Language Settings

एससीओ सभ्यता संवाद मंच में भारतीय पांडुलिपि विरासत पर मंथन, संरक्षण और डिजिटलीकरण पर बनी सहमति

9 minutes ago

2

0

नई दिल्ली। भारत की प्राचीन पांडुलिपियों में संरक्षित ज्ञान, भाषा, साहित्य और लिपियों की समृद्ध परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यता संवाद मंच में विशेष चर्चा हुई। 22 नवंबर को संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत आयोजित चौथे सत्र में सदस्य देशों और संवाद साझेदारों के विद्वानों, विशेषज्ञों तथा प्रतिनिधियों ने पांडुलिपियों के संरक्षण, अनुवाद, सूचीकरण और डिजिटलीकरण पर विचार साझा किए। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस मंच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। 'भाषा, साहित्य, लिपि और पांडुलिपि परंपराएं' विषय पर आयोजित सत्र में भारत सहित विभिन्न देशों की साझा ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं ज्ञान भारतम् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मिशन की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के माध्यम से अब तक 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी प्राप्त की जा चुकी है। उन्होंने सर्वेक्षण, संरक्षण, तकनीकी विकास, डिजिटलीकरण, भाषाई अध्ययन और अनुवाद के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने ज्ञान-मित्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पांडुलिपि दर्पण और भारतीय जीपीटी जैसी तकनीकी पहलों की जानकारी भी दी। उनके अनुसार, ज्ञान भारतम् मिशन साझा विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ वैश्विक डिजिटल ज्ञान भंडार तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है।

पांडुलिपि विरासत का डिजिटल भविष्य

सत्र में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। इनमें भारत की भाषाई एवं लिपिगत विरासत, एशिया में भारतीय ग्रंथों का प्रसार, सीमाओं से परे पांडुलिपियों की उपस्थिति तथा पांडुलिपि विरासत का डिजिटल भविष्य शामिल रहा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रजनीश कुमार मिश्रा ने भारतीय भाषाओं और लिपियों के एशियाई भाषाओं पर प्रभाव तथा प्राचीन व्यापार मार्गों के माध्यम से भारतीय संस्कृति के प्रसार पर विचार रखे। कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के.के. मिश्रा ने विभिन्न भाषाओं में अनुवाद, डिजिटलीकरण और वैश्विक स्तर पर ज्ञान की उपलब्धता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने पारंपरिक ज्ञान को चोरी और अनुचित उपयोग से बचाने के लिए बौद्धिक संपदा अधिकारों, सुरक्षित अभिलेखों और नियंत्रित डिजिटल पहुंच के महत्व को रेखांकित किया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई के प्रोफेसर के. राम सुब्रमण्यम ने पंचतंत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा के अनेक ग्रंथों का विभिन्न विदेशी भाषाओं में अनुवाद हुआ है। उन्होंने अनुवाद में मूल विचारों और संदर्भों की शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। ईरान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, कंबोडिया, उज्बेकिस्तान, लाओस और नेपाल सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने अपने यहां पांडुलिपि संरक्षण के प्रयास साझा किए। सत्र का समापन संयुक्त अनुसंधान, लिपि प्रशिक्षण, अनुवाद, शैक्षणिक आदान-प्रदान और अधिकृत डिजिटल पहुंच को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

------------------------------------

 

नौ महीने से कम समय में एचपीवी टीके की एक करोड़ खुराकें, प्रधानमंत्री ने अभियान की सराहना की

नई दिल्ली। देश में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में संचालित राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में टीके की एक करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। इसके साथ ही पात्र बालिकाओं के वार्षिक लक्षित समूह की लगभग 87 प्रतिशत आबादी तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे देश की बेटियों के स्वस्थ भविष्य और निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। टीके की प्रत्येक खुराक बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनका स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ाया गया कदम है।

खतरे को कम करने में मदद

उन्होंने इस उपलब्धि को संभव बनाने वाले सभी स्वास्थ्यकर्मियों, संबंधित विभागों और अभियान से जुड़े हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमावायरस एक विषाणु है, जिसके कुछ प्रकार गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का कारण बन सकते हैं। इसके संक्रमण से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। किशोरावस्था में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण कराने से भविष्य में कैंसर पैदा करने वाले एचपीवी संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद मिलती है। यह उपलब्धि देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। अभियान की आगे की सफलता के लिए शेष पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना भी महत्वपूर्ण होगा।

-------------------------

 

 

Click here to Read More
Previous Article
वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़ा कदम, स्थायी समिति की 92वीं बैठक में 133 प्रस्तावों पर विचार
Next Article
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आकर्षण का केंद्र बना आयुष मंडप, निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श और योग से जुड़ रहे लोग

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment