Language Settings

आपदा प्रबंधन में विश्व की अग्रणी शक्ति बनेगा भारत: गृह मंत्री

9 minutes ago

3

0

आपदा प्रबंधन में विश्व की अग्रणी शक्ति बनेगा भारत: गृह मंत्री
-ईटानगर में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के नए परिसर का अमित शाह ने किया उद्घाटन
ईटानगर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 12वीं बटालियन के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परिसर केवल अरुणाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर और आसपास के कई क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की जान बचाने और राहत एवं बचाव अभियान चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों को भी इसी परिसर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र सरकार पूर्वोत्तर में चौबीसों घंटे आपदा राहत अभियान संचालित करने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक डॉ. महेश दीक्षित और एनडीआरएफ के महानिदेशक पीयूष आनंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-भूकंपरोधी भवनों से सुसज्जित है नया परिसर
अमित शाह ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सहित पूरा पूर्वोत्तर क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील है। ऐसे में ईटानगर में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन का स्थायी परिसर स्थापित होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परिसर के सभी भवन भूकंपरोधी मानकों के अनुसार बनाए गए हैं। यह केंद्र अरुणाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर और आसपास के क्षेत्रों में आपदा के समय राहत एवं बचाव अभियानों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
परिसर में जवानों के प्रशिक्षण के लिए ओलंपिक आकार का तैराकी तालाब और गोताखोरी प्रशिक्षण केंद्र भी बनाया गया है। गृह मंत्री ने घोषणा की कि यह तैराकी तालाब ईटानगर और अरुणाचल प्रदेश के खिलाडिय़ों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में पूर्वोत्तर का कोई खिलाड़ी तैराकी में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएगा और उसकी तैयारी की शुरुआत इसी परिसर से हो सकती है।
-आपदा आने से पहले ही लोगों की सुरक्षा पर जोर
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। पहले सरकारों का दृष्टिकोण मुख्य रूप से आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने और पुनर्वास तक सीमित था, लेकिन अब आपदा से पहले तैयारी, पूर्व चेतावनी, रोकथाम और नुकसान को कम करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
देश अब शून्य जनहानि के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। जैसे ही मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी मिलती है, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके पशुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाता है। विज्ञान और आधुनिक तकनीक की मदद से चक्रवातों की पूर्व चेतावनी देने की क्षमता में काफी सुधार हुआ है। पहले चक्रवात की जानकारी 24 से 48 घंटे पहले मिलती थी, जबकि अब सात दिन पहले तक चेतावनी उपलब्ध हो जाती है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते तैयारी करने और जान-माल के नुकसान को कम करने में बड़ी सहायता मिलती है।
-एनडीआरएफ ने 11 हजार से अधिक अभियान चलाकर बचाई 1.61 लाख लोगों की जान
अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि एनडीआरएफ अब तक 11 हजार से अधिक राहत एवं बचाव अभियान संचालित कर चुका है। इन अभियानों के माध्यम से एक लाख 61 हजार से अधिक लोगों की जान बचाई गई है।
वर्ष 2014 से 2026 के बीच एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और विभिन्न राज्यों की आपदा प्रबंधन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से लाखों लोगों के जीवन की रक्षा की गई है।
-देश के 70 से अधिक स्थानों पर तैनात है एनडीआरएफ
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद एनडीआरएफ के कार्यक्षेत्र और तैनाती का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। वर्तमान में देश के 70 से अधिक स्थानों पर इसकी टीमें तैनात हैं। बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में भी आपदा आने से पहले ही जवानों को पहुंचाने की व्यवस्था की जाती है।
पिछले कुछ वर्षों में आए कई चक्रवातों के दौरान समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अनेक चक्रवातों में एक भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होना बेहतर पूर्व तैयारी और प्रभावी आपदा प्रबंधन का परिणाम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकारों की एजेंसियों को एक मजबूत और समन्वित व्यवस्था के तहत काम करने के लिए तैयार किया गया है। इसका लाभ देश के हर हिस्से में दिखाई दे रहा है।
-जापान, नेपाल और तुर्किये में भी एनडीआरएफ ने किया राहत अभियान
गृह मंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ ने केवल भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। जापान, नेपाल, तुर्किये और श्रीलंका सहित कई देशों में आपदा के दौरान भारतीय जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर देश का गौरव बढ़ाया है। पहले जब भारत में बड़ी आपदा आती थी, तब दूसरे देशों की आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियां सहायता के लिए पहुंचती थीं। लेकिन अब भारत की एनडीआरएफ दुनिया के विभिन्न देशों में जाकर आपदा प्रभावित लोगों की सहायता कर रही है।
-पूर्वोत्तर के आठों राज्यों के जवानों को मिलेगा प्रशिक्षण
अमित शाह ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए मजबूत आपदा प्रबंधन व्यवस्था की आवश्यकता है।
ईटानगर में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन का नया परिसर स्थापित होने से पूरे पूर्वोत्तर में राहत एवं बचाव अभियानों को नई मजबूती मिलेगी।
-आठ करोड़ से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के क्षेत्र में गृह मंत्रालय की पहल का भी उल्लेख किया।
गृह मंत्रालय ने वर्ष 2019 से 2026 के बीच आठ करोड़ से अधिक पौधों के रोपण एवं संवर्धन का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और एनडीआरएफ के जवान भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
-आपदा प्रबंधन में विश्व की अग्रणी शक्ति बनने की ओर भारत
ईटानगर में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के नए परिसर का उद्घाटन पूर्वोत्तर में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, भूकंपरोधी भवनों और सभी आठ राज्यों के आपदा प्रतिक्रिया बलों के प्रशिक्षण की व्यवस्था से क्षेत्र की आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।
केंद्र सरकार का लक्ष्य केवल आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि पहले से तैयारी करके जनहानि को न्यूनतम करना है।  एनडीआरएफ आने वाले समय में विश्व की सबसे सक्षम आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों में शामिल होगा और भारत आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा।
-----------------