Language Settings

पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन

7 minutes ago

1

0

-डबल इंजन सरकार के बावजूद ऐसे नतीजे आत्मावलोकन का अवसर: शेखावत
जयपुर। राजस्थान के पंचायतीराज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिले झटके के बाद पार्टी संगठन में हार के कारणों पर मंथन शुरू हो गया है। चुनाव परिणामों को लेकर अब प्रदेश से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चुनावी नतीजों को पार्टी के लिए आत्मावलोकन का अवसर बताया है।
रविवार को जयपुर पहुंचे शेखावत ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान पंचायत चुनाव के परिणामों और पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई।
-डबल इंजन सरकार के बावजूद ऐसे परिणाम चिंतन का विषय
मीडिया से बातचीत करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जहां जीत और हार दोनों की समान ऊर्जा के साथ समीक्षा की जाती है।
प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद इस तरह के चुनाव परिणाम सामने आना निश्चित रूप से सभी के लिए आत्मावलोकन का अवसर है। पार्टी में हर स्तर पर हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी।
-प्रधान और जिला प्रमुख चुनाव के बाद होगी विस्तृत समीक्षा
शेखावत ने कहा कि अभी जिला परिषद और पंचायत समिति के वार्डों के परिणाम सामने आए हैं। इसके बाद प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव होने हैं। पूरी चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पार्टी जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक करेगी। समीक्षा और संवाद के माध्यम से कमियों को समझा जाएगा। जहां सुधार की आवश्यकता होगी, वहां उचित कदम उठाए जाएंगे।
-सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाने में कहां रही कमी, होगा विचार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनावी परिणामों से निराश होकर बैठने वाले नहीं हैं। पार्टी ने लोकसभा में दो सीटों से शुरुआत करके पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तक का लंबा राजनीतिक सफर तय किया है।
अब इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि डबल इंजन सरकार के कामकाज और उसकी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में कहां कमी रह गई। सरकार के प्रदर्शन और योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन किया जाएगा।
शेखावत ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं सुधार की जरूरत महसूस होगी तो उसे दूर किया जाएगा।
-चुनाव परिणामों के बाद भाजपा संगठन में बढ़ी हलचल
पंचायतीराज चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा संगठन में बैठकों और चर्चाओं का दौर तेज होने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री की प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री से मुलाकात को भी इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब प्रधान और जिला प्रमुख के चुनाव के परिणामों के साथ पार्टी की समीक्षा बैठकों पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी।
----------

Click here to Read More
Previous Article
आपदा प्रबंधन में विश्व की अग्रणी शक्ति बनेगा भारत: गृह मंत्री
Next Article
राजस्थान में भूकंप के झटकों से कांपी धरती

Related राजनीति Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment