Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    बुजुर्गों के सपनों को पंख : वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 का शंखनाद

    5 hours ago

    दुर्गापुरा स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुई पहली स्पेशल ट्रेन

    -देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की सबसे महत्वाकांक्षी और लोकप्रिय 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 का सोमवार को भव्य आगाज हो गया। योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन को देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर और रिबन काटकर रवाना किया। यह ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां एक दिन का ठहराव होगा। अगले दिन सभी यात्रियों कोट्रेन से मदुरई लाया जाएगा, जहां सभी को मीनाक्षी मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। उसके उपरांत ट्रेन पुन: रवाना होकर 20 जुलाई को जयपुर पहुंचेगी। ट्रेन की रवानगी के उपलक्ष्य में दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक विशेष और भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरा स्टेशन परिसर भजनों और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों से बेहद आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना।

    रामेश्वरम में मुझे भी देवदर्शन का नहीं मिला सौभाग्य : देवस्थान मंत्री

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा-"आप लोग बहुत ही सौभाग्यशाली हैं" आपको श्री रामनाथ स्वामी (रामेश्वरम) के दर्शन का बुलावा आया है। यह बुलावा केवल एक यात्रा नहीं है, यह ईश्वर की असीम कृपा और आपके पूर्व जन्मों के पुण्यों का फल है। मंत्री ने एक बहुत ही सरल और जमीन से जुड़ी बात कही। उन्होंने बड़े ही सहज भाव से स्वीकार किया कि आज तक उन्हें भी रामेश्वरम में साक्षात दर्शन का यह पावन अवसर नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि इस सौभाग्य के पीछे जो सबसे बड़ा माध्यम बने हैं, वे हैं हमारे प्रदेश के यशस्वी, संवेदनशील और दूरदर्शी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। मैं इस मंच से मुख्यमंत्री जी का कोटि-कोटि धन्यवाद करना चाहता हूँ, जिनकी बदौलत आज राजस्थान का आम नागरिक, हमारे बुजुर्ग और श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक चिंता के, पूरे सम्मान के साथ इतनी बड़ी तीर्थ यात्रा पर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने केवल सरकार नहीं चलाई है, बल्कि हर राजस्थानी के परिवार के बेटे का फर्ज निभाया है। कुमावत ने कहा कि रामेश्वरम वह पवित्र स्थान है जहाँ भक्ति और शक्ति का मिलन होता है। जहाँ समंदर की लहरें साक्षात महादेव के चरण पखारती हैं। आप जब वहाँ जाएँ, तो केवल अपने और अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि हमारे पूरे राजस्थान की खुशहाली के लिए, हमारी फसलों के लिए, हमारी गौ-माता की रक्षा के लिए और हमारे देश की उन्नति के लिए भी प्रार्थना कीजिएगा। मंत्री कुमावत ने कहा कि मैं एक बार फिर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। आप सभी की यह यात्रा सुखद, सुरक्षित और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर हो।

    चार जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल

    इस पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में राजस्थान के चार अलग-अलग जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक सफर कर रहे हैं। इनमें दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर जिले के 161 श्रद्धालु, कोटपुतली-बहरोड़ के 177 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। इसके अलावा सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से धौलपुर जिले के 213 श्रद्धालु व झालावाड़ जिले के 419 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के लिए सवार हुए हैं। देवस्थान मंत्री कुमावत ने बताया कि आगामी 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर व 30 जुलाई को उदयपुर से रामेश्वरम-मदुरै के लिए वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 के तहत ट्रेन जाएंगी।

    20 जुलाई से शुरू होगा हवाई यात्रा का सफर

    देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 के हवाई यात्रा का शैडयूल भी जारी किया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर-2026 तक रोजाना नेपाल के काठमांडू के लिए हवाई यात्रा जाएगी। नई दिल्ली एयरपोर्ट से प्रति दिन 44 वरिष्ठजन हवाई जहाज के जरिए नेपाल जाएंगे। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर तक कुल 2860 वरिष्ठजन पशुपतिनाथ जी के दर्शन करेंगे। इसके बाद शेष हवाई यात्रियों को दिसंबर से दर्शनों के लिए नेपाल भेजा जाएगा।

    सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम

    वरिष्ठ नागरिकों की सुख-सुविधा, खान-पान और स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। 970 श्रद्धालुओं के साथ 30 सरकारी कर्मचारियों का एक विशेष दल भी भेजा गया है, जिससे ट्रेन में कुल यात्रियों की संख्या 1000 हो गई है। इस दल में यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रेन प्रभारी और अनुदेशक को भेजा गया है। इसके साथ ही बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सा स्टाफ तैनात रहेगा। इस मौके पर जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया व सुरेंद्र पूर्ववंशी, आईआरसीटीसी के सीआरएम मुकेश सैनी, मैनेजर प्रदीप माहेश्वरी, देवस्थान विभाग जयपुर प्रथम के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, जयपुर द्वितीय के सहायक आयुक्त महेंद्र देवतवाल सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    महारानी महाविद्यालय में 'तारिणी 2026' का आयोजन, कीर्ति गुर्जर बनीं मिस तारिणी 2026
    Next Article
    ट्रांसफॉर्मेटिव टीचिंग पेडागॉजी फॉर जेन जी लर्नर्स’ विषय पर सात दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम

    Related धर्म और अध्यात्म Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment