Language Settings

राहुल गांधी की संपत्ति की जांच का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द

2 hours ago

6

0

सीबीआई और ईडी को जांच के निर्देश देने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश निरस्त, राहुल गांधी का पक्ष सुनकर नए सिरे से फैसला करने का निर्देश

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी कानूनी राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनकी संपत्ति से जुड़े आरोपों की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को दिए गए इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश रद्द कर दिए हैं। शीर्ष अदालत ने मामले को दोबारा हाईकोर्ट भेजते हुए कहा है कि राहुल गांधी को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए और उनका पक्ष जानने के बाद नए सिरे से निर्णय लिया जाए। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने बुधवार को यह फैसला सुनाया। मामला कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों की संपत्ति तथा कथित विदेशी लेन-देन की जांच कराने की मांग की थी। मई में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के सत्यापन और कानून के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद राहुल गांधी ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। राहुल गांधी की ओर से दलील दी गई थी कि याचिकाकर्ता को इस मामले में शिकायत करने का अधिकार स्पष्ट नहीं है। साथ ही, हाईकोर्ट ने उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिए बिना आदेश पारित कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले भी इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। 17 अगस्त को सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा था कि किसी व्यक्ति के खिलाफ जांच से जुड़ा आदेश देने से पहले उसे सुनवाई का अवसर मिलना चाहिए। इसके बाद हाईकोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगा दी गई थी। मामले की शुरुआत 25 अप्रैल को हुई थी, जब विग्नेश शिशिर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहुल गांधी की संपत्ति की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की थी। याचिका में कई केंद्रीय एजेंसियों को पक्षकार बनाया गया था। हाईकोर्ट ने संबंधित एजेंसियों से जवाब मांगा था। बाद में सीबीआई और ईडी ने अपनी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। हालांकि, अदालत ने सीबीआई की रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए जांच की प्रगति स्पष्ट करने वाला नया हलफनामा दाखिल करने को कहा था। इस मामले में याचिकाकर्ता से भी सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अगस्त में दो दिनों के दौरान उससे करीब 13 घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में पक्ष रखा। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट को राहुल गांधी को सुनने के बाद मामले में नया आदेश पारित करना होगा। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के फैसले से उनके खिलाफ जांच संबंधी पूर्व आदेश प्रभावहीन हो गए हैं। हालांकि, आरोपों के गुण-दोष पर अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है।

 

----------------

Click here to Read More
Previous Article
भागवत बोले- युवाओं को झूठ पसंद नहीं, सच के साथ खड़ी हो रही नई पीढ़ी
Next Article
जम्मू-कश्मीर में 65 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय, लश्कर और जैश के 60 आतंकियों की मौजूदगी

Related राजनीति Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment