Language Settings

Filters

Channels
Topics
Other Filters

प्रधानमंत्री आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से भाग लेंगे

प्रधानमंत्री ने मलेशिया के प्रधानमंत्री से बातचीत की और उन्हें आसियान की अध्यक्षता मिलने पर बधाई दी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण बातचीत की। मोदी ने परस्‍पर बातचीत के दौरान मलेशिया द्वारा आसियान की अध्यक्षता ग्रहण करने पर प्रधानमंत्री इब्राहिम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने मलेशिया के नेतृत्व में आगामी आसियान-संबंधी शिखर सम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल होने की अपनी रुचि भी व्यक्त की और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। मोदी ने एक्‍स पर एक पोस्ट में कहा: "मेरे प्रिय मित्र, मलेशिया के प्रधानमंत्री श्री अनवर इब्राहिम के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। मलेशिया की आसियान अध्यक्षता के लिए उन्हें बधाई दी और आगामी शिखर सम्मेलनों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। मैं आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल होने और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए उत्सुक हूं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भाई दूज पर सभी को शुभकामनाएं दीं

  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भाई दूज के पावन अवसर पर देश भर के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।  मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा: “आप सभी को भाई दूज की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भाई-बहन के आपसी प्रेम और विश्वास का यह प्रतीक-पर्व हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए। इस रिश्ते की डोर को एक नई मजबूती मिले, यही कामना है।”

विज्ञान में अनुसंधान, युवा सहभागिता और वैश्विक साझेदारियों पर ध्यान केंद्रित करें: उपराष्ट्रपति

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर देश की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति की जानकारी दी उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने वैश्विक नवाचार में भारत की प्रगति और अग्रणी प्रौद्योगिकियों में सफलताओं की सराहना की केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (स्वतंत्र प्रभार)तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संसद भवन में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को बैठक के दौरान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार, प्रौद्योगिकी विकास और व्यावसायीकरण, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा प्रणालियों में प्रगति के साथ-साथ मौसम संबंधी सेवाओं, जलवायु और महासागर अध्ययन और आपदा जोखिम न्यूनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्रालयों की प्रमुख पहलों और चल रहे कार्यक्रमों से अवगत कराया गया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने देश के नवाचार-संचालित वैज्ञानिक इको-सिस्टम को मज़बूत करने और अग्रणी प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान को आगे बढ़ाने में मंत्रालयों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने वैश्विक नवाचार सूचकांक 2025 में भारत के 2015 के 81वें स्थान से 38वें स्थान पर पहुंचने की सराहना की, और पेटेंट, वैज्ञानिक प्रकाशनों और प्रौद्योगिकी-संचालित विकास में हुई वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने वैक्सीन विकास, भारतजेनएआई लार्ज लैंग्वेज मॉडल और क्वांटम कंप्यूटिंग में देश की सफलताओं की सराहना की। उन्होंने जैव-प्रौद्योगिकी अनुसंधान के महत्व, युवाओं को वैज्ञानिक करियर अपनाने के लिए प्रेरित करने और उद्योगों के साथ सहयोग बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया। मौसम पूर्वानुमान में तेज़ी से हो रहे सुधारों और भारत की नीली अर्थव्यवस्था की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने निरंतर वैश्विक साझेदारियों का आह्वान किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भारत वैज्ञानिक प्रगति में अग्रणी बना रहे।  

श्री नारायण गुरु का एकता का संदेश हमें याद दिलाता है कि सभी मनुष्यों में एक ही दिव्य सार है: राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज शिवगिरी मठ, वर्कला, केरल में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि श्री नारायण गुरु भारत के महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक और समाज सुधारकों में से एक थे। उन्होंने कहा कि वे एक संत और दार्शनिक थे जिन्होंने हमारे देश के सामाजिक और आध्यात्मिक परिदृश्य को प्रभावित किया। उन्होंने पीढ़ियों को समानता, एकता और मानवता के प्रति प्रेम के आदर्शों में विश्वास करने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि 19वीं शताब्दी में हुए अखिल भारतीय पुनर्जागरण के अग्रणी हस्तियों में से एक श्री नारायण गुरु ने अपना जीवन लोगों को अज्ञानता और अंधविश्वास के अंधकार से मुक्ति दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। वे समस्त अस्तित्व की एकता में विश्वास करते थे। श्रीमती मुर्मु ने बताया कि श्री नारायण गुरु प्रत्येक जीव में ईश्वर की दिव्य उपस्थिति देखते थे और उन्होंने "एक जाति, एक धर्म, पूरी मानव जाति के लिए एक ईश्वर" का शक्तिशाली संदेश दिया। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उनकी शिक्षाएं धर्म, जाति और पंथ की सीमाओं से परे थीं। उनका मानना ​​था कि वास्तविक मुक्ति ज्ञान और करुणा से आती है, अंधविश्वास से नहीं। श्री नारायण गुरु ने हमेशा आत्म-शुद्धि, सरलता और सार्वभौमिक प्रेम पर ज़ोर दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित मंदिर, विद्यालय और सामाजिक संस्थाएं उत्पीड़ित समुदायों के बीच साक्षरता, आत्मनिर्भरता और नैतिक मूल्य बढ़ाने के केंद्र बने। मलयालम, संस्कृत और तमिल में उनके छंदों में सरलता के साथ गहन दार्शनिक समझ का मिश्रण था। उनकी रचनाएं मानव जीवन और आध्यात्मिकता की उनकी गहन समझ को दर्शाती हैं । राष्ट्रपति ने इस बात पर ज़ोर दिया कि आज की दुनिया में, श्री नारायण गुरु का संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। उन्होंने कहा कि एकता, समानता और परस्पर सम्मान का उनका आह्वान मानवता के सामने आने वाले संघर्षों का एक शाश्वत समाधान प्रस्तुत करता है। राष्ट्रपति ने कहा कि श्री नारायण गुरु का एकता का संदेश हमें याद दिलाता है कि सभी मनुष्यों में एक ही दिव्य सार है।  

शिक्षा का प्रकाश व्यक्तिगत और सामूहिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति‍ ने पलाई के सेंट थॉमस कॉलेज के प्लैटिनम जुबली समारोह के समापन समारोह में शिरकत की साक्षरता, शिक्षा और ज्ञान की शक्ति ने केरल को मानव विकास के कई मापदंडों पर अग्रणी राज्यों में शामिल होने में सक्षम बनाया है  राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (23 अक्टूबर, 2025) केरल के पलाई में सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा ही विकास और प्रगति के अवसरों को तलाशने की कुंजी है। उन्होंने कहा कि सेंट थॉमस कॉलेज की स्थापना मुख्यतः ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। राष्ट्रपति ने यह जानकर प्रसन्नता व्यक्त की कि यह कॉलेज पिछले 75 वर्षों से इस प्रशंसनीय उद्देश्य की पूर्ति कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि सेंट थॉमस कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थान ऐसी कार्यशालाएं हैं जहां भविष्य गढ़े जाते हैं। उन्होंने समग्र शिक्षा और सामाजिक न्याय पर इसके ज़ोर के साथ-साथ कॉलेज द्वारा सततता और समावेशिता के मूल्यों को बढ़ावा देने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि यह कॉलेज नैतिक मूल्यों के साथ बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि 21 वीं सदी को 'ज्ञान की सदी' के रूप में वर्णित किया जाता है। नवाचार को बढ़ावा देने वाला ज्ञान समाज को आगे बढ़ाता है और उसे आत्मनिर्भर बनाता है। साक्षरता, शिक्षा और ज्ञान की शक्ति ने केरल को मानव विकास के कई मापदंडों पर अग्रणी राज्यों में शामिल होने में सक्षम बनाया है। कोट्टायम के बारे में बात करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इस शहर ने सामाजिक और शैक्षिक परिवर्तनों के गौरवशाली अध्याय देखे हैं। अस्पृश्यता उन्मूलन का महान आंदोलन, जिसे 'वायकोम सत्याग्रह' के नाम से जाना जाता है, सौ साल पहले कोट्टायम में हुआ था। इसे 'अक्षर-नगरी' के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि यह साक्षरता और शिक्षा का एक स्रोत रहा है। 'साक्षर केरलम' आंदोलन को इस क्षेत्र के लोगों द्वारा निभाई गई बहुत सक्रिय भूमिका वाले प्रयासों से मजबूती मिली। पुस्तकालय आंदोलन के माध्यम से सीखने को बढ़ावा देने की पी.एन. पणिक्कर की महान पहल 'वायचु वलारुगा' के एक बहुत ही सरल लेकिन शक्तिशाली संदेश से प्रेरित थी, जिसका अर्थ है 'पढ़ो और बढ़ो'।   राष्ट्रपति ने रेखांकित किया कि शिक्षा का प्रकाश व्यक्तिगत और सामूहिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने शिक्षा का प्रकाश फैलाने में सेंट थॉमस कॉलेज के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेंट थॉमस कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना जारी रखेगा और इस प्रकार 2047 तक एक अधिक न्यायसंगत समाज और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा।  

कार्तिक स्नान एवं छठ पूजन पर मंदिर ठिकाना गलता जी परिसर में आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने दुरुस्त किये इंतजाम

- जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी - अतिरिक्त जिला कलक्टर सहित अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा कार्तिक स्नान एवं छट पूजन के लिए मंदिर ठिकाना गलता जी के मंदिरों में जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त की हैं। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी कार्तिक स्नान एवं छठ पूजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आयोजन से जुड़े सभी इंतजामों के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक होने वाले आयोजन की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री आशीष कुमार के नेतृत्व में नगर निगम, देवस्थान विभाग सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।जिला कलक्टर डॉ जितेंद्र कुमार सोनी ने आयोजन के लिए उपखण्ड अधिकारी जयपुर प्रथम एवं उपखंड अधिकारी जयपुर उत्तर को समग्र प्रभारी और तहसीलदार जयपुर को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन्हें सभी विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं।नगर निगम के अधिकारियों को परिसर एवं आस-पास के क्षेत्र में साफ-सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था करने, फायर ब्रिगेड की मय प्रशिक्षित स्टाफ तैनाती करने, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेटिंग की व्यवस्था करने, अतिक्रमण हटाने, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं, पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर को भीड़ नियंत्रण करने के लिए अस्थाई नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने एवं उनकी जांच करने करने के निर्देश दिये गए हैं।वहीं, यातायात पुलिस उपायुक्त को मेले परिसर में वाहनों की समुचित पार्किंग एवं सुगम यातायात के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने, मेला परिसर की पार्किंग में लावारिस वाहनों एवं संदिग्ध वस्तुओं की जांच करने के निर्देश दिये गए हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम एवं द्वितीय को मेला समाप्ति तक मेला परिसर में आवश्यकतानुसार चिकित्सा वाहन उपलब्ध करवाने, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ के साथ-साथ आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिये हैं। वहीं, अधीक्षण अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खुले तारों एवं विद्युत बॉक्स को दुरूस्त करवाने एवं अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति हेतु टैंकरों की व्यवस्था सहित संबंधित व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए निर्देशित किया गया है।इसके अतिरिक्त उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग को भी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अंता विधानसभा उपचुनाव - 2025, जनरल ऑब्जर्वर सुभाश्री नंदा ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

जयपुर। अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जनरल ऑब्जर्वर सुभाश्री नंदा ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प, शेड, व्हीलचेयर तथा प्रतीक्षा स्थल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। नंदा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी मतदाताओं को मतदान के दिन बेहतर सुविधा एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।जनरल ऑब्जर्वर ने विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला मतदाताओं के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि 11 नवम्बर को मतदान दिवस के दिन उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अंता हवाई सिंह यादव, लाइजनिंग ऑफिसर एवं सहायक निदेशक जूही अग्रवाल, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंता विधानसभा उपचुनाव - 2025, एक अभ्यर्थी का नामांकन पत्र खारिज, 20 उम्मीदवार मैदान में

जयपुर। अंता विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव 2025 के तहत गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रक्रिया पूरी की गई है। कुल 21 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए थे। संवीक्षा के दौरान उर्मिला जैन (आईएनसी) का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। इसके बाद अब कुल 20 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार नाम वापसी की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए 11 नवम्बर को मतदान दिवस है।

पचपदरा विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन — विधायक डॉ. अरुण चौधरी एवं मंत्री मदन दिलावर ने युवा खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

जयपुर। पचपदरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कल्याणपुर मंडल क्षेत्र के दौरे के दौरान आयोजित “सांसद खेलकूद प्रतियोगिता – मंडल स्तरीय कार्यक्रम” में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज्य मंत्री श्री मदन दिलावर ने विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक वृहद् बनाया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि –“ग्राम्य अंचलों की प्रतिभाएँ यदि उचित मार्गदर्शन और मंच प्राप्त करें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं। राज्य सरकार द्वारा खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने हेतु अनेक योजनाएँ क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनका लाभ क्षेत्रीय युवाओं को मिलेगा।” शिक्षा मंत्री  मदन दिलावर ने भी युवाओं को खेलों के माध्यम से अनुशासन, परिश्रम और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि –“खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं।”कार्यक्रम के दौरान विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा भविष्य में उन्हें बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी प्रदान किया गया।विधायक डॉ. चौधरी ने कहा कि पचपदरा विधानसभा क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह और ऊर्जा को देखकर यह स्पष्ट होता है कि यहाँ की युवा पीढ़ी नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूर्णतया तैयार है। क्षेत्र के विकास के साथ-साथ खेल सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी जाएगी।अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

विकसित राजस्थान @ 2047 विजन डॉक्यूमेंट — वर्ष 2047 तक राजस्थान बनेगा विकसित राज्य

— विकसित देशों की तर्ज पर सुविधाओं का किया जाएगा विस्तार — समावेशी विकास से 4.3 ट्रिलियन डॉलर की बनेगी अर्थव्यवस्था  जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया है। उनके इस लक्ष्य में अपना योगदान देने की दिशा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित राजस्थान/2047 के संकल्प को लेकर कार्य कर रही है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित राजस्थान/2047 विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। युवा, महिला, किसान और गरीब को केन्द्र में रखते हुए यह दस्तावेज विकसित भारत/2047 की आंकाक्षाओं के अनुरूप राजस्थान का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करेगा। गत अगस्त माह में सम्पन्न हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस विजन डॉक्यूमेंट का अनुमोदन भी कर दिया गया है।कृषि, उद्योग, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा बनेंगे विकास का प्रमुख आधार —विजन डॉक्यूमेंट में कृषि, उद्योग, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को प्रमुख आधार बनाते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर बनाने की परिकल्पना की गई है। इस प्लान के मुताबिक प्रदेश में विकसित देशों की तर्ज पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही, शत-प्रतिशत साक्षरता, सुलभ स्वास्थ्य, सतत जल प्रबंधन, स्मार्ट शहरीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं युवा व महिला सशक्तीकरण के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार ने वर्ष 2047 के दूरगामी लक्ष्य को हासिल करने के लिए चरणबद्ध रूप से विकास की रूपरेखा बनाई है। इसके लिए वर्ष 2030, 2035 और 2040 के मध्यावधि लक्ष्य भी तय किए गए हैं। इस प्रकार विभिन्न चरणों में आकार लेते हुए राज्य के विकास की तस्वीर पूर्ण होगी।4 थीम और 13 सेक्टर्स पर आधारित है विजन डॉक्यूमेंट —विकास के इस दस्तावेज को प्रमुख रूप से 4 थीम्स और 13 सेक्टर्स में बांटा गया है। पहली थीम जन कल्याण एवं सामाजिक सशक्तीकरण पर आधारित है, जिसमें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण को शामिल किया गया है। दूसरी थीम त्वरित विकास, समृद्धि एवं रोजगार सृजन पर आधारित है, जिसमें उद्योग, खनन व आर्थिक वृद्धि के साथ ही, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास को जोड़ा गया है।डॉक्यूमेंट की तीसरी थीम भविष्य उन्मुख राजस्थान, आधारभूत अवसंरचना और सतत विकास पर आधारित है। इसमें आधारभूत विकास, जल सुरक्षा एवं अनुकूलता तथा पर्यावरण स्थायित्व व जलवायु अनुकूलता जैसे सेक्टर्स को समाहित किया गया है। इसका चौथा विषय नीति, वित्त और शासन के विजन को समेटे हुए हैं, जिसमें ग्रामीण और शहरी विकास, प्रभावी शासन व्यवस्था, सार्वजनिक सेवाएं और वित्तीय प्रबंधन व आर्थिक नीति को जोड़ा गया है।विकसित देशों के पैरामीटर्स पर तय किए विकास लक्ष्य —विजन डॉक्यूमेंट में राज्य के विकास लक्ष्य का आधार दुनिया के विकसित देशों के विभिन्न क्षेत्रों में हासिल पैरामीटर्स को माना गया है। उदाहरण के लिए जर्मनी का क्षेत्रफल और वहां की जनसंख्या राजस्थान के लगभग बराबर है। यदि जर्मनी के सकल राज्य मूल्य वर्धन में विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी देखी जाए तो 2024 में वहां यह 19.7 प्रतिशत रही। राजस्थान ने भी वर्ष 2047 तक आर्थिक विकास को और अधिक गति देने के लिए राज्य के सकल राज्य मूल्य वर्धन में विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र की बात करें तो राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक प्रदेश के नागरिकों की जीवन प्रत्याशा 77 वर्ष तक पहुंचाना और शिशु मृत्यु दर प्रति 1 हजार शिशुओं पर 10 से नीचे लेकर आना है। इसी प्रकार शिक्षा प्रणाली को आधुनिक रूप देते हुए राज्य के प्रत्येक स्कूल में 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और विद्यालय को कम्प्यूटर युक्त स्मार्ट विद्यालय में विकसित करना है।कार्यस्थलों पर महिलाओं की भागीदारी की जाएगी 60 प्रतिशत से अधिक —राज्य सरकार सामाजिक सशक्तीकरण एवं समावेशन के लिए महिलाओं, युवाओं एवं वंचित समुदायों पर केन्द्रित नीतियों को आधार बनाते हुए राज्य को सामाजिक रूप से सशक्त राज्य बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर महिलाएं भी राज्य के विकास में अपना योगदान दे सकें, इसके लिए कार्यस्थलों पर महिलाओं की भागीदारी 60 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य तय किया गया है। राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार हमारी प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के साथ ही, प्रदेश को वैश्विक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्य कर रही है। सरकार की मंशा है कि देश में पर्यटकों के आवागमन में राज्य की भागीदारी 15 प्रतिशत कर राजस्थान को पर्यटन क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाए।इन सभी लक्ष्यों के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों द्वारा कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्ययोजना का वित्तीय आवश्यकताओं के अनुसार हर वर्ष आंकलन किया जाएगा और सतत मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन कर फ्रेमवर्क तैयार किया जाएगा। इससे हर विभाग की तय लक्ष्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित होगी और विकास कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैरों सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित की

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को विद्याधर नगर स्थित स्मृति स्थल पहुंचकर पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भैरों सिंह शेखावत की जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।शर्मा ने इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि स्व. शेखावत ने राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत होकर देश व प्रदेश की मजबूती और जनसेवा के माध्यम से गरीब के उत्थान का कार्य किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरित होकर राजस्थान में अंत्योदय योजना के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सहारा देकर आगे बढ़ाने का काम किया था। साथ ही, महात्मा गांधी एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को भी आगे बढ़ाया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, सांसद मदन राठौड़, श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का आयोजन 27 अक्टूबर से

मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एम.एन.आई.टी.) जयपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का आयोजन 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) द्वारा जारी परिपत्र के अनुरूप किया जा रहा है। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती (31 अक्टूबर) के अवसर के साथ संयोजित है तथा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करने के हमारे सामूहिक संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का प्रतीक है।इस वर्ष का विषय है:“सतर्कताः हमारी साझा जिम्मेदारी” / “Vigilance: Our Shared Responsibility”इस अवसर पर संस्थान में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के मध्य जागरूकता बढ़ाने तथा नैतिक आचरण और सुशासन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।सप्ताह के दौरान निम्नलिखित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:1. सभी कर्मचारियों द्वारा केंद्रीय सतर्कता आयोग की वेबसाइट पर ई-प्रतिज्ञा (Integrity E-Pledge) लेना।2. उद्घाटन समारोह द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ।3. हिन्दी एवं अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन।4. रचनात्मक प्रतियोगिताएँ, जिनमें –(a) नारा एवं कार्टून प्रतियोगिता(b) चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता शामिल हैं।5. सतर्कता जागरूकता विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता।6. विषय “सतर्कताः हमारी साझा जिम्मेदारी” पर पैनल चर्चा, तत्पश्चात समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण।इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संस्थान के सभी सदस्यों में सतर्कता और ईमानदारी की संस्कृति को सुदृढ़ करना है, ताकि यह संदेश स्थापित हो कि सतर्कता केवल संस्थागत दायित्व नहीं, बल्कि हमारी साझा सामाजिक जिम्मेदारी है।

राजस्थान के विविध पर्यटन स्थलों पर 19 महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती

जयपुर। उप मुख्य मंत्री (पर्यटन) दिया कुमारी द्वारा महिला पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता हेतु पर्यटक स्थलों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के लिए दिए गए निर्देशों की अनुपालना में राजस्थान के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर 19 महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव ने बताया कि राज्य के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर पर्यटक सहायता बल(टैफ) में महिला सुरक्षा कर्मियों कर्मियों को तैनात किया गया है। जिसमें सहेलियो की बाडी एवं सज्जनगढ़ उदयपुर-2, जैसलमेर किला 2 एवं आमेर-2, जलमहल-2. हवामहल एवं जंतर मंतर-2 अलबर्ट हॉल-2, रेलवे स्टेशन-2, बिड़ला मंदिर-1 सहित जयपुर में 15 सहित कुल 19 महिला कर्मियों को तैनात किया गया है।

राष्ट्रीय पोषण माह 2025 में राजस्थान को मिला दूसरा स्थान

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राष्ट्रीय पोषण माह 2025 में राजस्थान के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दी बधाईजयपुर। उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी के निर्देशन में राजस्थान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर महिला एवं बाल विकास की विभिन्न योजनाओं में लगतार बेहतरीन प्रदर्शन किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा में नम्बर वन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पभी नम्बर वन रहने के बाद और राष्ट्रीय पोषण माह 2024 के चौथे स्थान के पिछले प्रदर्शन को और बेहतर प्रदर्शन करते हुए इस बार (17 सितम्बर से 16 अक्टूबर 2025) राष्ट्रीय पोषण माह 2025 में राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महिला एवं बाल विकास विभाग (निदेशालय समेकित बाल विकास सेवाएं) को बधाई दी है। महिला एवं बाल विकास शासन सचिव महेन्द्र सोनी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभावी रणनीति, जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों, तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की निष्ठा व समर्पण का परिणाम हैमहेन्द्र सोनी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रवार रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान ने इस माह के लिए निर्धारित 81,01,730 लक्ष्यों के मुकाबले 88,93,346 उपलब्धियाँ दर्ज की हैं, जिससे राज्य की कुल उपलब्धि दर 114.12 प्रतिशत रही। उन्होंने बताया कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से राजस्थान ने अपने 41 जिलों और 62,321 आंगनबाड़ी केंद्रों के सहयोग से पोषण माह को एक जनआंदोलन के रूप में सफल बनाया है। राष्ट्रीय स्तर पर गुजरात 115.74 प्रतिशत के साथ प्रथम, राजस्थान 114.12 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ 108.30 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर है।राज्यभर में विविध गतिविधियों का आयोजननिदेशक आईसीडीएस वासुदेव मालावत ने यह संकल्प दोहराया कि आने वाले महीनों में भी पोषण से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि राजस्थान कुपोषण मुक्त राज्य बनकर देश के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर सके।पोषण माह 2025 के दौरान राजस्थान के विभिन्न जिलों में जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, गृह भ्रमण, पौष्टिक आहार वितरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य परामर्श, और “सुपोषित राजस्थान” के लक्ष्य को साकार करने हेतु अनेक अभिनव गतिविधियाँ आयोजित की गईं।पोषण माह 2025 की प्रमुख थीम्स के अनुरूप राज्यभर में विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें शामिल हैं —• मोटापे की समस्या का समाधान• चीनी और तेल का सेवन कम करना• प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ECCE)• शिशु और छोटे बच्चों के आहार के तरीके (IYCF)पोषण में पुरुषों की भागीदारइसे बढ़ावा देना'वोकल फॉर लोकल' और डिजिटलीकरण पर विशेष जोरमहिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्थान सरकार ने इस सफलता में योगदान देने वाले सभी जिला अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा सहयोगियों और स्थानीय समुदायों के प्रति आभार व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि यह उपलब्धि "सुपोषित भारत, स्वस्थ भारत" के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।17 अक्टूबर 2025 तक प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर राजस्थान के शीर्ष पाँच जिले निम्नलिखित हैं —1. जोधपुर – कुल प्रविष्टियाँ: 3,37,0812. कोटा – कुल प्रविष्टियाँ: 2,19,0283. बीकानेर – कुल प्रविष्टियाँ: 2,54,2434. चूरू – कुल प्रविष्टियाँ: 2,81,5335. हनुमानगढ़ – कुल प्रविष्टियाँ: 2,07,081इन जिलों ने न केवल निर्धारित लक्ष्यों को पार किया बल्कि सामुदायिक सहभागिता और नवाचार के माध्यम से पोषण माह को जन-जन तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाई। उदाहरणस्वरूप, जोधपुर जिले ने 134.98 प्रतिशत उपलब्धि दर के साथ राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त पर है, जबकि कोटा, बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ ने भी 125 प्रतिशत से अधिक की उपलब्धि दर्ज की है।

राष्ट्र के लिए विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास शिक्षा के मंदिरों में ही संभव है— मदन दिलावर

बालोतरा में आदर्श विद्या मंदिर सिणधरी का नवनिर्मित भवन लोकार्पित, भव्य लोकार्पण एवं भामाशाह सम्मान समारोह आयोजितबालोतरा जिले के सिणधरी स्थित विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर में आज नवनिर्मित भवन का लोकार्पण संतो के सानिध्य में बड़े धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में लोकार्पण एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, उद्योग राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई, एवं विधायक हमीर सिंह भायल उपस्थित रहे।समारोह में भामाशाह समन्द्र सिंह नौसर सहित संस्थान को सहयोग देने वाले अन्य भामाशाहों को श्रीराम चित्र और श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि “राष्ट्र के लिए विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास शिक्षा के मंदिरों में ही संभव है।” उन्होंने राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारों को लेकर विस्तार से चर्चा की और कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को संस्कारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना का केंद्र हैं। कार्यक्रम में संत-महात्माओं ने भी आशीर्वचन दिए और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सेवा और संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी।