Language Settings

पेरू में भारतीय युवक की एसयूवी पर 30 से अधिक गोलियां बरसाईं, सोने के जेवरों से भरे बैग लूटे; दो घायल

1 day ago

35

0

लीमा। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में हथियारबंद बदमाशों ने एक भारतीय युवक की कार को निशाना बनाकर सनसनीखेज लूटपाट की। हमलावरों ने युवक की एसयूवी पर 30 से अधिक गोलियां चलाईं और कार में रखे सोने के जेवरों से भरे बैग तथा सूटकेस लूटकर फरार हो गए। घटना में भारतीय युवक विजय और उसके साथ मौजूद एक पेरू की महिला घायल हो गई। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वारदात शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कैलाओ क्षेत्र के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। विजय और महिला जॉर्ज शावेज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कई वाहनों में सवार होकर आए बदमाशों ने उनकी एसयूवी को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने पहले अपनी गाड़ियां एसयूवी के आगे और आसपास खड़ी कर रास्ता बंद किया। इसके बाद कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलीबारी के बाद बदमाशों ने कार के दरवाजे खोलकर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना का वीडियो पास की एक इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में नकाबपोश बदमाश एसयूवी को घेरकर उसकी खिड़कियों पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। एक हमलावर कार में मौजूद व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिराता भी नजर आ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।

10 बदमाशों ने बनाई थी घेराबंदी

कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस के अनुसार, इस वारदात में करीब 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने तीन वैन और अन्य वाहनों की मदद से एसयूवी को घेरकर लूटपाट की। पुलिस को आशंका है कि हमलावर पहले से ही पीड़ितों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और पूरी वारदात की योजना बनाकर आए थे। घटनास्थल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के।

आपराधिक मामलों में सामने आ चुकी है एक गाड़ी

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की एक गाड़ी की पहचान की है। उसका पंजीकरण नंबर बी6एच-624 बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, यह वाहन पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2011 में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़े मामले में इसका उल्लेख हुआ था। वहीं, 2024 में हत्या के प्रयास और हथियारों तथा विस्फोटकों की आपूर्ति से जुड़े मामले में भी इसका नाम सामने आया था। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने और लूटे गए कीमती सामान का पता लगाने में जुटी है।

-----------------------

 

Click here to Read More
Previous Article
पूर्व मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ की सलाह- अदालतों में एआई से कराएं नियमित काम, फैसले लिखने की जिम्मेदारी जजों के पास ही रहे
Next Article
अफगानिस्तान में स्कूल के पास विस्फोट से 10 बच्चों की मौत, 100 से अधिक घायल; डायनामाइट के गोदाम में हुआ धमाका

Related विदेश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment