जनता कर रही विधायक एवं मंत्री मदन दिलावर के विकास विजन की प्रशंसा, 5 साल के योजनाओं का रखा विवरण
कोटा। रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा पिछले लगभग पौने दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों की गाथा अब जनता के हर हाथ में पहुंच रही है।
“रामगंज मंडी जन सेवा और विकास” नामक विकास पुस्तिका के माध्यम से जनता को क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले और गली में किए गए कार्यों की लागत और विवरण पढ़ने का अवसर मिला है।
विकास पुस्तिका में क्या है विशेष
यह पुस्तिका केवल सम्पन्न कार्यों का विवरण नहीं है, बल्कि आगामी 5 वर्षों में कराए जाने वाले बड़े विकास कार्यों का विजन भी इसमें शामिल है। पुस्तिका में प्रत्येक विभाग द्वारा किए गए कार्यों का सिलसिलेवार उल्लेख किया गया है, जिससे जनता स्पष्ट रूप से जान पा रही है कि उनके क्षेत्र में कितनी राशि खर्च हुई और कौन से कार्य सम्पन्न हुए।
जनता की प्रतिक्रिया और उत्साह
स्थानीय निवासी पुस्तिका पढ़कर इस बात की प्रशंसा कर रहे हैं कि इतने व्यापक और संगठित विकास कार्य रामगंज मंडी में पहले कभी नहीं हुए। लोग यह भी कहने से नहीं चूकते कि अभी तीन साल और बाकी हैं, और आने वाले समय में क्षेत्र और अधिक विकसित होगा।
आगामी विकास परियोजनाओं का विजन
पुस्तिका में वर्णित प्रमुख आगामी योजनाएँ इस प्रकार हैं:
-
अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आमजन की समस्याओं के निस्तारण हेतु नवीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय रामगंज मंडी में खुलवाया जाएगा।
-
रामगंज मंडी नगर में टाउन हॉल के निर्माण हेतु 8 करोड़ रुपए स्वीकृत, और पन्नालाल चौराहा एवं स्टेशन चौराहा के सौंदर्यीकरण एवं विकास हेतु 2.50 करोड़ रुपए।
-
ग्रामीण युवाओं के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर चरणबद्ध रूप से ओपन जिम और खेल मैदान का विकास।
-
सुकेत कस्बे में नगर पालिका भवन निर्माण हेतु 3 करोड़, खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण हेतु 2 करोड़, सार्वजनिक सामुदायिक केंद्र निर्माण हेतु 2.5 करोड़ और सार्वजनिक पार्क के संपूर्ण विकास हेतु 2 करोड़ रुपए।
ग्रामीण सेवा शिविरों में पुस्तिका का वितरण
विकास पुस्तिका का वितरण लगातार प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में किया जा रहा है। जुल्मी और लखारिया ग्राम पंचायत के संयुक्त शिविर में भी आज पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। सभी उपस्थित आगंतुकों को पुस्तिका प्रदान की गई, जिससे जनता में जागरूकता और उत्साह दोनों बढ़े।