Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    कृषि महाविद्यालय सुमेरपुर में ‘हरित्मा 2026’ का भव्य आयोजन • कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

    1 hour ago

    सुमेरपुर। कृषि महाविद्यालय, सुमेरपुर में तृतीय वार्षिकोत्सव समारोह ‘हरित्मा 2026’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में स्थानीय विधायक तथा प्रदेश के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन और छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक वंदना से हुई।

    समारोह के दौरान मंत्री श्री कुमावत ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसमें एम.एससी. हॉर्टिकल्चर (फ्रूट साइंस) सहित बी.एससी. कृषि विज्ञान के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्रों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए गए।

    शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी कॉलेज का दबदबा देखने को मिला। विश्वविद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 23 पदक अपनी झोली में डाले, जिनमें 7 स्वर्ण (गोल्ड), 5 रजत (सिल्वर) और 11 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक शामिल हैं। मंत्री कुमावत ने इन सभी खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और इसे संस्थान के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

    वार्षिकोत्सव के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी लोक नृत्य, देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक और सुरीले गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि का आभार प्रकट किया गया और सभी सफल विद्यार्थियों के साथ सामूहिक तस्वीरें खिंचवाई गईं।

     

    समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर अव्वल रहे विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आपने अपने माता-पिता और इस संस्थान का नाम रोशन किया है। आपकी यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, अनुशासित जीवन और आपके गुरुजनों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। कुमावत ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को आज सम्मानित होने का अवसर मिला है, वे याद रखें कि यह सफलता एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। आपको आगे जाकर देश के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देनी है। श्री कुमावत ने कहा कि आज का युग आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि का युग है। आप सभी कृषि के छात्र हैं, इसलिए आपकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमारे देश की आत्मा गांवों में बसती है और हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। सरकार पशुपालन, गोपालन और डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस कॉलेज से निकलने वाले युवा वैज्ञानिक और शोधकर्ता हमारे किसानों को उन्नत तकनीक से जोड़ेंगे, जिससे उनकी आय दोगुनी होगी और खेती अधिक समृद्ध बनेगी।

    इसके साथ ही, खेल के मैदान पर हमारे खिलाड़ियों ने जो कमाल किया है, वह वास्तव में सराहनीय है। आपने सुमेरपुर कृषि महाविद्यालय का गौरव पूरे विश्वविद्यालय स्तर पर बढ़ाया है। खेल हमें केवल जीतना नहीं सिखाते, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में लड़ना सिखाते हैं। हार और जीत जीवन के दो पहलू हैं, लेकिन मैदान में उतरकर पूरी ताकत से लड़ना सबसे महत्वपूर्ण है।

    इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरू प्रो. डॉ. वीएस जैतावत, विश्वविद्यालय के निदेशक, छात्र कल्याण डॉ. एसआर कुमावत, पाली सरस डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, एसडीएम कालूराम कुम्हार, डीएसपी जितेंद्र सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष चर्तुभुज शर्मा, कृषि महाविद्यालय के विशेषाधिकारी डॉ. एमएल तेतरवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    तख्तगढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगा बहुउदेशीय पशु चिकित्सालय

    Related राजस्थान Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment