Language Settings

जम्मू-कश्मीर में 65 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय, लश्कर और जैश के 60 आतंकियों की मौजूदगी

2 hours ago

6

0

सुरक्षा एजेंसियों के आकलन में सामने आई संख्या, घाटी में स्थानीय आतंकियों का नेटवर्क खत्म होने का दावा; पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा में विदेशी आतंकियों की मौजूदगी

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने 65 पाकिस्तानी आतंकियों के सक्रिय होने का आकलन किया है। इनमें 35 आतंकी लश्कर-ए-तैयबा और 25 जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए गए हैं। शेष पांच आतंकी अन्य प्रतिबंधित संगठनों से संबंधित हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है। बीते 18 नवंबर को कुलगाम में स्थानीय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद यह स्थिति सामने आई है। इसके तीन दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि कश्मीर घाटी में अब कोई स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। हालांकि, पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों की मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए अब भी चुनौती बनी हुई है। खुफिया सूचनाओं के अनुसार, इन आतंकियों की गतिविधियां मुख्य रूप से पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा जैसे क्षेत्रों में देखी जा रही हैं।

 

लश्कर और जैश पर कई बड़े हमलों के आरोप

 

लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद को भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है। इनमें वर्ष 2001 का संसद हमला, 2016 का उरी हमला और 2019 का पुलवामा हमला शामिल हैं। दोनों संगठन पाकिस्तान से संचालित होते हैं और सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए जाने जाते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन संगठनों से जुड़े नेटवर्क और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी 18 नवंबर को कहा था कि प्रदेश में अब कुछ ही विदेशी आतंकी बचे हैं और उन्हें जल्द समाप्त करने के प्रयास जारी हैं।

 

तीन साल में 548 आतंकी घटनाएं

 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक जम्मू-कश्मीर में 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में 45 सुरक्षाकर्मियों ने जान गंवाई है, जबकि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 138 आतंकी मारे गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि स्थानीय आतंकियों की संख्या शून्य तक पहुंचना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन विदेशी आतंकियों की मौजूदगी को देखते हुए अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा सकती। हालांकि, 65 आतंकियों की संख्या खुफिया आकलन पर आधारित है। आतंकियों के लगातार ठिकाने बदलने के कारण यह आंकड़ा समय के साथ बदल सकता है।

 

------------------

Click here to Read More
Previous Article
राहुल गांधी की संपत्ति की जांच का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द
Next Article
पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, दोनों हाथ काटे

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment