Language Settings

राजस्थान की पंचायत राजनीति में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 275 पंचायत समितियों में बहुमत; भाजपा 63 पर सिमटी

1 day ago

33

0

जयपुर। राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव परिणामों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने रख दी है। 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कई जिलों में पीछे छोड़ दिया। कांग्रेस ने 275 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया है, जबकि सत्ताधारी भाजपा केवल 63 पंचायत समितियों में ही स्पष्ट बहुमत तक पहुंच सकी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी और अन्य दलों को मिलाकर 64 पंचायत समितियों में सफलता मिली है। वहीं 17 पंचायत समितियां ऐसी रहीं, जहां किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। शुक्रवार को प्रधान और उपप्रधान पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। कई स्थानों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ तो कुछ पंचायत समितियों में कड़े मुकाबले के बाद परिणाम घोषित किए गए।
सीकर और जैसलमेर में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
सीकर जिले में कांग्रेस ने भाजपा का पूरी तरह सफाया कर दिया। जिले की 16 पंचायत समितियों में से 15 पर कांग्रेस ने प्रधान पद हासिल किया, जबकि एक स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। भाजपा यहां अपना खाता तक नहीं खोल सकी।
जैसलमेर जिले में भी कांग्रेस ने बड़ी सफलता हासिल की। जिले की 10 पंचायत समितियों में से नौ पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली। सिरोही जिले में कांग्रेस ने आठ में से सात पंचायत समितियों में अपने प्रधान निर्वाचित करवाए। भाजपा को केवल रेवदर में सफलता मिली। सिरोही पंचायत समिति में कांग्रेस की नेहा पुनीत अग्रवाल प्रधान चुनी गईं।
भरतपुर में भाजपा ने दिखाई ताकत
जहां कई जिलों में कांग्रेस का दबदबा रहा, वहीं भरतपुर में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया। जिले की सात पंचायत समितियों में भाजपा ने बढ़त बनाई। सेवर, नदबई, उच्चैन, बयाना और रूपवास में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान चुने गए। भुसावर में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ।
हनुमानगढ़ में कांग्रेस का दबदबा कायम
हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस ने कई महत्वपूर्ण पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। हनुमानगढ़ जंक्शन में रत्नेश प्रधान चुनी गईं। हनुमानगढ़ टाउन में मंगलाराम, पीलीबंगा में राजेंद्र सियाग, नोहर में संतोष गोदारा और संगरिया में तरसेम मान ने प्रधान पद हासिल किया।
भीलवाड़ा में कांग्रेस को दस, भाजपा को छह सीटें
भीलवाड़ा जिले की 16 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने छह स्थानों पर प्रधान पद हासिल किया। हालांकि खजूरी पंचायत समिति में चुनाव के दौरान विवाद भी देखने को मिला। रास्ता रोकने और बस के शीशे तोड़े जाने के कारण कांग्रेस के विजयी पंचायत समिति सदस्य मतदान से वंचित रह गए।
चित्तौड़गढ़ में निर्णायक वोट से भाजपा की जीत
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की शंकरी बाई भील का निर्णायक मत भाजपा के पक्ष में गया। इसके बाद भाजपा के भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं कपासन में कांग्रेस के दिनेश बैरवा निर्विरोध प्रधान चुने गए।
धौलपुर में कांग्रेस ने चार, भाजपा ने दो पंचायत समितियां जीतीं
धौलपुर जिले की छह पंचायत समितियों में कांग्रेस ने चार स्थानों पर प्रधान बनाए, जबकि भाजपा को दो जगह सफलता मिली। धौलपुर और सरमथुरा में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। राजाखेड़ा और बसेड़ी में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि बाड़ी और सैपऊ में भाजपा ने कब्जा जमाया।
बीकानेर और झुंझुनूं में भी दिलचस्प मुकाबले
बीकानेर जिले में कई पंचायत समितियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हदां में कांग्रेस की ममता मेघवाल निर्विरोध प्रधान चुनी गईं। लूणकरणसर में परमेश्वरी अजय गोदारा और बीकानेर पंचायत समिति में जगदीश कस्वां ने जीत हासिल की। झुंझुनूं जिले की खेतड़ी और बबाई पंचायत समितियों में भाजपा ने जीत दर्ज की। खेतड़ी में केदार खींची और बबाई में गुड्डी देवी प्रधान चुनी गईं।
निर्दलीयों ने भी कई जगह बदले समीकरण
कई पंचायत समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने राजनीतिक दलों के समीकरण बिगाड़े। फतेहपुर और रामगढ़ शेखावाटी में कांग्रेस ने निर्दलीयों के समर्थन से प्रधान पद हासिल किया। चित्तौड़गढ़ में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के निर्णायक मत ने भाजपा की जीत का रास्ता साफ किया। कुल मिलाकर पंचायत समिति प्रधान चुनाव के परिणामों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को सामने रखा है। वहीं भाजपा के लिए कई जिलों में कमजोर प्रदर्शन आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
----------------------

Click here to Read More
Previous Article
रूस ने बनाया सोवियत संघ टूटने के बाद का सबसे बड़ा रक्षा बजट, तीन साल में सेना पर खर्च करेगा 54 लाख करोड़ रुपये
Next Article
खेल के मैदान से कैंटीन तक, युवाओं के बीच कर्नल राठौड़; सपनों, करियर और भविष्य पर खुलकर हुई बातचीत

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment