Language Settings

राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव

3 hours ago

5

0

राजस्थान में कांग्रेस का दबदबा, 37 में से 25 जिलों में उप जिला प्रमुख बनाए; भाजपा 8 पर सिमटी

जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के बाद गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर कांग्रेस की मजबूत स्थिति उजागर कर दी। प्रदेश के 37 जिला परिषदों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 25 जिलों में उप जिला प्रमुख पद पर जीत हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी स्थिति कायम रखी। वहीं भाजपा को आठ जिलों में सफलता मिली। भारत आदिवासी पार्टी ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक जिले में अपना उप जिला प्रमुख बनाया। एक दिन पहले हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10, भारत आदिवासी पार्टी ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक जिले में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने अपना प्रदर्शन और मजबूत करते हुए भाजपा को पीछे छोड़ दिया। चुनाव में कई जिलों में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। कहीं क्रॉस वोटिंग ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए तो कहीं बराबर मत मिलने के बाद लॉटरी से परिणाम तय हुआ। पाली में कांग्रेस के तीन सदस्यों की क्रॉस वोटिंग की चर्चा रही, जबकि बालोतरा में भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी होने के बाद पर्ची से फैसला करना पड़ा। 

-चूरू में कांग्रेस ने तीन मतों से पलटी बाजी 

जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को कड़े मुकाबले में पराजित कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशी छोटूलाल मेघवाल ने भाजपा के नरेश सहारण को तीन मतों से हराकर उप जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमा लिया।

ब्यावर में कांग्रेस को झटका 

नवगठित ब्यावर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। भाजपा प्रत्याशी टीकम सिंह ने 15 मत हासिल कर कांग्रेस उम्मीदवार को पराजित किया और जिले के पहले उप जिला प्रमुख बनने का गौरव प्राप्त किया।

 बीकानेर में कांग्रेस का दोहरा कब्जा

जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी। कांग्रेस प्रत्याशी मदन चौहान ने 31 मत हासिल कर भाजपा उम्मीदवार मांगीलाल को पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी को केवल आठ मतों से संतोष करना पड़ा।

 सीकर में कांग्रेस के रमेश बेरवाल ने भाजपा को दी शिकस्त जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी रमेश बेरवाल ने भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल गुर्जर को बड़े अंतर से पराजित कर उप जिला प्रमुख पद हासिल किया।

 जोधपुर में कांग्रेस के ओमप्रकाश बिश्नोई की बड़ी जीत जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश बिश्नोई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार भाकरराम बावरी को 26 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर उप जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया।

-राजस्थान में कहां से कौन बना उप जिला प्रमुख

क्र.सं. जिला जिला प्रमुख का नाम पार्टी

1 अजमेर सुनीता भाजपा

2 अलवर अर्जुन सिंह कांग्रेस

3 बालोतरा जसाराम भाजपा

4 बांसवाड़ा प्रियंका कुंवर भाजपा

5 बाड़मेर प्रेम कंवर कांग्रेस

6 ब्यावर टीकम सिंह भाजपा

7 भरतपुर राजेश कांग्रेस

8 भीलवाड़ा सुनीता देवी कौशिक कांग्रेस

9 बीकानेर मदन लाल कांग्रेस

10 बूंदी उच्छब लाल कांग्रेस

11 चित्तौड़गढ़ रामेश्वर लाल धाकड़ कांग्रेस

12 चूरू छोटू लाल कांग्रेस

13 दौसा छोटू राम मीना कांग्रेस

14 डीडवाना-कुचामन हितेश्वर कुमार कांग्रेस

15 डीग नीलम रावत कांग्रेस

16 धौलपुर वीर सिंह मीणा कांग्रेस

17 डूंगरपुर मंजुला देवी रोत भारत आदिवासी पार्टी

18 हनुमानगढ़ रामकुमार कांग्रेस

19 जयपुर सुनील कुमार कुमावत कांग्रेस

20 जैसलमेर हरीश धनदेव कांग्रेस

21 जालोर ममता कांग्रेस

22 झालावाड़ कुशवंत नागर भाजपा

23 झुंझुनूं आशुतोष कांग्रेस

24 जोधपुर ओम प्रकाश बिश्नोई कांग्रेस

25 खैरथल-तिजारा अंजू भाजपा

26 कोटपूतली-बहरोड़ रमा गुर्जर कांग्रेस

27 नागौर अंजू RLP

28 पाली हेमन्त कुमार चौधरी भाजपा

29 फलोदी विमला कांग्रेस

30 प्रतापगढ़ रमेश चन्द्र मीणा भारत आदिवासी पार्टी

31 राजसमंद उदय सिंह कांग्रेस

32 सवाई माधोपुर मुकेश कांग्रेस

33 सलूंबर सुरेश कुमार सोनु भारत आदिवासी पार्टी

34 सीकर रमेश बेरवाल कांग्रेस

35 सिरोही लखमा राम कांग्रेस

36 टोंक आशाराम नागर कांग्रेस

37 उदयपुर दलीचन्द डांगी भाजपा

 

----------------------- 

 

Click here to Read More
Previous Article
राजस्थान सीईटी 12वीं स्तर का एडमिट कार्ड जारी, परीक्षा 1 से 3 दिसंबर
Next Article
लोकसभा में 30 नवंबर और राज्यसभा में 2 दिसंबर... सरकार बुलाने जा रही संसद का विशेष सत्र

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment