Language Settings

छह दिसंबर को होगी आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा, सुबह 9:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश; एनटीए ने जारी किए दिशा-निर्देश

2 hours ago

12

0

राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (आरआईएमसी) में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा छह दिसंबर 2026 को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) रक्षा मंत्रालय की ओर से इस परीक्षा का आयोजन करेगी। परीक्षा को लेकर एजेंसी ने अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का समय, भोजन की व्यवस्था और अलग-अलग विषयों की परीक्षा से संबंधित नियम निर्धारित किए गए हैं। एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे से 9:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। सुबह 9:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बना लें और अंतिम समय की जल्दबाजी से बचें।

तीन चरणों में होगी परीक्षा

 

आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा तीन विषयों की लगातार पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में अंग्रेजी का प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 12:45 बजे तक भोजनावकाश दिया जाएगा। दूसरी पाली में गणित की परीक्षा दोपहर एक बजे से 2:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद 15 मिनट का अंतराल रहेगा। तीसरी और अंतिम पाली में सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र दोपहर तीन बजे से शाम चार बजे तक होगा।

 

अभ्यर्थियों को साथ लाना होगा भोजन

 

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। वे अपने साथ सैंडविच, पराठे और फल जैसे सूखे खाद्य पदार्थ ला सकते हैं। भोजन टिफिन में होना चाहिए और उस पर अभ्यर्थी का नाम तथा आवेदन संख्या स्पष्ट रूप से लिखी होनी चाहिए। टिफिन परीक्षा कक्ष में निरीक्षक की ओर से निर्धारित स्थान पर रखना होगा। भोजनावकाश के दौरान अभ्यर्थी केंद्र अधीक्षक द्वारा बताए गए स्थान पर भोजन कर सकेंगे। उन्हें दोपहर 12:45 बजे तक अपनी निर्धारित सीट पर वापस पहुंचना अनिवार्य होगा।

 

परीक्षा पूरी होने तक केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं

 

एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुरक्षा जांच पूरी होने और परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को पूरी परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। गणित और सामान्य ज्ञान के बीच मिलने वाले 15 मिनट के अंतराल में अभ्यर्थी शौचालय जा सकेंगे, लेकिन अगला प्रश्नपत्र शुरू होने से पहले उन्हें अपनी सीट पर लौटना होगा। एनटीए ने अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी प्रवेश पत्र पर दर्ज सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है। परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर लेने को कहा गया है।

 

---------------

Click here to Read More
Previous Article
अमेरिका की नई 25% टैरिफ की चेतावनी पर भारत का जवाब, सरकार ने कहा- अमेरिकी नोटिस की जांच जारी
Next Article
नवोदय विद्यालय कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी, 28 नवंबर को होगी परीक्षा; ऐसे करें डाउनलोड

Related जॉब और कॅरियर Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment