Language Settings

असम में बांग्लादेश सीमा से 20 किलोमीटर दूर बनेगा नया हवाई अड्डा

5 minutes ago

2

0

सिलचर के डोलू में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को केंद्र की मंजूरी, 2,014 करोड़ रुपये होंगे खर्च; कैबिनेट ने पांच बड़े प्रस्तावों पर लगाई मुहर

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर भारत में हवाई संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। प्रस्तावित हवाई अड्डा बांग्लादेश की सीमा से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर होगा। इसकी सालाना यात्री क्षमता लगभग 10 लाख रहने का अनुमान है। इससे असम के बराक घाटी क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकेगा।

 

बैठक में इसके अलावा चार अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।

 

पहला फैसला : देश में ही बनेंगी बड़ी निर्माण मशीनें

 

सरकार ने बुलडोजर, क्रेन और सुरंग खोदने वाली बड़ी मशीनों के घरेलू निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अगले आठ वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। फिलहाल इन मशीनों की जरूरत का आधे से अधिक हिस्सा आयात के माध्यम से पूरा होता है। इस योजना के तहत बड़ी कंपनियों के साथ छोटे और मध्यम स्तर के कलपुर्जे बनाने वाले उद्योगों को भी सहायता दी जाएगी। मशीनों की गुणवत्ता और क्षमता जांचने के लिए अलग केंद्र स्थापित होगा। इसके लिए वाहन अनुसंधान संघ को 375 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

 

दूसरा फैसला : कामराजार बंदरगाह पर बनेगा नया कंटेनर टर्मिनल

 

तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसे सार्वजनिक और निजी भागीदारी के आधार पर विकसित किया जाएगा। परियोजना पर करीब 4,288.26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे बंदरगाह की माल ढुलाई क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

 

तीसरा फैसला : डाक संचालन योजना को पांच साल का विस्तार

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक संचालन योजना को वर्ष 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1,141 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इससे देशभर में डाक सेवाओं का संचालन और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

 

चौथा फैसला : डाक विभाग के भवनों पर खर्च होंगे 1,491 करोड़

 

डाक विभाग की संपत्ति प्रबंधन योजना को भी वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि से देशभर में डाक विभाग के भवनों, कार्यालयों और अन्य सुविधाओं का सुधार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल के इन फैसलों का उद्देश्य औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा देना, आयात पर निर्भरता कम करना, परिवहन सुविधाओं का विस्तार करना और सरकारी सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना है।

Click here to Read More
Previous Article
राजस्थान के 37 जिलों में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे घोषित, कांग्रेस ने 24 सीटों पर जमाया कब्जा; भाजपा को 10 पर जीत
Next Article
जयपुर में शुरू हुई डॉ. जगदीश प्रसाद मीणा की एकल चित्रकला प्रदर्शनी ‘BEHIND THE SMILE’

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment