Language Settings

जिला प्रमुख चुनाव से पहले राजस्थान में सियासी घमासान

20 minutes ago

2

0


-गहलोत का आरोप- पुलिस और प्रशासन पर दबाव बना रही भाजपा सरकार
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनावी परिणामों के बावजूद भाजपा सरकार ने कोई सबक नहीं सीखा है और अब पुलिस तथा प्रशासनिक मशीनरी पर दबाव बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
गहलोत ने रविवार को इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनावों में जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया है, लेकिन इसके बावजूद कई क्षेत्रों से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि सरकार पुलिस और प्रशासन पर दबाव बना रही है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नगरीय निकाय चुनावों की तरह दबाव और मनमानी के जरिए पंचायतों में भी अपने बोर्ड बनाना चाहती है। इस तरह की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
-जनता ने कांग्रेस को दिया जनादेश पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने अपना जनादेश कांग्रेस पार्टी के पक्ष में दिया है और लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ऐसी घटनाओं पर लगातार नजर रख रही है। यदि राजनीतिक दबाव में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों या कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई अनुचित कार्रवाई की जाती है तो पार्टी इसे गंभीरता से लेगी।
-डीजीपी और मुख्य सचिव से निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग
गहलोत ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से भी हस्तक्षेप करने की मांग की है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था निष्पक्ष बनी रहे और किसी भी अधिकारी पर राजनीतिक दबाव में काम करने की नौबत नहीं आए।
उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई कि जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया में किसी भी राजनीतिक दल के साथ भेदभाव न हो।
-25 नवंबर को होगा जिला प्रमुख का चुनाव
गौरतलब है कि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों के परिणाम आने के बाद अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों को लेकर भाजपा तथा कांग्रेस के बीच मुकाबला तेज हो गया है। दोनों दल अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने और पदों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक तैयारी कर रहे हैं।
अब 25 नवंबर को होने वाले चुनाव पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इन चुनावों के परिणाम यह तय करेंगे कि पंचायतों में सत्ता की कमान किस राजनीतिक दल के हाथ में जाती है।
-----------------

Click here to Read More
Previous Article
जयपुर में 9 दिसंबर को राहुल गांधी का दौरा
Next Article
अमित शाह ने 5,610 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

Related राजस्थान Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment