Language Settings

पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, दोनों हाथ काटे

1 hour ago

7

0

छह हमलावरों ने धारदार हथियारों से किया वार, गोली चलाने की भी बात आई सामने; चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था आरोपी

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शिवाजीनगर अदालत के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर छह हमलावरों ने हत्या के एक आरोपी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से कट गए। हमलावरों ने गोली चलाने की कोशिश भी की, हालांकि पुलिस को घायल के शरीर पर गोली लगने के निशान नहीं मिले हैं। हमले का शिकार मंदार मारुति किवले हुआ। पुलिस के मुताबिक, हमलावर दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए थे। उन्होंने अदालत के सामने ही मंदार पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और फिर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास काफी भीड़ मौजूद थी। सामने आए वीडियो में दो हमलावर मंदार पर कुल्हाड़ी से लगातार वार करते दिखाई दे रहे हैं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मंदार किसी तरह सड़क पार करने की कोशिश करता नजर आया। कुछ दूरी चलने के बाद वह फुटपाथ पर गिर पड़ा।अदालत परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल ससून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

चार दिन पहले ही जेल से आया था बाहर

 

पुलिस के अनुसार, मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। बताया गया कि हत्या के पीछे जमीन और पैसों का विवाद था। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

 

मौके से दो पिस्तौल और मैगजीन बरामद

 

पुणे पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई है। शुरुआती जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों ने भी घायल के शरीर पर धारदार हथियारों से आई चोटों की जानकारी दी है। पुणे के पुलिस उपायुक्त (अपराध) गौहर हसन ने बताया कि संदिग्ध हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

 

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

 

घटना के बाद कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पुणे में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब अदालत के बाहर भी खुलेआम हमले हो रहे हैं। पार्टी प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने भी गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

 

-----------------

Click here to Read More
Previous Article
जम्मू-कश्मीर में 65 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय, लश्कर और जैश के 60 आतंकियों की मौजूदगी
Next Article
वर्ष 2027 में सुप्रीम कोर्ट को मिलेंगे चार मुख्य न्यायाधीश, 25 साल बाद बनेगा रिकॉर्ड

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment