Language Settings

भारत ने खाद्यान्न उत्पादन में बनाया नया कीर्तिमान, चावल-दलहन में दुनिया में पहला स्थान

1 hour ago

4

0

2025-26 में 3785.38 लाख टन पैदावार

नई दिल्ली। भारतीय कृषि क्षेत्र ने उत्पादन के मोर्चे पर नया इतिहास रचते हुए वर्ष 2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 208.06 लाख टन अधिक है। वहीं वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम में 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान जताया गया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और खरीफ के पहले अग्रिम अनुमान जारी करते हुए ये आंकड़े प्रस्तुत किए। कृषि मंत्री ने बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है। गेहूं, कपास, मूंगफली तथा फल-सब्जियों के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद देश का स्थान है।

चावल और गेहूं उत्पादन में नया रिकॉर्ड

वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन बढ़कर 1551.54 लाख टन पहुंच गया, जबकि गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन दर्ज किया गया। मक्का उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई और यह 550.25 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें श्री अन्न की हिस्सेदारी 172.09 लाख टन रही। दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें मूंग का उत्पादन 43.96 लाख टन, चना 125.13 लाख टन और अरहर 35.99 लाख टन रहा। तिलहन उत्पादन भी बढ़कर 432.55 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन और सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन रहा। नकदी फसलों में गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन दर्ज किया गया।

खरीफ मौसम में भी बेहतर उत्पादन की उम्मीद

कृषि मंत्रालय के पहले अग्रिम अनुमान के अनुसार, खरीफ 2026-27 में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने की संभावना है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। इस दौरान खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन, मोटे अनाज का 381.05 लाख टन और दलहन का 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है। तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है।कृषि मंत्री ने बताया कि इस बार अल नीनो, मानसून में देरी और कई राज्यों में कम बारिश के कारण कृषि क्षेत्र को चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद किसानों के प्रयास, सरकारी योजनाओं और जलवायु अनुकूल फसलों की मदद से उत्पादन का अनुमान बेहतर बना हुआ है।

दलहन और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता पर जोर

सरकार का अगला प्रमुख लक्ष्य दलहन और तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करना है। इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने तथा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार के बाद अब किसानों को ऐसी फसलों की ओर प्रोत्साहित करना जरूरी है, जिनसे देश की दालों और खाद्य तेलों की बढ़ती मांग पूरी हो सके। उन्होंने बताया कि भारतीय चावल के निर्यात में भी पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अमेरिका, कनाडा और मध्य पूर्व सहित कई देशों में भारतीय चावल की मांग बढ़ रही है।

वैज्ञानिक तरीकों से तैयार किए गए उत्पादन अनुमान

मंत्रालय के अनुसार, ये आंकड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त सूचनाओं, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, दूरसंवेदी तकनीक, फसल मौसम निगरानी और फसल कटाई प्रयोगों से जुड़े आंकड़ों के आधार पर तैयार किए गए हैं। खरीफ के पहले अग्रिम अनुमान वास्तविक कटाई और उपज के आंकड़े मिलने के बाद संशोधित किए जाएंगे।

----------------------

 

Click here to Read More
Previous Article
भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हुई, कूनो में नौ नए शावकों का जन्म; प्राकृतिक प्रजनन से बढ़ी उम्मीद
Next Article
भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक तैयारी जरूरी : राजनाथ सिंह

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment