Language Settings

गुजरात के कच्छ में भीषण सड़क हादसा

11 minutes ago

4

0

-ट्रक और कार की टक्कर में उत्तराखंड के 7 लोगों की मौत, तीन मासूम बच्चे भी शामिल
कच्छ (गुजरात)। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित थे।
-रण ऑफ कच्छ घूमकर लौट रहा था परिवार
यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। दोनों परिवार कच्छ के रण में घूमने के बाद कार से वापस भुज लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उनकी कार की तेज रफ्तार ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भी पुलिस ने तत्काल व्यवस्था की।
-हादसे में इन सात लोगों की गई जान
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। हादसे में जान गंवाने वालों में सौरभ सिंह नेगी (30 वर्ष), सविता (30 वर्ष), पत्नी सौरभ सिंह नेगी, शिविका (3 महीने), पुत्री सौरभ सिंह नेगी, राजेश सिंह रावत (35 वर्ष), रक्षिता (7 वर्ष), पुत्री राजेश सिंह रावत, रिंकी गोसाईं (30 वर्ष) और वामिका (4 वर्ष), पुत्री रिंकी गोसाई शामिल है। इस दुर्घटना ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत की खबर से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
- कच्छ में पहले भी हो चुके हैं बड़े सड़क हादसे
गुजरात के कच्छ जिले में सड़क दुर्घटनाओं की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 8 अक्टूबर को खावड़ा क्षेत्र में अरी पार्क के पास पिकअप वाहन और ट्रक की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के समय पिकअप में 15 से अधिक मजदूर सवार थे, जो अपने घर लौट रहे थे। ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में कई लोग घायल भी हुए थे।
-भावनगर में भी सात लोगों की हुई थी मौत
6 अक्टूबर को भावनगर जिले में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रापाज गांव के पास सर्विस रोड पर खड़े एक ट्रेलर से बोलेरो एसयूवी टकरा गई थी। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि एसयूवी में सवार लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड में काम करने जा रहे थे।
-लगातार हो रही ऐसी सड़क दुर्घटनाएं हाईवे पर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। कच्छ के ताजा हादसे में सात लोगों की असमय मौत ने कई परिवारों को कभी न भरने वाला दुख दिया है।

Click here to Read More
Previous Article
डीडवाना में 42 करोड़ रुपये के फर्जी कर क्रेडिट घोटाले में तीन और गिरफ्तार, 60 कंपनियों के जरिए कागजों में दिखाया करोड़ों का कारोबार
Next Article
आपदा प्रबंधन में विश्व की अग्रणी शक्ति बनेगा भारत: गृह मंत्री

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment