियंत्रित करने का स्मार्ट समाधान प्रस्तुत किया। इस आइडिया में सेंसर और मोबाइल ऐप की मदद से क्लासरूम, लैब और लाइब्रेरी जैसे स्थानों पर बिजली के इस्तेमाल की निगरानी की जाएगी। कमरे में लोगों की मौजूदगी और प्राकृतिक रोशनी के आधार पर लाइट और एसी के उपयोग को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने की योजना है। इस प्रोजेक्ट को प्रथम रनर-अप चुना गया।

जयपुर की गर्मी का समाधान तलाशेंगे खास कपड़े

दूसरे रनर-अप राज सिंह ने COMMIT प्रोजेक्ट के माध्यम से जयपुर की तेज गर्मी से जूझने वाले लोगों के लिए वाटर-रिटेंशन हेक्सागोनल कूलिंग वेस्ट और दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले कूलिंग टॉवल का विचार प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स, डिलीवरी वर्कर्स और निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को कम लागत में ठंडक का विकल्प उपलब्ध कराना है। यह पहल बिजली पर निर्भरता कम करने और दोबारा उपयोग होने वाले उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रयास है।

कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने से लेकर खराब सामान की मरम्मत तक दिखी रचनात्मकता

कॉन्क्लेव के दौरान डॉक्यूमेंट्री चैलेंज, रिपेयर रिवोल्यूशन और ग्रीन बिजनेस मॉडल चैलेंज आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने बचे हुए खाद्य पदार्थों से आवारा कुत्तों के लिए पौष्टिक आहार तैयार करने और इसके लिए बिजनेस मॉडल विकसित करने जैसे विचार भी प्रस्तुत किए। रिपेयर रिवोल्यूशन में खराब हो चुकी वस्तुओं की मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग लायक बनाया गया, वहीं डॉक्यूमेंट्री चैलेंज में विद्यार्थियों ने फिल्मों के माध्यम से पर्यावरण और सतत विकास से जुड़े मुद्दों को सामने रखा।

सस्टेनेबल फैशन एंड डिजाइन, सस्टेनेबिलिटी पार्लियामेंट और आइडिया हैकाथॉन के जरिए विद्यार्थियों को अपने विचारों को डिजाइन, चर्चा और प्रोटोटाइप के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला। आइडिया हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में तीन घंटे तक नए समाधानों पर काम किया और अपने आइडिया की प्रस्तुति दी।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सतत विकास की दिशा में किया प्रेरित

कॉन्क्लेव में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc), बेंगलुरु के सेंटर फॉर इकोलॉजिकल साइंसेज के कोऑर्डिनेटर एवं एनवायरनमेंटल इन्फॉर्मेशन सिस्टम के कन्वीनर डॉ. टी. वी. रामचंद्र, यूनाइटेड नेशंस SDSN साउथ एशिया की नेटवर्क मैनेजर एवं TERI की एसोसिएट फेलो और रिसर्च एसोसिएट वाणी पांडे तथा यूनिसेफ यूथ एडवोकेट ग्लोबल एवं गूगल के यूथ एडवाइजर कार्तिक वर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके विचारों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जेसीएस कोर टीम के नए सदस्यों का इंडक्शन समारोह भी आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन अर्पित अग्रवाल ने कहा, “आज के समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और पर्यावरण से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान खोजने के लिए तैयार करना भी है। री-स्पायर जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशील सोच को वास्तविक रूप देने का मंच प्रदान करते हैं। हमारा प्रयास है कि विश्वविद्यालय में ऐसे अवसर और वातावरण विकसित किए जाएं, जहां विद्यार्थी नए विचारों के साथ आगे आएं और सतत विकास की दिशा में सार्थक योगदान दें।”

कॉन्क्लेव ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे विद्यार्थियों की सोच, कौशल और रोजमर्रा के व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। कचरे को संसाधन में बदलने, पुरानी वस्तुओं को नया जीवन देने और पर्यावरण के अनुकूल बिजनेस मॉडल तैयार करने जैसे प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाया कि छोटे-छोटे विचार भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकते हैं।

Click here to Read More
Previous Article
बच्चों की हंसी और मस्ती से सजा जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी का परिसर, स्पर्श किड्स कार्निवल में दिखा उत्साह

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment