Language Settings

राजस्थान पंचयात चुनाव: 269 पंचायत समितियों में कांग्रेस और 73 में भाजपा जीती

1 hour ago

9

0

राजस्थान पंचयात चुनाव: 269 पंचायत समितियों में कांग्रेस और 73 में भाजपा जीती

-जोधपुर में कहीं भी बीजेपी को बहुमत नहीं, मंत्री खर्रा पत्नी-बेटों को नहीं जिता पाए

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है।

प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस 269 पंचायत समितियों, भाजपा 73 और अन्य 60 में जीते हैं, जबकि 17 में किसी दल को बहुमत नहीं है। जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। भाजपा को चौमूं और सांभर लेक, वहीं आरएलपी को सांगानेर में बहुमत मिला है। अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबरी और दूद में किसी को बहुमत नहीं मिला।

-कई बड़े उलटफेर भी देखने को मिले।

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी, बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव हार गए। खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी चुनाव हार गईं।

-सचिन पायलट के गढ़ टोंक में कांग्रेस की आंधी

टोंक जिले में कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है, जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को सिर्फ 5 सीटें मिली हैं। जिले की आठ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत हासिल हुआ है।

-चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने बचाई सियासी प्रतिष्ठा

चूरू जिला परिषद चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के परिवार को बड़ी सफलता मिली है। उनके बेटे पराक्रम राठौड़ ने 7,810 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि बहू कनिका राठौड़ ने 2,384 वोटों से चुनाव जीता। दूसरी तरफ कांग्रेस के दो विधायकों के परिवारों को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया चुनाव हार गईं। वहीं विधायक अनिल शर्मा के भाई को भी हार मिली है। इन नतीजों के बाद राजेंद्र राठौड़ अपनी सियासी प्रतिष्ठा बचाने में कामयाब रहे हैं।

-जोधपुर में 23 में से 18 पंचायत समितियों में बहुमत

जोधपुर जिले में पंचायत राज चुनाव के नतीजों ने ग्रामीण राजनीति की तस्वीर बदल दी है। जिले की 23 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 18 पर बहुमत हासिल कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 5 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि भाजपा जिले की एक भी पंचायत समिति में बहुमत हासिल नहीं कर सकी।

जोधपुर में कांग्रेस की इस जीत को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका गृह जिला है।

-प्रतापगढ़ में भाजपा को झटका

प्रतापगढ़ जिले में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने भाजपा के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के गृह जिले और उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। जिला परिषद की कुल 25 सीटों में कांग्रेस ने 11 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई है। भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी ने 7-7 सीटों पर जीत दर्ज की।

अब जिला प्रमुख के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। -बीकानेर में कांग्रेस की बड़ी जीत

बीकानेर जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने सियासी तस्वीर बदल दी है। जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है। जिला परिषद की कुल 41 सीटों में कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा बनाया है।

बीकानेर में कांग्रेस ने जिला परिषद की 41 में से 30 सीटें जीतकर भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाई है। अब सबकी नजर जिला प्रमुख के चुनाव और पंचायत समितियों में बोर्ड गठन पर है।

 -दौसा में कांग्रेस की रिकॉर्ड जीत

दौसा जिले में भाजपा को पंचायत चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। जिला परिषद की कुल 37 सीटों में कांग्रेस ने 35 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की, जबकि भाजपा महज 2 सीटों पर सिमट गई. जिले की 14 पंचायत समितियों में भी भाजपा को कहीं स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या देवी चुनाव हार गईं। पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल के बेटे रोहित बंशीवाल और सुमेर सिंह की पत्नी पिंकी गुर्जर को भी हार मिली। दूसरी ओर पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना और विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा ने जीत दर्ज की।

-झुंझुनूं में कांग्रेस का दबदबा

झुंझुनूं जिले में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है. जिला परिषद की 41 सीटों में से कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 14 पंचायत समितियों में से 9 में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला।

-सीकर में भी कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा को झटका

सीकर जिला परिषद चुनाव के नतीजों में भी कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को बड़ा झटका लगा है। नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल रहा। मतगणना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने जीत की खुशी जाहिर की।

कुल मिलाकर पंचायत चुनाव के नतीजों ने राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं। दौसा, जोधपुर, बीकानेर, झुंझुनूं और सीकर जैसे जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा है।

-राजसमंद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, भाजपा को झटका

राजसमंद जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कुल 29 सीटों में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा के खाते में 13 सीटें गई हैं। जिले की नौ पंचायत समितियों में से सात में कांग्रेस को बहुमत मिला है।

-चित्तौडग़ढ़ में कांग्रेस का दबदबा, भैंसरोडग़ढ़ में 9 सीटों पर जीत

चित्तौडग़ढ़ जिले की भैंसरोडग़ढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कुल 15 सीटों में से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती हैं। भाजपा को 5 और रालोपा को एक सीट मिली है।

खैरथल-तिजारा जिले की पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है। घोषित 109 सीटों में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा को 32 सीटें मिली हैं। यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 सीटों पर जीत दर्ज की है. बसपा को 3 सीटें मिली हैं।

-डीडवाना में कांग्रेस को झटका, मकराना में रालोपा का कब्जा

डीडवाना-कुचामन जिले की मकराना पंचायत समिति में कांग्रेस को करारी हार मिली है। कुल 17 सीटों में से रालोपा ने 10 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. भाजपा को 4, कांग्रेस को सिर्फ एक और निर्दलीयों को 2 सीटें मिली हैं।

-लाडनूं में भाजपा का दबदबा, यूनुस खान का प्रयोग बेअसर

डीडवाना-कुचामन की लाडनूं पंचायत समिति में भाजपा ने 13 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बनाई है। कांग्रेस को 8, रालोपा को 5 और निर्दलीय प्रत्याशी को एक सीट मिली है।

-अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर टिकी नजरें

पंचायत चुनाव के इन नतीजों में कांग्रेस ने टोंक, राजसमंद और कई अन्य क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया है। वहीं भाजपा को चूरू में राजेंद्र राठौड़ के परिवार की जीत और लाडनूं में अच्छे प्रदर्शन से राहत मिली है. दूसरी तरफ मकराना और इटावा-बामनिया में रालोपा ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को चुनौती दी है. अब चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के पदों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है। 

 

Click here to Read More
Previous Article
चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का अभिनंदन, दीपावली पर भेंट किए उपहार
Next Article
छात्राओं के लिए एक विशेष फिल्म ‘‘आँखों देखी’’ का प्रदर्शन किया

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment