Language Settings

इजराइल में सत्ता परिवर्तन की कोशिश तेज, गादी आइजनकोट के साथ आए सात नए सांसद; नेतन्याहू की बढ़ी चुनौती

1 hour ago

3

0

तेल अवीव। इजराइल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की संभावनाएं तेज होती दिखाई दे रही हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ विपक्षी खेमे ने अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश शुरू कर दी है। पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजनकोट ने दक्षिणपंथी नेता एविगडोर लिबरमैन के साथ गठबंधन की दिशा में समझौता किया है। लिबरमैन की पार्टी के सात सांसदों का समर्थन मिलने से विपक्षी खेमे की स्थिति मजबूत हुई है। अब आइजनकोट की नजर नेतन्याहू सरकार की सहयोगी रही यूनाइटेड टोरा जूडिज्म पार्टी पर है। इस पार्टी के पास भी सात सांसद हैं। यदि ये सांसद विपक्षी गठबंधन के साथ आ जाते हैं, तो नेतन्याहू के लिए संसद में अपना बहुमत बचाना मुश्किल हो सकता है।

बहुमत के लिए अभी भी छह सांसदों की जरूरत

इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। मौजूदा राजनीतिक गणित के अनुसार नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और उसके सहयोगियों के पास 46 सांसद हैं, जबकि विपक्षी खेमे के पास 48 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। लिबरमैन के सात सांसदों के समर्थन के बाद आइजनकोट के नेतृत्व वाले खेमे की ताकत बढ़ी है। यदि यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के सभी सात सांसद भी साथ आते हैं, तो यह संख्या 55 तक पहुंच सकती है। इसके बाद बहुमत के लिए छह और सांसदों की जरूरत होगी।

धार्मिक छात्रों की सैन्य सेवा बना बड़ा मुद्दा

आइजनकोट के सामने सबसे बड़ी चुनौती धार्मिक दलों को अपने साथ जोड़ने की है। यूनाइटेड टोरा जूडिज्म धार्मिक छात्रों को अनिवार्य सैन्य सेवा से छूट देने के मुद्दे पर समझौता चाह सकती है। इजराइल में लंबे समय से यह विवाद चल रहा है कि धार्मिक समुदाय के युवाओं को भी सेना में अनिवार्य सेवा करनी चाहिए या नहीं। युद्ध के कारण रिजर्व सैनिकों पर बढ़ते दबाव के बीच आइजनकोट और उनके सहयोगी सभी समुदायों की समान भागीदारी की वकालत कर रहे हैं।

अरब पार्टी का समर्थन भी बन सकता है विकल्प

आइजनकोट के सामने एक विकल्प अरब पार्टी राअम का समर्थन हासिल करना भी है। पार्टी के नेता मंसूर अब्बास पहले भी सरकार का हिस्सा रह चुके हैं। वे अगली सरकार को समर्थन देने के इच्छुक बताए जा रहे हैं। हालांकि, विपक्षी गठबंधन के कुछ नेता अरब दलों के समर्थन से सरकार बनाने को लेकर असहज हैं।आइजनकोट के सामने लिकुड के साथ गठबंधन, धार्मिक दलों का समर्थन और अरब पार्टी के सहयोग से अल्पमत सरकार बनाने जैसे विकल्प मौजूद हैं।

6 दिसंबर तक जुटाना होगा बहुमत

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने का अवसर दिया था। उन्हें 6 दिसंबर तक बहुमत जुटाना है। जरूरत पड़ने पर यह समयसीमा 14 दिन बढ़ाई जा सकती है। यदि आइजनकोट निर्धारित समय में सरकार बनाने में सफल नहीं होते हैं, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। दोनों पक्ष बहुमत जुटाने में असफल रहे तो देश में नए चुनाव कराने की नौबत आ सकती है। फिलहाल इजराइल की राजनीति में सहयोगी दलों की भूमिका और गठबंधन का गणित निर्णायक बना हुआ है।

---------------

 

Click here to Read More
Previous Article
भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक तैयारी जरूरी : राजनाथ सिंह
Next Article
दुनिया भर में छाई फिल्म ‘रामायण’, 1755 करोड़ की कमाई के साथ ‘पुष्पा-2’ को पछाड़ा; ‘बाहुबली-2’ से महज 32 करोड़ पीछे

Related विदेश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment