Language Settings

होम्योपैथी की विश्वसनीयता वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रमाणों से होगी मजबूत : राष्ट्रपति

1 hour ago

1

0

भुवनेश्वर में राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया संबोधित, शोध की गुणवत्ता, पारदर्शिता और चिकित्सकीय जवाबदेही पर दिया जोर

 

भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि होम्योपैथी की भविष्य की विश्वसनीयता और अकादमिक प्रतिष्ठा काफी हद तक वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रामाणिकता तथा उससे प्राप्त चिकित्सकीय प्रमाणों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। इसके लिए अनुसंधान संस्थानों, चिकित्सा महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और व्यावसायिक संगठनों को मिलकर शोध की मजबूत संस्कृति विकसित करनी होगी। राष्ट्रपति बुधवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित होम्योपैथी पर राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी भारत की विविधतापूर्ण स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पिछले वर्षों में इसका संस्थागत विस्तार हुआ है और शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा जनस्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से इसकी पहुंच लोगों तक बढ़ी है। राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा पद्धति का विकास केवल संस्थानों के विस्तार से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और पेशेवर जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता से संभव है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान उचित कार्यप्रणाली, सुव्यवस्थित चिकित्सकीय अध्ययनों, सटीक दस्तावेजीकरण और पारदर्शी रिपोर्टिंग पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने बहुकेंद्रित अध्ययनों, व्यवस्थित समीक्षाओं, साक्ष्यों के विश्लेषण और मौलिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही विश्वसनीय चिकित्सकीय आंकड़ों का संग्रह तैयार करने पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, शोध में बौद्धिक ईमानदारी बेहद जरूरी है। अनुसंधान की सीमाओं को स्वीकार करना, प्रतिकूल निष्कर्षों को भी सार्वजनिक करना और वैज्ञानिक प्रमाणों के अनुरूप परिणाम प्रस्तुत करना एक जिम्मेदार शोध संस्कृति की पहचान है।

 

चिकित्सा में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण जरूरी

 

राष्ट्रपति ने युवा होम्योपैथिक चिकित्सकों से जिज्ञासु बने रहने, सवाल पूछने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशा केवल शैक्षणिक योग्यता हासिल करने तक सीमित नहीं है। इसके लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुशासन, ईमानदारी, समानुभूति और जीवनभर सीखने की प्रतिबद्धता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों में जांच करने का साहस, प्रमाण तलाशने का धैर्य और नए ज्ञान को स्वीकार करने की विनम्रता होनी चाहिए। प्रत्येक रोगी के पीछे एक इंसान होता है, जिसकी अपनी आशाएं, आशंकाएं और गरिमा होती है। इसलिए चिकित्सा सेवाओं में मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च महत्व दिया जाना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। देश के संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों को ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था बनाने में योगदान देना चाहिए, जो सुलभ, न्यायसंगत, वैज्ञानिक रूप से जवाबदेह और संवेदनशील हो। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन शोध संवाद को नई दिशा देने, संस्थागत सहयोग बढ़ाने और सक्षम, नैतिक तथा सामाजिक रूप से जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

 

 

---------------

Click here to Read More
Previous Article
कठिन इलाकों में संयुक्त अभियानों पर फोकस
Next Article
भारत की डेयरी शक्ति ने दुनिया में बनाई नई पहचान, दस साल में दूध उत्पादन 69 प्रतिशत बढ़ा

Related देश Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment