Language Settings

वैज्ञानिकों ने विकसित की रंग बदलने में सक्षम स्थिर श्वेत एलईडी तकनीक

1 day ago

21

0


पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल से तैयार हुई नई प्रकाश तकनीक, कांच और लचीले प्लास्टिक दोनों पर किया गया सफल परीक्षण
नई दिल्ली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारतीय शोधकर्ताओं ने श्वेत प्रकाश उत्सर्जक डायोड (एलईडी) के निर्माण के लिए एक नई तकनीक विकसित की है। इससे अधिक स्थिर, किफायती, लचीले और बड़े पैमाने पर तैयार किए जा सकने वाले प्रकाश उपकरणों के विकास का रास्ता खुला है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर नैनो एंड सॉफ्ट मैटर साइंसेज के शोधकर्ताओं ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल की है।शोधकर्ताओं ने हैलाइड पेरोवस्काइट नैनोक्रिस्टल का उपयोग करते हुए ऐसी दोहरी सुरक्षा व्यवस्था विकसित की है, जिससे अलग-अलग रंगों का आपस में मिश्रण होने से रोका जा सकता है। दरअसल, पेरोवस्काइट आधारित प्रकाश उपकरणों में हरे और लाल रंग के उत्सर्जक पदार्थों के संपर्क में आने से उनके आयनों का आदान-प्रदान होने लगता है। इससे रंगों की शुद्धता प्रभावित होती है और प्रकाश का मूल स्वरूप बदल जाता है।इस समस्या के समाधान के लिए शोधकर्ताओं ने पहले लेड सेलेनाइड की सहायता से क्रिस्टल की सतह पर मौजूद रिक्तियों को कम किया। इसके बाद एल्युमिनियम ऑक्साइड की पांच से छह नैनोमीटर मोटी पारदर्शी सुरक्षात्मक परत तैयार की, जो आयनों के प्रसार को रोकती है। स्प्रे कोटिंग तकनीक से तैयार किए गए इन उपकरणों का कांच और लचीले प्लास्टिक दोनों पर सफल परीक्षण किया गया। शोधकर्ताओं के अनुसार, अनुकूलित उपकरण लगातार 24 घंटे तक स्थिर श्वेत प्रकाश उत्सर्जित करने में सक्षम रहे।
इस तकनीक की विशेषता यह भी है कि विद्युत धारा में बदलाव करके प्रकाश को मंद या गर्म रंगत वाला बनाया जा सकता है। शोध पत्रिका ‘स्मॉल’ में प्रकाशित यह अध्ययन भविष्य में स्मार्टफोन और ऊर्जा दक्ष प्रकाश उपकरणों के निर्माण में उपयोगी साबित हो सकता है। हालांकि, व्यावसायिक उपयोग से पहले सीसे की विषाक्तता को कम करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प विकसित करने की आवश्यकता बनी हुई है।
-------------------------

Click here to Read More
Previous Article
अगले दो दशकों में विद्युत क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना
Next Article
किशोरियों और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नव्या-2.0 का शुभारंभ कल

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment