Language Settings

संविधान का मूल ढांचा ही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है” : जस्टिस महावीर शर्मा

13 minutes ago

1

0

संविधान दिवस पर विशिष्ट व्याख्यान एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन

जयपुर। संविधान दिवस के अवसर पर राजीव गांधी स्टडी सर्कल एवं बियानी लॉ कॉलेज कालवाड़ के संयुक्त तत्वावधान में विशिष्ट व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधान सचिव, राजस्थान विधानसभा एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश श्री महावीर शर्मा, राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर के पूर्व अध्यक्ष प्रो. बी.एम. शर्मा, डीन एवं प्रिंसिपल डॉ. ध्यान सिंह गोठवाल, बियानी लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार वर्मा तथा विधि विभागाध्यक्ष डॉ. सोनम रत्नू द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना प्रस्तुत की गई तथा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

 

बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के डीन एवं प्रिंसिपल डॉ. ध्यान सिंह गोठवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण लंबे विचार-विमर्श के बाद किया गया, ताकि प्रत्येक नागरिक को समानता और न्याय मिल सके। संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है और युवाओं को इसके मूल्यों को समझकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने प्रेरक पंक्तियां साझा करते हुए कहा, "फुर्सत मिले तो पढ़ना मुझे, मैं तुम्हारी मुश्किलों का मुवक्किल समाधान हूँ, मैं भारत का संविधान हूँ।"

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री महावीर शर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की विशेषताओं, न्यायपालिका की भूमिका, न्यायिक पुनरावलोकन एवं संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने अनुच्छेद 13, 32 एवं 226 तथा गोलकनाथ, केशवानंद भारती और मेनका गांधी जैसे महत्वपूर्ण न्यायिक मामलों का उल्लेख करते हुए संविधान के मूल ढांचे के सिद्धांत को समझाया। उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है और संसद को संशोधन का अधिकार होने के बावजूद इसके मूल ढांचे को बदला नहीं जा सकता। साथ ही, उन्होंने विधायी प्रक्रिया एवं कानून निर्माण के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए स्पष्ट और प्रभावी कानूनों की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

वहीं, प्रो. बी.एम. शर्मा ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान की विशिष्टताओं एवं मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारतीय संविधान को एक अनूठा एवं विस्तृत संविधान बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही, यूपीएससी एवं आरपीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करते हुए विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में खुशी शेखावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विपक्ष में शैली कपूर प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अनन्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का संदेश दिया गया।

 

Click here to Read More
Previous Article
संविधान दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कार्यक्रम
Next Article
हिन्दी ग्रंथ अकादमी ने लगाई पुस्तक प्रदर्शनी

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment