Language Settings

भारत की डेयरी शक्ति ने दुनिया में बनाई नई पहचान, दस साल में दूध उत्पादन 69 प्रतिशत बढ़ा

1 hour ago

2

0

247.87 मिलियन टन तक पहुंचा वार्षिक उत्पादन, 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को मिल रहा रोजगार; डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत

 

 

भारत ने वैश्विक दुग्ध उत्पादन में अपनी अग्रणी स्थिति को लगातार मजबूत किया है। देश में वर्ष 2014-15 के मुकाबले वर्ष 2024-25 में दूध उत्पादन में 69.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस अवधि में उत्पादन 146.31 मिलियन टन से बढ़कर 247.87 मिलियन टन पहुंच गया। भारत का योगदान वैश्विक दुग्ध उत्पादन में लगभग एक चौथाई है। यह उपलब्धि देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों की आजीविका और पोषण सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस की पूर्व संध्या पर जारी जानकारी के अनुसार, भारत में डेयरी क्षेत्र केवल कृषि आधारित व्यवसाय नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों की आय और रोजगार का प्रमुख आधार बन चुका है। देश के लगभग 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवार डेयरी गतिविधियों से जुड़े हैं। इस क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। डेयरी कार्यबल में करीब 70 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की है। हर वर्ष 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाता है। यह दिन श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में समर्पित है। इसका उद्देश्य डेयरी सहकारी आंदोलन में उनके योगदान और देश के दुग्ध उत्पादकों की मेहनत को सम्मान देना है।

 

प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता में भी बड़ा इजाफा

 

दूध उत्पादन में वृद्धि के साथ देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी बढ़ी है। वर्ष 2014-15 में जहां यह 319 ग्राम प्रतिदिन थी, वहीं वर्ष 2024-25 में बढ़कर 485 ग्राम हो गई। इसी अवधि में औसत गाय दुग्ध उत्पादकता 1,640 किलोग्राम से बढ़कर 2,800 किलोग्राम प्रति पशु प्रतिवर्ष पहुंच गई। देश के प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्यों में उत्तर प्रदेश 15.66 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद राजस्थान 14.82 प्रतिशत, मध्य प्रदेश 9.12 प्रतिशत, गुजरात 7.78 प्रतिशत और महाराष्ट्र 6.71 प्रतिशत के साथ प्रमुख उत्पादक राज्यों में शामिल हैं। इन पांच राज्यों की कुल हिस्सेदारी देश के दूध उत्पादन में 54.09 प्रतिशत है।

 

सहकारी समितियां बनीं डेयरी अर्थव्यवस्था की ताकत

 

देश में डेयरी सहकारी व्यवस्था किसानों को संगठित बाजार, नियमित खरीद और बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस नेटवर्क में 22 दुग्ध संघ, 241 जिला सहकारी दुग्ध संघ, 28 विपणन डेयरियां और 25 दुग्ध उत्पादक संगठन शामिल हैं। करीब 2.45 लाख गांवों के 1.65 करोड़ डेयरी किसान इससे जुड़े हैं। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की सहयोगी संस्था के माध्यम से स्थापित 25 दुग्ध उत्पादक संगठनों में 18 पूरी तरह महिला सदस्यों वाले संगठन हैं। ये संगठन 12 राज्यों के 175 जिलों में 13 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादकों को जोड़ते हैं। इनमें लगभग 78 प्रतिशत उत्पादक महिलाएं हैं। ये संगठन प्रतिदिन करीब 70 लाख लीटर दूध खरीदते हैं। 31 अक्टूबर 2026 तक डेयरी सहकारी समितियों ने प्रतिदिन 690.90 लाख किलोग्राम दूध की खरीद और 462.95 लाख लीटर तरल दूध की बिक्री दर्ज की।

 

श्वेत क्रांति 2.0 से गांवों में बढ़ेगा सहकारी नेटवर्क

 

डेयरी क्षेत्र को नई गति देने के लिए श्वेत क्रांति 2.0 के तहत वर्ष 2028-29 तक 75 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने और 46,422 मौजूदा समितियों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। 31 अक्टूबर 2026 तक 24,097 नई समितियां गठित की जा चुकी हैं, जबकि 31,394 समितियों को सुदृढ़ किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और वैज्ञानिक प्रजनन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4,019 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां कार्यरत हैं। इनसे करीब 1.5 करोड़ किसानों को घर तक पशु चिकित्सा सेवाएं मिली हैं। डेयरी प्रसंस्करण, शीत भंडारण, पशु स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण चारा और आधुनिक तकनीक में निवेश से इस क्षेत्र को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ भारत की डेयरी क्षमता को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना है।

Click here to Read More
Previous Article
होम्योपैथी की विश्वसनीयता वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रमाणों से होगी मजबूत : राष्ट्रपति
Next Article
काशी तमिल संगमम 5.0 में तिरुक्कुरल बनेगा राष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद का आधार

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment