Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    राजस्थान विश्वविद्यालय में भौतिक शास्त्र विभाग में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ICAPST-2026 का भव्य शुभारंभ

    34 minutes ago

    राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रथम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “Advances in Physical Sciences & Technologies (ICAPST-2026)” का शुभारंभ गुरुवार को विश्वविद्यालय के ह्यूमैनिटीज हॉल में हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य भौतिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवीनतम शोध, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा तकनीकी नवाचारों पर विचार-विमर्श करना और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के बीच अकादमिक सहयोग को प्रोत्साहित करना है।

    उद्घाटन समारोह में इंटर-यूनिवर्सिटी एक्सीलरेटर सेंटर (IUAC), नई दिल्ली के निदेशक प्रो. अविनाश चंद्र पांडे मुख्य अतिथि तथा दक्षिण अफ्रीका स्थित नॉर्थ-वेस्ट यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर स्पेस रिसर्च (CSR) के निदेशक प्रो. अमारे अबेबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, विश्वविद्यालय के कुलगीत, राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्प स्वागत किया गया तथा सम्मेलन के उद्देश्यों और महत्व से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

    भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. एस. के. गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए देश-विदेश से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान, शोध की नई दिशाओं की पहचान तथा विद्यार्थियों और युवा शोधकर्ताओं को विशेषज्ञों से संवाद का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    सम्मेलन की संयोजक डॉ. सुनीता महावर ने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके प्रमुख उद्देश्यों, वैज्ञानिक सत्रों और विभिन्न शोध विषयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भौतिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित विविध क्षेत्रों में कार्यरत विशेषज्ञ अपने शोध निष्कर्ष और नवीन वैज्ञानिक विचार साझा करेंगे।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. अविनाश चंद्र पांडे ने अपने संबोधन में वैज्ञानिक अनुसंधान, उन्नत प्रायोगिक सुविधाओं तथा आधुनिक तकनीकों के विकास में अंतर्विषयी सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि प्रो. अमारे अबेबे ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग तथा अंतरिक्ष विज्ञान और संबंधित अनुसंधान क्षेत्रों में नवीन संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए।

    उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण सम्मेलन की शोध-सार पुस्तक का विमोचन रहा। मुख्य अतिथि प्रो. अविनाश चंद्र पांडे, विशिष्ट अतिथि प्रो. अमारे अबेबे तथा संयोजक समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में शोध-सार पुस्तक का विमोचन किया गया। इस पुस्तक में सम्मेलन में प्रस्तुत किए जाने वाले शोध कार्यों के सार संकलित हैं, जो विभिन्न वैज्ञानिक विषयों में हो रहे अनुसंधान और नवीन विचारों का परिचय प्रदान करते हैं। यह विमोचन सम्मेलन के अकादमिक महत्व को रेखांकित करने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।

    उद्घाटन सत्र के बाद मुख्य अतिथि प्रो. अविनाश चंद्र पांडे ने पूर्ण सत्र व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें वैज्ञानिक अनुसंधान से संबंधित महत्वपूर्ण विचार साझा किए गए। प्रथम दिवस के आगामी कार्यक्रमों में दक्षिण अफ्रीका के प्रो. अमारे अबेबे तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. केदार सिंह के व्याख्यानों सहित विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त फ्रांस के IP2I–CNRS से डॉ. मैक्सिम गूज़ेविच, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के डॉ. हरफूल कुमावत, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. अजय कुमार त्यागी तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के प्रो. एस. के. शर्मा सहित अन्य विशेषज्ञों ने अपने शोध एवं वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत किए। बेल्जियम की KU Leuven यूनिवर्सिटी के प्रो. मार्टेन वानियर्शॉट तथा दक्षिण अफ्रीका के नॉर्थ-वेस्ट यूनिवर्सिटी के प्रो. एशमोर माविरे ने भी सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रो. मार्टेन वानियर्शॉट ने एक तकनीकी सत्र में आमंत्रित व्याख्यान दिया, जबकि प्रो. एशमोर माविरे ने वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता की। उनकी सहभागिता से सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय शोध अनुभवों और वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिला।

    सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने, नवीन वैज्ञानिक प्रगति पर चर्चा करने तथा भविष्य में अनुसंधान सहयोग की संभावनाओं को विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

    सम्मेलन का आयोजन भौतिक विज्ञान विभाग, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. एस. के. गुप्ता, संयोजक डॉ. सुनीता महावर, सह-अध्यक्ष डॉ. मनीषा गुप्ता तथा आयोजन सचिव डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. अरविंद कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    एनईपी अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ
    Next Article
    प्रोफेसर डॉ. रमेश कुमार रावत बने विराज फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक

    Related राजस्थान Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment