Language Settings

परिसीमन विधेयक पर गहलोत का बड़ा हमला, बोले- भाजपा और आरएसएस का स्थायी शासन कायम करने की कोशिश

1 day ago

36

0

जयपुर। देश में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण की आड़ में जल्दबाजी में परिसीमन विधेयक लाने की कोशिश की जा रही है। इसकी वास्तविक मंशा भाजपा और आरएसएस का देश में स्थायी शासन कायम करना है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सरकार अपनी योजना में सफल हो गई तो भविष्य में चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह सकते हैं। शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा कि परिसीमन जैसा महत्वपूर्ण विषय पूरे देश से जुड़ा है। इस पर संसद में पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए और सभी राजनीतिक दलों के सुझाव लेने के बाद ही आगे बढ़ना चाहिए। सरकार जिस जल्दबाजी में विधेयक ला रही है, उससे उसकी मंशा पर सवाल उठ रहे हैं। गहलोत ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में विधेयक को मंजूरी देने के बाद सांसदों को देर रात इसकी प्रतियां भेजी गईं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों को इतने महत्वपूर्ण विधेयक को पढ़ने और समझने का पर्याप्त समय कैसे मिलेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की पूरी प्रक्रिया को जल्दबाजी में आगे बढ़ाने की क्या जरूरत है?

2011 की जनगणना को आधार बनाने पर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि देश अब तकनीकी रूप से काफी आगे बढ़ चुका है। पहले जनगणना में लंबा समय लगता था, लेकिन आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब यह प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सकती है। जब सरकार का लक्ष्य 2027 की जनगणना कराना है तो नए आंकड़ों का इंतजार क्यों नहीं किया जा रहा? उन्होंने आशंका जताई कि सरकार जातिगत जनगणना से जुड़े सवालों से बचने के लिए पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन कराना चाहती है। गहलोत के अनुसार, अन्य पिछड़ा वर्ग का सर्वे होने पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आएंगे। उन्होंने असम में हुए परिसीमन और राजस्थान के नगरीय निकायों में किए गए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार पूरे देश में इसी तरह की व्यवस्था लागू करना चाहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि परिसीमन प्रक्रिया में विपक्ष का भी एक प्रतिनिधि शामिल किया जाए।

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत को बताया जनता का समर्थन

गहलोत ने राजस्थान के पंचायत चुनाव परिणामों को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, बिजली, पानी और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का लाभ कांग्रेस को मिला है। उन्होंने भाजपा पर निर्वाचित कांग्रेस जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने और बाड़ाबंदी के जरिए राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को मजबूत समर्थन दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना और यमुना जल समझौते को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शेखावाटी में पानी पहुंचाने के वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। कन्हैयालाल हत्याकांड का मामला भी पूरी तरह निपटा नहीं है।

जूली बोले- 850 सीटें बढ़ाने से समस्याएं हल नहीं होंगी

दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी परिसीमन के प्रस्ताव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिसीमन के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसके नाम पर लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने की मंशा समझ से परे है। जूली के अनुसार, सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ने से वेतन, आवास, सुविधाओं और नए सदन के निर्माण पर सरकारी खर्च बढ़ेगा। इसका बोझ अंततः आम जनता पर ही पड़ेगा। सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि वर्तमान संसद और विधानसभाओं में जनता के मुद्दों पर कितनी गंभीरता से चर्चा हो रही है।

 

Click here to Read More
Previous Article
64 विला खरीद मामले में आईएएस शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, एसीबी की जांच जारी रहेगी
Next Article
परिसीमन विधेयक पर राजस्थान में सियासी घमासान, मदन राठौड़ बोले- दो-तिहाई बहुमत से होगा पारित, रफीक खान ने घेरा

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment