Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    एमजीडी वार्षिकोत्सव : 'माई' में दिखी नारी शक्ति

    2 hours ago

    लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन रहे मुख्य अतिथि ; मंच पर जीवंत हुए प्रेरक किरदार

    महारानी गायत्री देवी (एमजीडी) गर्ल्स स्कूल में विद्यालय का 83वाँ वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (से.नि.) रहे, जिनका विद्यालय परिसर में पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरपर्सन महाराज जय सिंह, डायरेक्टर श्रीमती अर्चना एस. मनकोटिया और प्राचार्या श्रीमती प्रमेन्द्र खंगारोत सहित शिक्षक, अभिभावक एवं छात्राएँ उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के चेयरपर्सन महाराज जय सिंह ने छात्राओं को अनुशासन, सतत परिश्रम और जीवन-मूल्यों को अपनाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। निदेशिका श्रीमती अर्चना एस. मनकोटिया ने विद्यालय का वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए छात्राओं की अकादमिक व पाठ्येतर गतिविधियों की उपलब्धियों को साझा किया।

    समारोह का मुख्य आकर्षण नवदुर्गा की थीम पर आधारित विशेष सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति 'माई' रही। इसमें यह प्रभावशाली संदेश दिया गया कि माँ दुर्गा के जिन नौ रूपों की हम पूजा करते हैं और वे जो शक्तियाँ प्रदान करती हैं, वे अलौकिक होने के साथ-साथ हमारे समाज की आम महिलाओं के भीतर भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं। छात्राओं ने अपने सजीव अभिनय से दिखाया कि मातृत्व और करुणा की यह देवीय शक्ति अनाथों का सहारा बनीं सिंधुताई सपकाल, प्रकृति संरक्षण के लिए जीवन न्योछावर करने वाली खेजड़ली की अमृता देवी, पर्यावरण संवर्धन में जुटीं कोल्लम की देवकी अम्मा और एसिड अटैक के दर्द को मात देकर दूसरों की आवाज़ बनीं लक्ष्मी अग्रवाल जैसी वीरांगनाओं में स्पष्ट दिखाई देती है। समाज को नई दिशा देने वाली इन महिलाओं के प्रेरक किरदारों के माध्यम से यह रेखांकित किया गया कि विपरीत परिस्थितियों से लड़कर बदलाव लाने की शक्ति हर नारी में निहित है। इस प्रस्तुति ने सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

    इसके साथ ही छात्राओं ने शास्त्रीय और पाश्चात्य संगीत के संगम से सजी सुमधुर ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति भी दी। समारोह के दौरान उच्च शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों—वाणिज्य, मानविकी, विज्ञान, विधि और सीए में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पूर्व व वर्तमान मेधावी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं की प्रतिभा और लगन की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले 26 अक्टूबर को सेवा भारती समिति, जयपुर के वार्षिकोत्सव में

    Related धर्म और अध्यात्म Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment