Language Settings

Filters

Channels
Topics
Other Filters

देवधाम साल्याखेड़ी में भक्तिमय माहौल : 12 गांवों की समिति ने मनाया एक दिवसीय मेला और महाप्रसादी का आयोजन

मालासेरी डूंगरी के पुजारी हेमराज पोसवाल रहे विशेष आकर्षण, क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वादझालावाड़, देवधाम साल्याखेड़ी।मनोहरथाना क्षेत्र के प्रसिद्ध देवनारायण मंदिर, साल्याखेड़ी में रविवार को 12 गांवों की देवनारायण समिति द्वारा एक दिवसीय विशाल मेला एवं महाप्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में विश्वविख्यात तीर्थस्थल मालासेरी डूंगरी के पुजारी हेमराज पोसवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।पूरे क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन, कीर्तन और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर देवनारायण भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया।पोसवाल ने इस अवसर पर कहा कि साल्याखेड़ी की यह भूमि देव आस्था का जीवंत प्रतीक है। यहां का जन-जन देवनारायण भगवान की कृपा से सदैव प्रेरित और संरक्षित रहा है। उन्होंने सभी देवभक्तों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान और स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आस्था और एकता की यह परंपरा समाज को मजबूत बनाती है।कार्यक्रम में आस-पास के गांवों—कस्बा, खिजूरिया, रायपुरिया, गोपालपुरा, बोरखेड़ा, हनुतिया, बरखेड़ी सहित अन्य गांवों के भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।अंत में देवनारायण भगवान और साढ़ू माता के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिभाव से आलोकित हो उठा।

विद्यालय सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प अभियान से दीपोत्सव में राजस्थान ने रचा इतिहास

पूरे प्रदेश के सरकारी विद्यालय पहली बार एकरूप रंग और रोशनी से जगमगाए_ जयपुर।  मुख्यमंत्री  की अभिनव पहल के अंतर्गत राजस्थान के समस्त सरकारी विद्यालयों में संचालित विद्यालय सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प अभियान ने इस वर्ष एक ऐतिहासिक आयाम जोड़ा है। प्रदेश के 91.7 प्रतिशत राजकीय विद्यालयों में रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और दीपोत्सव के दौरान सभी विद्यालय पहली बार एकरूप रंगों और लाइटिंग से जगमगा उठे।इस अभियान का उद्देश्य दीपावली से पूर्व प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में रंगरोगन का कार्य पूर्ण कराना था। इसके लिए समस्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के लिए रंग योजना (कलर कोड) निर्धारित की गई तथा शासन सचिव के निर्देशन में और निदेशक के मार्गदर्शन में स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं कार्ययोजना जारी की गई। अभियान को मिशन मोड में क्रियान्वित करने के लिए निदेशालय के भवन अनुभाग द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया। सघन अनुश्रवण, दैनिक प्रगति समीक्षा और स्पष्ट जवाबदेही के माध्यम से यह कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पूरा किया गया।इस वर्ष अभियान में एक नई पहल भी जोड़ी गई — दीपोत्सव के दौरान राजस्थान के सभी सरकारी विद्यालयों को रोशनी से सजाने की ऐतिहासिक परंपरा की शुरुआत की गई। 18 अक्टूबर से पूरे प्रदेश के विद्यालयों में लाइटिंग की व्यवस्था प्रारंभ की गई, जो जो की संपूर्ण दीपोत्सव (23 अक्टूबर) तक लगातार जारी रही। इस अवधि में स्कूल परिसर जगमगाते रहे — ऐसा दृश्य प्रदेश के शिक्षा इतिहास में पहली बार देखने को मिला। विद्यालय अब केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि उत्सव और समुदाय के गौरव के प्रतीक बन गए।इस ऐतिहासिक उपलब्धि में बालोतरा और भरतपुर जिलों ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अन्य जिलों में कार्य अंतिम चरण में है और शेष विद्यालयों में रंगाई-पुताई एवं लाइटिंग कार्य 5 नवम्बर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अभियान ने विद्यालयों के भौतिक स्वरूप में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने के साथ-साथ समुदाय में शिक्षा के प्रति विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण को सुदृढ़ किया है।रंग योजना के अनुसार — प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में Coral Room (K243) हल्का रंग और Copper (0587) गहरा रंग उपयोग किया गया है। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में Coral Beach (7969) हल्का रंग और Copper (0587) गहरा रंग निर्धारित किया गया है। इस एकरूप रंग संयोजन ने विद्यालयों को एक साफ-सुथरी, आकर्षक और गरिमामय पहचान दी है।इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी जनभागीदारी रही। विद्यालय प्रबंधन समितियों, जनप्रतिनिधियों, समुदायों और स्वैच्छिक संगठनों ने सक्रिय सहयोग देकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया। मुख्यमंत्री की इस पहल ने शिक्षा के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की है।राजस्थान ने विद्यालय सौंदर्यीकरण और दीपोत्सव लाइटिंग के माध्यम से न केवल अपने विद्यालयों की सूरत बदली है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त मानक स्थापित किया है। _“इस दीपोत्सव पर राजस्थान के विद्यालय सिर्फ ज्ञान के मंदिर नहीं, बल्कि रोशनी के प्रतीक बनकर चमके।”

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्थायी समिति में डॉ. अश्विनी कुमार शर्मा की नियुक्ति

मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत भारत सरकार ने सौंपी अहम जिम्मेदारीनई दिल्ली। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने स्थायी समिति का गठन किया है। इस समिति में शिक्षा जगत की जानी-मानी हस्ती डॉ. अश्विनी कुमार शर्मा को सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भारत सरकार के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत की गई है, जो देशभर में शिक्षकों के प्रशिक्षण और गुणवत्ता सुधार से जुड़ा एक प्रमुख कार्यक्रम है।डॉ. शर्मा की नियुक्ति को शिक्षा क्षेत्र में एक सार्थक पहल माना जा रहा है। वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से नवाचार, अनुसंधान और शिक्षक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने में सक्रिय रहे हैं। उनका अनुभव यूजीसी की स्थायी समिति को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नीतिगत दिशा देने में सहायक होगा।मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्देश्य शिक्षकों में नई शिक्षण विधाओं, तकनीकी संसाधनों और शैक्षणिक कौशल का विकास करना है। इस मिशन के तहत राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षण की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।यूजीसी की इस समिति में डॉ. शर्मा की भूमिका नीति निर्माण, प्रशिक्षण सामग्री के विकास और विश्वविद्यालयों में शिक्षक विकास केंद्रों को सुदृढ़ करने पर केंद्रित रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में इस कार्यक्रम को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।डॉ. शर्मा की यह नियुक्ति देश के उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक प्रेरणादायक अध्याय जोड़ती है, जो न केवल संस्थागत गुणवत्ता को बढ़ाएगी बल्कि शिक्षकों के पेशेवर विकास की दिशा में भी एक सशक्त कदम साबित होगी।

एमसीसी ने  तृतीय आल इंडिया  तथा स्टेट कोटा काउंसलिंग 2025 का शेड्यूल पुनः बदला

राज्य स्तरीय तृतीय  राउंड  काउंसलिंग का भी प्रस्तावित शेड्यूल जारी एमसीसी ने  गुरुवार शाम को अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर एक नोटिस जारी करके आल इंडिया कोटे तथा सभी स्टेट कोटे की तृतीय राउंड काउंसलिंग का शेड्यूल को एक बार फिर से परिवर्तित किया है  ।एलन करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि एमसीसी द्वारा तृतीय राउंड का सीट अलॉटमेंट जारी किया जा चूका है तथा इसकी  कॉलेज रिपोर्टिंग डेट भी बढ़ा कर 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कर दी गयी है इसके पश्चात एमसीसी आल इंडिया कोटे से तृतीय राउंड तक के जॉइन्ड कैंडिडेट्स का डाटा राज्य स्तरीय काउंसलिंग बोर्ड्स को शेयर कर देगा  ।इसी के साथ अधिकांश राज्यों मे या तो तृतीय राउंड की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है या फिर कुछ राज्यों मे जारी है इसलिए अब इस परिवर्तित  शेड्यूल  के अनुसार अब संभवतः सभी राज्य स्तरीय काउंसलिंग का तृतीय राउंड काउन्सलिंग का  सीट अलॉटमेंट 1 नवंबर के बाद ही जारी किया जायेगा क्योंकि एमसीसी ने सभी राज्यों को अपनी राज्य स्तरीय तृतीय काउंसलिंग प्रक्रिया 1 नवंबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया है  ।पारिजात मिश्रा ने बताया कि  कैंडिडेट्स को इस रिपोर्टिंग हेतु तारीख बढ़ने की से राहत इसलिए मिली है क्योकि उन्हें दीपावली अवकाश होने के कारण  ट्रैन मे आरक्षण नहीं मिल पा रहा था और हवाई यात्रा किराया भी बहुत ज्यादा बढ़ गया था । एमसीसी द्वारा तृतीय राउंड द्वारा कॉलेज अलाॅटेड कैंडिडेट्स को अपना व्यक्तिगत अलॉटमेंट लेटर एमसीसी की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा जोकि कैंडिडेट पोर्टल पर उपलब्ध करवा दिया गया है । इसके बाद  उन्हें एमसीसी द्वारा जारी  रिवाइज्ड जोइनिंग शेड्यूल  के अनुसार  अपने अलाॅटेड कॉलेज पर  ओरिजिनल डाक्यूमेंट्स एवं फीस के साथ स्वयं उपस्थित होकर रिपोर्ट करना होगा।

पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री कुमावत से मिले आमजन

-जयपुर व सुमेरपुर आवास पर चला शुभकामनाएं देने का सिलसिलाजयपुर/सुमेरपुर। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर में लगातार तीन दिन तक अपने निज आवास पर आमजन से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दी। सुबह से शहर और सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों ने मंत्री  कुमावत से मुलाकात की। यह क्रम पूरे दिन जारी रहा। मंत्री  कुमावत ने शुभकामनाएं दी और कहा कि यह त्यौहार सभी के जीवन में नई खुशियां लाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन की सरकार आमजन के चेहरे पर मुस्कान ला रही है। सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों के लिए संबल बनी हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों तक इनकी जानकारी पहुंचाने का प्रयास करें। इसके बाद गुरुवार को मंत्री कुमावत से सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर आमजन ने मुलाकात की। इस दौरान प्रबुद्धजनों ने कुमावत का सम्मान भी किया। उल्लेखनीय है कि मंत्री कुमावत ने पिछले तीन दिन तक सुमेरपुर में आमजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया। गुरुवार को जयपुर में भी यह क्रम दिनभर चला। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

सरकार का फैसला जल संरक्षण के खिलाफ, टांका है थार की जीवन रेखा-अभिषेक चौधरी

जयपुर. कॉंग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने मनरेगा के तहत किसानों के खेतों में टांका निर्माण पर रोक लगाने के सरकार के आदेश पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह निर्णय राजस्थान जैसे जल-संकटग्रस्त राज्य के हितों के विपरीत है। दरअसल, 21 अक्टूबर को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से एक आदेश जारी किया गया, जिसके तहत मनरेगा की “अपना खेत, अपना काम” योजना में निजी कृषि भूमि पर टांका निर्माण पर रोक लगा दी गई है। विभाग का तर्क है कि यह कार्य मनरेगा के उद्देश्यों के अनुरूप नहीं है। अभिषेक चौधरी ने कहा कि यह निर्णय उन लाखों ग्रामीण परिवारों के लिए कठिनाई खड़ी करेगा जो जल संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान का अधिकांश हिस्सा हर साल भीषण गर्मी और जल संकट का सामना करता है, ऐसे में टांका निर्माण जैसी पारंपरिक जल संरचनाएं ग्रामीणों के जीवन का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि थार और शुष्क इलाकों में टांके केवल जल संग्रहण का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति और जीवनशैली का हिस्सा हैं। टांका निर्माण पर रोक लगाना न केवल किसानों की जरूरतों को नज़रअंदाज करना है, बल्कि जल संरक्षण के प्रयासों को भी कमजोर करना है। अभिषेक चौधरी ने कहा कि यदि सरकार को योजना में अनियमितताओं की चिंता है, तो उसे निगरानी तंत्र को मजबूत करना चाहिए, न कि ग्रामीणों की आजीविका और जल सुरक्षा से जुड़े कार्यों पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस आदेश को तुरंत वापस लिया जाए और टांका निर्माण जैसे पारंपरिक जल संरक्षण उपायों को मनरेगा के तहत जारी रखते हुए राजस्थान को जल संकट से उबारने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

प्रख्यात वायलिन वादक पद्मविभूषण डॉ एल सुब्रमण्यम को  दिया जाएगा  लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

सृजन द स्‍पार्क जयपुर चैप्‍टर  की ओर से  कविता कृष्णमूर्ति नाइट 25 कोजयपुर. सृजन द स्‍पार्क जयपुर चैप्‍टर  की ओर से शनिवार की शाम बिड़ला ऑडिटोरियम में कविता कृष्णमूर्ति नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर प्रसिद्ध  वायलिन वादक  पद्मविभूषण से सम्‍मानित डॉ एल सुब्रमण्यम को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया जाएगा । कविता कृष्णमूर्ति के साथ को-सिंगर चेतन राणा और जयपुर की युवा प्रतिभाएं उद्धव खंडेलवाल, हिमांगी छाबड़ा और हीरेन की ओर से संगीतमय प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा । सृजन द स्‍पार्क जयपुर चैप्‍टर के चेयरमैन राजेश नवलखा,अध्‍यक्ष सुरेश ढढ्डा , सचिव राजीव नागौरी ने बताया कि सृजन -द स्पार्क एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सांगीतिक और सांस्कृतिक संगठन है, जिसके संस्थापक मुख्य संरक्षक पूर्व आईपीएस  प्रसन्न खमेसरा हैं। इस संस्था के संरक्षक बनने का गौरव देश के कई प्रसिद्ध और प्रतिष्ठित कलाकारों को प्राप्त हुआ है, जिनमें  भजन सम्राट  अनूप जलोटा , गजल सम्राट स्‍व राजकुमार रिज़वी, उस्ताद अहमद हुसैन  – उस्ताद मोहम्मद हुसैन, बांसुरी वादक रोनू मजूमदार, मशहूर पर्कशनिस्ट अनंदम शिवमणि,  कवि एवं ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम  शैलेश लोढ़ा के नाम शामिल हैं। सृजन द स्‍पार्क जयपुर चैप्टर की ओर से भारत के ख्याति प्राप्त संगीतज्ञों एवं गायकों को “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” प्रदान किया जाता है, जिसमें नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह शामिल  है। यह पुरस्कार अब तक भजन सम्राट अनूप जलोटा,  गायक मनहर उधास, बांसुरी वादक  रोनू मजूमदार,पद्मभूषण विश्व मोहन भट्ट आदि को दिया जा चुका है ।पिछले 11 वर्षों में उदयपुर के साथ  जयपुर, हैदराबाद, दिल्ली, जोधपुर, झुंझुनूं, राजकोट, अहमदाबाद, चेन्नई, भीलवाड़ा और कोटा जैसे शहरों में   चैप्टर स्थापित हो चुके   हैं। संस्था ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी  यूके, कनाडा और अमेरिका में तीन चैप्टर स्थापित किए हैं , जो कि किसी भी भारतीय सांस्कृतिक संगठन के लिए एक मील का पत्थर है।सृजन – द स्पार्क अब तक लगभग 400 फेसबुक लाइव शो का आयोजन भी कर चुका है, जिसमें विश्व भर के नामचीन कलाकारों के साथ-साथ कई उभरते हुए भारतीय एवं विदेशी कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। सृजन का उद्देश्य सदैव भारतीय संगीत और संस्कृति को विश्व मंच पर पहुँचाना रहा है और यह यात्रा अनवरत जारी है।

शिक्षा सत्र 1 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित

मार्च 2026 में कोई भी प्रतियोगी चयन परीक्षा आयोजित नहीं हो- राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ  1 अप्रैल 2026 से नया शिक्षा सत्र 2026-27 प्रारंभ किया जाना लगभग निश्चित है। मार्च 2026 में सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित होगी।      मार्च में शिक्षक परीक्षा करवाने तथा उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन कर परिणाम तैयार करने में व्यस्त रहेंगे। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा का कहना है  कि मार्च 2026 में आयोग द्वारा किसी भी विभाग की प्रतियोगी चयन परीक्षा आयोजन नहीं करवाया जाना चाहिए। संगठन मुख्य महामंत्री महेंद्र पाण्डे ने बताया कि इस सम्बन्ध में संगठन द्वारा शासन सचिव सहित आरपीएससी एवं कर्मचारी चयन बोर्ड को पत्र लिखा गया है।

जयपुर में दिवाली की खुशी बनी दर्द की रात — पटाखों ने छीनी मासूमों की मुस्कान, SMS में 24 लोग भर्ती

पांच साल की बच्ची की तीन अंगुलियां उड़ीं, पाइप बम से बच्चे की आंख झुलसी; विशेषज्ञ बोले — लापरवाही और जिज्ञासा सबसे बड़ा खतरा जयपुर। रोशनी और उल्लास के त्योहार दिवाली की रात जयपुर में कई परिवारों के लिए दर्द और डर की रात बन गई। पटाखों से खेलने की लापरवाही ने न सिर्फ बच्चों को घायल किया बल्कि कई घरों की खुशियां भी छीन लीं।सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में सोमवार रात तक पटाखों से घायल 24 मरीजों को भर्ती किया गया, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। पटाखा हाथ में फटा — पांच साल की बच्ची की तीन उंगलियां गईं जयपुर के महेश नगर इलाके में पांच साल की एक बच्ची के हाथ में पटाखा जलाने के दौरान विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी तीन अंगुलियां पूरी तरह अलग हो गईं और हाथ गंभीर रूप से झुलस गया।परिजन तुरंत उसे SMS अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग में उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, हाथ का एक हिस्सा दोबारा जोड़ने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थिति नाजुक बनी हुई है। पाइप बम से 14 वर्षीय बच्चे की आंख झुलसी दूसरा बड़ा हादसा झोटवाड़ा इलाके में हुआ, जहां 14 वर्षीय बालक ने पाइप बम जैसी अवैध पटाखे की सामग्री में बारूद भरते समय आग पकड़ ली। धमाके से उसकी एक आंख बुरी तरह झुलस गई, जबकि आसपास मौजूद एक युवक की भी आंख में बारूद के कण चले गए। दोनों को SMS अस्पताल के नेत्र विभाग में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह के पाइप बम और प्रयोगात्मक पटाखे अत्यधिक खतरनाक होते हैं, जिनसे अक्सर स्थायी चोटें या अंग-भंग की स्थिति बन जाती है। SMS में पटाखों से घायल 24 मरीज भर्ती अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दिवाली के 24 घंटे के भीतर 24 से अधिक लोग पटाखों की चपेट में आए, जिनमें कई बच्चों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं।घायलों में हाथ और चेहरा झुलसने के कई मामले सामने आए हैं। अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड और बर्न यूनिट में अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि हर साल दिवाली पर ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं क्योंकि लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हैं और उत्साह में बच्चों को बिना निगरानी के पटाखे चलाने देते हैं। डॉक्टरों की अपील — बच्चों को अकेला न छोड़ें अस्पताल के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि पटाखे हमेशा खुले स्थान पर और वयस्कों की देखरेख में ही चलाएं।डॉक्टरों का कहना है कि हाथ में पकड़े पटाखे, बमनुमा पटाखे या बारूद से भरे प्रयोग बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हैं।उन्होंने बताया कि SMS में भर्ती कई मरीजों की चोटें ऐसी हैं जिनमें स्थायी विकलांगता का खतरा है। हर साल दोहराई जा रही वही गलती दिवाली से पहले प्रशासन और डॉक्टर लगातार सावधानी बरतने की अपील करते हैं, लेकिन हादसों के आंकड़े बताते हैं कि जागरूकता के बावजूद लोग लापरवाही नहीं छोड़ते।जयपुर में पिछले साल भी दिवाली के मौके पर 27 लोग पटाखों से घायल हुए थे, जिनमें से दो की आंखों की रोशनी चली गई थी। त्योहार की सीख — सुरक्षा भी है सबसे बड़ा उत्सव त्योहारों का मकसद खुशियां बांटना है, लेकिन एक छोटी सी गलती पूरी जिंदगी का दर्द दे सकती है।जयपुर की यह दिवाली फिर एक बार यह सबक दे गई कि रोशनी के साथ सुरक्षा की लौ जलाना भी उतना ही जरूरी है।  

ब्रज से जयपुर तक पहुंची अन्नकूट की परंपरा

हर मोहल्ले में महकता है नया अन्न, लोक और राजसी संस्कृति का जीवंत उत्सवजयपुर। दीपावली की जगमगाहट थमते ही जब गुलाबी नगरी की हवाओं में हल्की ठंडक घुलने लगती है, तब पूरा शहर अन्नकूट की सुगंध से महक उठता है। यह दिन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं, बल्कि जयपुर की राजसी परंपरा और लोकभक्ति का अनोखा उत्सव है — जहां नया अन्न, श्रद्धा, और शाही शान का सुंदर संगम देखने को मिलता है।अन्नकूट का पर्व जयपुर में आमेर रियासत के दौर से प्रचलित है। इतिहासकार देवेंद्र कुमार भगत बताते हैं कि जब दीपावली के बाद नया अनाज बाजार में आता था, तो उसकी खुशी में ब्रज क्षेत्र की परंपरा के अनुसार अन्नकूट मनाया जाता था। भरतपुर और जयपुर के बीच घनिष्ठ संबंधों के चलते यह लोक परंपरा गोवर्धन की 84 कोस परिक्रमा वाले क्षेत्र से आमेर होते हुए जयपुर तक आ गई।लोग अपने आंगनों में गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर पूजा करते हैं। जयपुर की स्थापना के साथ यह ब्रज परंपरा यहां के गौड़ीय वैष्णव मंदिरों—गोविंददेव, गोपीनाथ, राधा माधव—के माध्यम से शहर की संस्कृति का हिस्सा बन गई।सवाई जयसिंह ने दिया राजसी स्वरूपसवाई जयसिंह ने इस लोक-उत्सव को राजसी मान्यता दी। उन्होंने अन्नकूट महोत्सव को न केवल प्रोत्साहित किया, बल्कि मंदिरों और मोहल्लों में नए अन्न से बने व्यंजनों के आयोजन के लिए अनुदान भी दिया।हर मोहल्ले की अपनी अन्नकूट पहचान बनी—कहीं गट्टे की सब्जी प्रसिद्ध हुई तो कहीं कढ़ी-बाजरा या बाजरे की रोटी के साथ मीठा गुड़। उस दौर में जयपुर के 18 प्रमुख मोहल्लों में विशेष प्रसाद बनता था और ‘नगर प्रसाद’ की व्यवस्था राजपरिवार की देखरेख में होती थी।राजराजेश्वर महादेव मंदिर की अद्भुत परंपरासवाई रामसिंह द्वारा बनवाए गए राजराजेश्वर महादेव मंदिर का अन्नकूट आज भी प्रसिद्ध है। इस दिन भगवान शिव को राजसी वैभव से सजाया जाता था और पूरे शहर के लोग दर्शन के लिए उमड़ते थे।यह एकमात्र अवसर था जब आमजन को मंदिर में प्रवेश मिलता था। भगवान को नए अन्न से बने विविध व्यंजन अर्पित किए जाते थे और अन्नदान की परंपरा निभाई जाती थी, जो राजसी भक्ति की झलक दिखाती है।बांदरवाल दरवाजे से निकलती थी शाही सवारीअन्नकूट के दिन महाराज माधो सिंह स्वयं गौ पूजन करते और फिर ‘मार्गपाली’ की सवारी पर निकलते थे। यह शाही जुलूस सिटी पैलेस की ग्वालेरा डेयरी से आरंभ होकर सिरह ड्योढ़ी, माणक चौक और त्रिपोलिया गेट तक जाता था।सिरह ड्योढ़ी पर अशोक पत्तों की ‘बांदरवाल’ (बंदनवार) लगाई जाती थी—इसी वजह से इस द्वार को आज भी ‘बांदरवाल का दरवाजा’ कहा जाता है। जुलूस की शुरुआत और समापन दोनों स्थानों पर भगवान गणेश के दर्शन कर शुभारंभ किया जाता था।हर मोहल्ले में नगर-प्रसाद का आयोजनजयपुर के प्रत्येक मोहल्ले में अन्नकूट के दिन प्रसाद वितरण की परंपरा रही है। राजपरिवार द्वारा नियुक्त ‘नगर प्रसाद अधिकारी’ इस आयोजन की जिम्मेदारी संभालते थे। सवाई माधोसिंह के काल में यह आयोजन और भी व्यापक हो गया। वे निंबार्क संप्रदाय से जुड़े थे और अन्नदान व दान-दक्षिणा के लिए प्रसिद्ध रहे।शहर में उस समय शाम के ज्योणार (सांझ भोज) और प्रसादी का सिलसिला देर रात तक चलता रहता था।आज भी जीवित है परंपरा की लौसमय भले बदल गया हो, पर जयपुर की यह राजसी परंपरा आज भी जीवित है। गोवर्धन पूजा के दिन गोविंददेव, गोपीनाथ, और राधा माधव मंदिरों में वही पुरानी रौनक लौट आती है। राजराजेश्वर महादेव मंदिर में आज भी प्रसाद वितरण और अन्नदान का आयोजन होता है।अब देवस्थान विभाग भी इन आयोजनों का हिस्सा बन चुका है, जिससे परंपरा को नई ऊर्जा मिल रही है। जयपुर आज भी हर गोवर्धन पूजा पर उस पुरानी महक से भर उठता है — जहां हर मोहल्ला, हर रसोई और हर दिल में ‘नए अन्न की खुशबू’ बस जाती है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से गुरु चरण यात्रा से जुड़ने और पवित्र 'जोर साहिब' के दर्शन का आह्वान किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुरु चरण यात्रा के अवसर पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी की शाश्वत शिक्षाओं और आध्यात्मिक विरासत का स्मरण किया। उन्होंने सब से, विशेषकर यात्रा मार्ग के लोगों से इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लेने और पवित्र 'जोरे साहिब' के दर्शन करने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म-एक्स पर किए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने कहा: मैं कामना करता हूं कि गुरु चरण यात्रा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के महान आदर्शों के साथ हमारे जुड़ाव को और गहरा बनाएं। मैं यात्रा मार्ग के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे पवित्र 'जोर साहिब' के दर्शन करने अवश्य आएं।" “मेरी कामना है कि गुरु चरन यात्रा के साथ श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के महान आदर्शों से हमारा जुड़ाव और गहरा हो। यह यात्रा जहां-जहां से गुजरेगी, वहां के लोगों से मेरा आग्रह है कि वे पवित्र 'जोड़े साहिब' के दर्शन करने अवश्य आएं।”  

शिक्षा विभाग में उप प्रधानाचार्य के पद कम एवं प्रधानाचार्य के पद अधिक होने से पदोन्नति असंतुलन

प्रमोशन पिरामिड युक्ति युक्त बनाने के लिए उप प्रधानाचार्य पदों में बढ़ोतरी की जाएं  राज्य सरकार के विभागों में अधिक पदों में से कम पदों पर पदोन्नतियां करने का प्रावधान है। शिक्षा विभाग में व्याख्याता से उप प्रधानाचार्य तथा इससे प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नतियां होती है।   लेकिन प्रधानाचार्य पदों की संख्या अधिक एवं उप प्रधानाचार्य पदों की संख्या कम होने से पदोन्नति का पिरामिड युक्ति युक्त नहीं है।  विभाग में 3 अतिरिक्त निदेशक 18 संयुक्त निदेशक 67 उपनिदेशक 534 जिला शिक्षा अधिकारी 19252 प्रधानाचार्य 12404 उप प्रधानाचार्य 57194 व्याख्याता 126496 वरिष्ठ अध्यापक 275320 अध्यापक के पद हैं।  राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मुख्य महामंत्री महेंद्र पाण्डे ने बताया की बीकानेर निदेशालय, संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी, एससीईआरटी उदयपुर, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर, स्टेट ओपन सकूल जयपुर, स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर, समग्र शिक्षा, आरपीएससी अजमेर, कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर, उच्च अध्ययन शिक्षा संस्थान, डाइट में विविध नाम से व्याख्याता के पद आवंटित हैं। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा कहा कि सभी उच्च माध्यमिक विद्यालय में उप प्रधानाचार्य का एक पद स्वीकृत तथा सभी कार्यालयों व संस्थानों में स्वीकृत व्याख्याता पदों को उप प्रधानाचार्य पदों में अपग्रेड किया जाना समीचीन रहेगा ताकि पदोन्नति का पिरामिड युक्ति युक्त हो सके।

जगद्गुरु शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती पहुंचे मोती डूंगरी गणेश मंदिर

जयपुर। जगद्गुरु शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती बुधवार को मोती डूंगरी स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणपति की विशेष पूजा-अर्चना कर देशवासियों के कल्याण की कामना की। मंदिर पहुंचने पर महंत कैलाश शर्मा और अन्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया। जगद्गुरु ने कहा कि मोती डूंगरी गणेश मंदिर आस्था का केंद्र है और यहां आकर आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने मंदिर परिसर में दर्शन के बाद संक्षिप्त प्रवचन भी दिया, जिसमें धर्म, संस्कार और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। महंत कैलाश शर्मा ने मंदिर की पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना करवाई और उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने गुरुदेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

एमसीसी यू जी काउंसलिंग 2025: एमसीसी ऑल इंडिया नीट यूजी काउंसलिंग 2025  का तृतीय राउंड  प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट जारी

कोटा. आखिकार बीते 20 दिनों के लम्बे इंतज़ार के पश्चात मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2025 की रैंक्स द्वारा आल इंडिया कोटे की  तृतीय राउंड काउंसलिंग   का प्रोविजनल  सीट अलाॅटमेंट बुधवार दोपहर को जारी कर दिया। एमसीसी द्वारा प्रमुख संस्थान जैसे एम्स, जिपमेर ,सेन्ट्रल यूनिवर्सिटीज तथा ईएसआईसी मेडिकल काॅलेज ,अन्य अखिल भारतीय मेडिकल तथा डेंटल काॅलेज एवं चुनिंदा केंद्रीय नर्सिंग संस्थानों मे प्रवेश हेतु  काउंसलिंग संपन्न की गई।ऑल इंडिया 15 प्रतिशत कोटे में एमबीबीएस कोर्स के लिए जनरल कैटेगरी मे 26178, ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में 29997 ,ओबीसी कैटेगरी में 26231 ,एससी में 136392 ,एसटी में 162975 क्लोजिंग रैंक रही।इसी प्रकार अन्य एम्स संस्थानों  में जनरल कैटेगरी मे 7143 ,ईडब्ल्यूएस मे 12057,ओबीसी मे 8617,एससी मे 51471,एवं एसटी कैटेगरी में 70969 क्लोजिंग रैंक रही। एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि इसी प्रकार एक अन्य केंद्रीय संस्थान, जिप्मेर पांडिचेरी तथा कराईकल मे जनरल कैटेगरी मे 5731,ईडब्ल्यूएस मे 8126,ओबीसी मे 7700,एससी मे 46346 ,एवं एसटी कैटेगरी में 71488 क्लोजिंग रैंक रही। इसी प्रकार 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटे की बीडीएस सीटों में जनरल कैटेगरी मे  49462, ईडब्ल्यूएस मे 60380, ओबीसी मे 51192, एससी मे 187809 एवं एसटी कैटेगरी में 241599 क्लोजिंग रैंक रही। डीम्ड यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध मेडिकल कॉलेज की  903723  क्लोजिंग रैंक  तथा डेंटल कॉलेज की 766013 क्लोजिंग रैंक रही  राजस्थान राज्य - पहली बार आल इंडिया काउंसलिंग प्रक्रिया मे शामिल राजस्थान का ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज जयपुर को भी कैंडिडेट्स ने प्रमुखता दी तथा इसकी आल इंडिया कोटे मे क्लोजिंग रैंक जनरल कैटेगरी मे 6481 ओबीसी मे 8056, एवं एससी मे 71773  क्लोजिंग रैंक रही। कॉलेज रिपोर्टिंग हेतु कैंडिडेट की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी  मिश्रा ने बताया कॉलेज अलाॅटेड कैंडिडेट्स को अपना व्यक्तिगत अलॉटमेंट लेटर एमसीसी की वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा जोकि कैंडिडेट पोर्टल पर उपलब्ध होगा । इसके बाद  उन्हें एमसीसी द्वारा जारी  रिवाइज्ड जोइनिंग शेड्यूल  के अनुसार  अपने अलाॅटेड कॉलेज पर  आॅरिजनल डाक्यूमेंट्स एवं फीस के साथ स्वयं उपस्थित होकर रिपोर्ट करना होगा। चूंकि यह एमसीसी का तृतीय राउंड काउंसलिंग है ,ऐसे कैंडिडेट्स  जिन्हे प्रथम बार इस काउन्सलिंग से कॉलेज अलॉट हुआ है और वे अपने अलॉटेड कॉलेज से संतुष्ट नहीं है और वे उसे फाइनली ज्वाइन नहीं करना चाहते है तो वे  एग्जिट विथ फॉरफिटर ऑफ़ सिक्योरिटी डिपाजिट के विकल्प का उपयोग कर सकते है , ऐसे मे उनके द्वारा  जमा की गयी सिक्योरिटी डिपाजिट जब्त हो जाएगी , साथ ही मे ऐसे कैंडिडेट अब आल इंडिया काउन्सलिंग की पात्रता से भी बाहर हो जायेंगे ।मिश्रा ने बताया कि ऐसे कैंडिडेट जो अपने तृतीय राउंड काउन्सलिंग द्वारा अलॉटेड कॉलेज से सतुष्ट है वे उस कॉलेज मे जाकर अपनी एडमिशन प्रक्रिया को पूर्ण कर सकते है इस हेतु उन्हें अपने सब ओरिजिनल डाक्यूमेंट्स ,यथोचित कॉलेज फीस भी डिपाजिट करनी होगी साथ ही मे  ऐसे कैंडिडेट जिन्होंने तृतीय राउंड से अलॉटेड कॉलेज मे एक बार एडमिशन ले लिया है वे अब अग्रिम किसी भी आल इंडिया तथा स्टेट कोटे काउंसलिंग राउंड्स मे सम्मिलित होने की  पात्रता नहीं रख पाएंगे ।

राजस्थान के शिक्षा विभाग के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना

— आंगनवाड़ी केंद्रों की सह-स्थापना को लेकर शिक्षा मंत्रालय की बैठकजयपुर। समग्र शिक्षा के अंतर्गत बाल्यावस्था शिक्षा और औपचारिक स्कूली शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का एजेंडा विद्यालयों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों की सह-स्थापना के दिशा-निर्देशों के प्रभावी कार्यान्वयन एवं इस दिशा में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों पर केंद्रित रहा।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में राजस्थान शिक्षा विभाग की ओर से शासन सचिव स्कूल शिक्षा  कृष्ण कुणाल और अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (प्रथम) श्रीमती सीमा शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ECE) को औपचारिक स्कूली शिक्षा के साथ एकीकृत करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों को विद्यालय परिसर में भौतिक रूप से सह-स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि प्री-स्कूल से ग्रेड 1 तक के बच्चों को एक सुगम, समग्र और निरंतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। वीसी के दौरान कुणाल ने बताया कि आंगनवाड़ी में जारी हॉलेस्टिक कार्ड के डेटा के उपयोग से विद्यालयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी लिविंग सर्टिफिकेट की उपलब्धता के कारण विद्यालय में प्रवेश के लिए किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होती, जिससे इस वर्ष प्री-कक्षाओं में नामांकन पिछले वर्ष की तुलना में 98 हजार से 1 लाख बच्चों तक बढ़ा है। राजस्थान की इस पहल की भारत सरकार के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने विशेष सराहना की। बैठक के बाद कुणाल ने इस दिशा में कार्य को और सशक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।