Language Settings

भारत पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, जयशंकर से की मुलाकात

8 minutes ago

2

0

-आज पीएम मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक
नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपने पहले द्विपक्षीय भारत दौरे पर रविवार को नई दिल्ली पहुंच गए। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। भारत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री बालेन शाह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। उनके इस दौरे को भारत और नेपाल के बीच संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
-राष्ट्रपति भवन में होगा औपचारिक स्वागत
प्रधानमंत्री बालेन शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। बैठक में दोनों देशों के आपसी संबंधों, सहयोग और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
-अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच ट्रेन का करेंगे उद्घाटन
इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम को जोडऩे वाली प्रस्तावित रेल सेवा का उद्घाटन होगा। दोनों देशों के प्रधानमंत्री इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
-604 किलोमीटर की होगी रेल यात्रा
अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच प्रस्तावित ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके प्रमुख ठहरावों में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी। सप्ताह में एक दिन संचालित होने वाली इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
-धार्मिक पर्यटन के साथ कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
नई रेल सेवा केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आवागमन का नया विकल्प बनेगी। इससे शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक संबंधों के सिलसिले में दोनों देशों के नागरिकों को लाभ मिल सकता है।
प्रधानमंत्री बालेन शाह का यह दौरा भारत-नेपाल संबंधों में सहयोग और सांस्कृतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
----------

Click here to Read More
Previous Article
राहुल गांधी का सरकार पर निशाना, बोले- भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की नहीं है समझ
Next Article
जयपुर में टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment