Language Settings

तिरुपति मंदिर में जैन दंपती ने चढ़ाए 121 किलो सोने के आभूषण, 208 करोड़ रुपये के दान ने बनाया नया रिकॉर्ड

1 hour ago

4

0

तिरुपति। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति मंदिर में चेन्नई के एक जैन दंपती ने 121 किलोग्राम सोने के आभूषण और हीरे-जवाहरात अर्पित किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 208 करोड़ रुपये बताई गई है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक श्रद्धालु की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा आभूषण दान है। चेन्नई निवासी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण तिरुमला तिरुपति देवस्थानम को सौंपे। दान में नौ सेट के 45 आभूषण और 238.2 कैरेट के हीरे शामिल हैं। इनमें भगवान वेंकटेश्वर के लिए विशेष रूप से तैयार मुकुट, पैरों के आभूषण, सोने की जंजीरें और अन्य बहुमूल्य रत्न जड़े आभूषण शामिल हैं।

15 महीने में तैयार हुए आभूषण

मंदिर प्रशासन के मुताबिक, इन आभूषणों को तैयार करने में लगभग 15 महीने का समय लगा। इन्हें आठ बक्सों में रखकर मंदिर लाया गया था। कुल 121 किलोग्राम आभूषणों में से 106 किलोग्राम सोने के गहने भगवान वेंकटेश्वर के लिए हैं, जबकि शेष 15 किलोग्राम वजन के आभूषण और पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को अर्पित किए गए हैं। इन आभूषणों में मुकुट, सोने के विशेष डिजाइन वाले गहने, बाघ के नाखून के आकार का आभूषण और कई प्रकार की रत्नजड़ित सजावट शामिल हैं। इनका निर्माण भगवान की प्रतिमा को सिर से पैर तक अलंकृत करने के उद्देश्य से कराया गया है।

कंपनी की हिस्सेदारी बेचकर प्राप्त राशि से कराया दान

वर्धमान जैन चेन्नई की कंपनी वारा फ्यूचर एलएलपी के अध्यक्ष हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर लगभग छह हजार करोड़ रुपये प्राप्त किए थे। इसी राशि में से मंदिर के लिए यह विशाल आभूषण दान तैयार कराया गया। वर्धमान जैन वर्ष 2019 से तिरुपति मंदिर और उससे जुड़ी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में योगदान देते रहे हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने मंदिर विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये दिए थे। इसी वर्ष अन्न प्रसादम ट्रस्ट और प्राणदानम ट्रस्ट को भी अलग-अलग 1.01 करोड़ रुपये का दान दिया। वर्ष 2025 में भक्ति चैनल के लिए पांच करोड़ रुपये और गो-संरक्षण के लिए एक करोड़ रुपये का योगदान किया था। मई 2026 में उन्होंने मंदिर के लिए इलेक्ट्रिक बस देने की घोषणा भी की थी।

धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है तिरुपति

आंध्र प्रदेश के तिरुमला पर्वत पर स्थित भगवान वेंकटेश्वर का मंदिर देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में बाल दान की परंपरा भी काफी प्रसिद्ध है। मान्यता है कि श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं और आस्था के प्रतीक के रूप में भगवान को अपने बाल अर्पित करते हैं। जैन दंपती का यह दान मंदिर के इतिहास में एक बड़ी धार्मिक भेंट के रूप में दर्ज हो गया है।

-----------------

 

Click here to Read More
Previous Article
संविधान दिवस पर मोदी का कांग्रेस पर हमला, ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को आरक्षण देने का लगाया आरोप
Next Article
संविधान दिवस पर अंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं को प्रधानमंत्री ने किया नमन

Related धर्म और अध्यात्म Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment