Language Settings

गुजरात और राजस्थान के भीषण सड़क हादसों पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता

14 minutes ago

3

0

नई दिल्ली। गुजरात और राजस्थान में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में कई लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। दोनों हादसों में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रपति ने जताई संवेदना
गुजरात के कच्छ में हुए हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि हादसे में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कोटा हादसे पर भी प्रधानमंत्री ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने दोनों दुर्घटनाओं के मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
लगातार हुए इन दोनों हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-------------