Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    विशेष शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण द्वारा राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

    2 hours ago

    यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के विशेष शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण द्वारा राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण डॉ. वंदना सिंह ठाकुर, अधिष्ठाता, विशेष शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन तथा हसनदीन खान, असिस्टेंट प्रोफेसर, विशेष शिक्षा विभाग के समन्वय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

    भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन करते हुए दृष्टिबाधित बालक-बालिकाओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेष रूप से ब्रेल लिपि के माध्यम से पढ़ाई की प्रक्रिया, स्पर्श आधारित अधिगम , श्रव्य शिक्षण विधियों तथा सहायक उपकरणों जैसे ब्रेल किताबें, ऑडियो डिवाइसेस एवं स्क्रीन रीडर के उपयोग को समझा।

    विद्यार्थियों ने यह भी जाना कि दृष्टिबाधित बच्चों को दैनिक जीवन कौशल जैसे—स्वयं चलना-फिरना, व्यक्तिगत स्वच्छता, तथा स्वतंत्र जीवन जीने के लिए किस प्रकार प्रशिक्षित किया जाता है। साथ ही, उन्होंने कक्षा शिक्षण में प्रयुक्त विशेष शिक्षण विधियों, ध्वनि संकेतों, स्पर्शात्मक शिक्षण सामग्री एवं अनुकूलित मूल्यांकन पद्धतियों का अवलोकन किया।

    इस अवसर पर विशेष शिक्षा विभाग के डी.एड एवं बी.एड के विद्यार्थियों ने कक्षाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रशिक्षण सेवाओं का गहन अध्ययन किया। भ्रमण के दौरान उत्पन्न जिज्ञासाओं का समाधान डॉ. वंदना सिंह ठाकुर, हसनदीन खान एवं मनीष कुमार मीणा द्वारा किया गया, जिससे विद्यार्थियों को व्यवहारिक एवं कौशल-आधारित ज्ञान प्राप्त हुआ।

    भ्रमण के समापन पर डॉ. वंदना सिंह ठाकुर ने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ दृष्टिबाधित बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आत्मनिर्भर विकास के लिए अत्यंत समर्पण के साथ कार्य कर रहा है और यह विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट शिक्षण प्रयोगशाला के रूप में कार्य करता है।

    इस अवसर पर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी की प्रेसिडेंट डॉ. रश्मि जैन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को समावेशी शिक्षा के व्यावहारिक आयामों से परिचित कराते हैं तथा उनके पेशेवर कौशल को सुदृढ़ बनाते हैं।

    प्रो-प्रेसिडेंट डॉ. अंकित गांधी ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे अनुभव उन्हें अपने दायित्वों के प्रति अधिक संवेदनशील एवं दक्ष बनाते हैं।

    कुलसचिव डॉ. अनूप शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुभवात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भाव, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करते हैं।

    प्रो-चेयरपर्सन डॉ. अंशु सुराना ने कहा कि विशेष शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के लिए धैर्य, सहानुभूति एवं व्यावहारिक समझ अत्यंत आवश्यक है, और इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों में इन गुणों को विकसित करने में सहायक होते हैं।

    अंत में यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन डॉ. प्रेम सुराना ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

    Click here to Read More
    Previous Article
    यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के विशेष शिक्षा विभाग का दिशा स्पेशल स्कूल में शैक्षणिक भ्रमण, विद्यार्थियों ने जाने दिव्यांग शिक्षा के व्यवहारिक आयाम

    Related शिक्षा Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment