Language Settings

जनगणना में मातृभाषा के रूप में संस्कृत चुनने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू मम भाषा संस्कृतम्’ अभियान के जरिए 10 करोड़ आमजन तक पहुंचेगा संस्कृत का संदेश,

11 minutes ago

2

0

कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने किया देशवासियों से आह्वान; विश्वविद्यालय के सभी परिसर, आदर्श महाविद्यालय, शिक्षक और विद्यार्थी बनेंगे अभियान के सहभागी

जयपुर। भारतीय संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और समृद्ध भाषायी विरासत की पहचान संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली ने ‘मम भाषा संस्कृतम्’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रव्यापी जनजागरण की पहल की है। इस अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ आम नागरिकों तक संस्कृत भाषा के महत्त्व और उसकी सांस्कृतिक विरासत का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने देशवासियों से आगामी जनगणना में संस्कृत को अपनी मातृभाषा अथवा अन्य ज्ञात भाषा के रूप में दर्ज कराने की अपील की है।

संस्कृत भारत की आत्मा और ज्ञान-विज्ञान की जननी

कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने कहा कि संस्कृत भारत की आत्मा, मेधा और ज्ञान-विज्ञान की जननी है। यह केवल एक प्राचीन भाषा नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और बौद्धिक परंपरा की आधारशिला है। वेद, उपनिषद्, आयुर्वेद, योग, गणित और खगोल विज्ञान सहित ज्ञान की अनेक विधाओं का अमूल्य साहित्य संस्कृत में उपलब्ध है। संस्कृत ने भारत की सभी भाषाओं को समृद्ध किया है और भारतीय भाषाओं के बीच सांस्कृतिक एकता का सशक्त सूत्र प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि संस्कृत का प्रभाव हमारे दैनिक जीवन में भी व्यापक रूप से विद्यमान है। पूजा-पाठ, मंत्र, श्लोक, स्तोत्र और बोलचाल में प्रयुक्त असंख्य शब्दों के माध्यम से हम निरंतर संस्कृत से जुड़े हुए हैं। ऐसे में अपनी भाषायी और सांस्कृतिक विरासत को पहचानना तथा उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। जनगणना अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति जागरूकता और भाषायी पहचान को अभिव्यक्त करने का महत्त्वपूर्ण अवसर है।

जनगणना के भाषा संबंधी कॉलम में संस्कृत दर्ज कराने की अपील

कुलपति ने जनगणना प्रपत्र के प्रश्न क्रमांक 14 का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाओं की जानकारी मांगी जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जो लोग संस्कृत को अपनी मातृभाषा मानते हैं, वे इसे मातृभाषा के रूप में दर्ज कराएं। वहीं, संस्कृत का ज्ञान रखने वाले नागरिक इसे अन्य ज्ञात भाषा के रूप में अंकित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना में अपनी वास्तविक भाषायी जानकारी दर्ज कराना आवश्यक है। इससे देश की भाषायी विविधता और संस्कृत की सामाजिक उपस्थिति से संबंधित आंकड़ों को समझने में सहायता मिलेगी।

10 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य, शिक्षक-विद्यार्थी करेंगे जनसंपर्क

अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय के मुख्यालय, सभी परिसरों, आदर्श महाविद्यालयों, आदर्श शोध संस्थानों, संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं को सहभागी बनाया जा रहा है। डिजिटल माध्यमों और सामाजिक संजाल के जरिए अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इसके अंतर्गत प्राध्यापक और विद्यार्थी सहित सामजिक जन विद्यालय, महाविद्यालय, विभिन्न क्षेत्रों के मठों, मंदिरों, आश्रमों, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों से संपर्क करेंगे। नगरों के प्रमुख चौराहों, पर्यटन स्थलों तथा घर-घर जाकर आमजन को संस्कृत के महत्त्व और जनगणना में भाषा संबंधी जानकारी दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने देशभर के संस्कृत प्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया है। ‘मम भाषा संस्कृतम्’ के माध्यम से 10 करोड़ नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य संस्कृत की समृद्ध परंपरा को जनचेतना से जोड़ने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक व्यापक पहल है।

 

Click here to Read More
Previous Article
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को भेंट की पुस्तक
Next Article
CISCE Hosts First National Student Mental Health and Well-Being Conclave; Places Student Voices at the Centre of Educational Discourse

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment