Language Settings

राजस्थान में बढ़ी सर्दी की रफ्तार

13 minutes ago

3

0

-माउंट आबू में जमने लगी बर्फ फतेहपुर में भी पारा 6 डिग्री के करीब
जयपुर/सिरोही। राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत और पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। शेखावाटी से लेकर अरावली की पहाडिय़ों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में ठंड का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। यहां तापमान गिरने के साथ खुले स्थानों पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं और वाहनों पर बर्फ की सफेद परत दिखाई दे रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और शाम की ठंड बढ़ेगी।
सिरोही जिले के माउंट आबू में सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है। रात के तापमान में गिरावट के कारण यहां सुबह घरों और होटलों के बाहर खड़े वाहनों की छतों पर बर्फ की परत दिखाई देने लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खुले स्थानों पर ओस की बूंदें जमने से ठंड का असर और अधिक महसूस हो रहा है। सुबह पर्यटक और स्थानीय लोग जब घरों से बाहर निकले तो कारों पर जमी बर्फ देखकर मौसम की सख्ती का अंदाजा लगाया जा सकता था।
ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, बर्फ जमने के नजारे देखने के लिए पर्यटकों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।
-फतेहपुर में लगातार चौथे दिन 6 डिग्री के आसपास तापमान
शेखावाटी क्षेत्र में भी सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। कृषि अनुसंधान केंद्र में न्यूनतम तापमान करीब 5.7 से 6.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
वहीं, यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। उत्तरी और पूर्वी हवाओं के प्रभाव से 17 नवंबर से ही रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
लगातार चौथे दिन पारा 6 डिग्री के आसपास रहने से सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है। लोग अब गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
-उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
राजस्थान में सर्दी बढऩे की प्रमुख वजह उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाएं हैं। इन हवाओं के कारण प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
चूरू, सीकर, झुंझुनूं, फतेहपुर और नागौर में ठंड का असर अधिक दिखाई दे रहा है। वहीं सिरोही में भी तापमान में गिरावट के साथ अधिकतम तापमान करीब 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में सुबह हल्की धुंध और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है।
मौसम में बदलाव के पीछे प्रशांत महासागर में सक्रिय ला नीना परिस्थितियों को भी एक संभावित कारक माना जा रहा है। हालांकि राजस्थान में फिलहाल ठंड बढऩे की तात्कालिक वजह उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाएं और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का प्रभाव है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में माउंट आबू सहित प्रदेश के ठंडे इलाकों में तापमान और नीचे जा सकता है।
-27 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 27 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं, जबकि रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।
--------------

Click here to Read More
Previous Article
जयपुर में वीआईपी मेहमानों का जमावड़ा, पंकजा मुंडे खाटूश्यामजी-सालासर दर्शन को पहुंचीं
Next Article
भरतपुर में जिला प्रमुख चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, विश्वेन्द्र सिंह की पोस्ट ने बढ़ाई चर्चाएं; बोले- 25 नवंबर को पलट सकती है बाजी

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment