Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के सभी संकायों का परीक्षा परिणाम जारी

    1 week ago

    शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर से जारी किए परीक्षा परिणाम

    विज्ञान, कला और वरिष्ठ उपाध्याय में छात्राओं ने मारी बाजी

    कॉमर्स में छात्र रहे अव्वल

    उदयपुर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी हुए। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित डीओआईटी सभागार से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से वर्चुअली जुड़ते हुए परीक्षा परिणामों की घोषणा की। कक्षा 12 के सभी संकायों तथा वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का समेकित परीक्षा परिणाम 96.45 प्रतिशत रहा। इसके साथ ही आजादी के बाद पहली बार ऐसा अवसर रहा जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणाम मार्च माह में जारी हुए। 

     

    शिक्षा मंत्री दिलावर मंगलवार सुबह ट्रेन से उदयपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में कुछ देर रूकने के बाद ठीक 9.35 बजे कलक्ट्रेट स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के वीडियो कांफ्रेन्सिंग सभागार में पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दिलावर वीसी के माध्यम से अजमरे स्थित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय के मुख्यालय से जुड़े। ठीक 10 बजे शिक्षा मंत्री दिलावर के निर्देशन में कम्प्यूटर का बटन दबाकर परीक्षा परिणाम जारी किया गया। इस दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, सलूम्बर विधायक शांतादेवी सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

    यह रहा संकाय वार परिणाम

    शिक्षा मंत्री दिलावर ने बताया कि उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा में कुल 287068 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिसमें से 285299 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा का परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.02 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.34 रहा। विज्ञान वर्ग में 178051 छात्रों में से 146644 छात्र और 107248 छात्राओं में से 98636 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है। वाणिज्य वर्ग की परीक्षा में कुल 30798 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 30580 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.04 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 92.82 रहा। वाणिज्य वर्ग में 20666 छात्रों मे से 13976 छात्र और 9914 छात्राओं में से 8096 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।

    इसी प्रकार कला वर्ग की परीक्षा में कुल 591023 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, इसमें से 583201 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। कला वर्ग का परिणाम 97.54 प्रतिशत रहा। इसमें से छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.68 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.29 रहा। 272970 छात्रों में से 156818 छात्र और 310231 छात्राओं में से 227252 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में कुल 4114 परीक्षार्थी पंजीकृत है जिसमें से 4067 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम 97.20 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.46 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.77 रहा। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में 1781 छात्रों में से 832 छात्र और 2286 छात्राओं में से 1328 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।

    अव्वल विद्यार्थियों से मोबाइल पर की बात, दी शुभकामनाएं

    शिक्षा मंत्री दिलावर ने परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद सभी संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से मोबाइल पर बात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।  

     

    आजादी के बाद पहली बार मार्च में जारी हुए बोर्ड परीक्षा परिणाम- शिक्षा मंत्री

    शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 12वीं के समस्त संवंर्गों का परीक्षा परिणाम राजस्थान के इतिहास में पहली बार मार्च माह में जारी किया गया है. जो कि एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह अध्यापकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत, लग्न, कठोर परिश्रम और सपनों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है। मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज और विश्वसनीय बनाया गया है। मार्च माह में सटीक एवं पारदर्शी परिणाम जारी कर देना, सिस्टम सुधार का प्रमाण है। गौरतलब है कि 10 वीं बोर्ड का परिणाम भी 24 मार्च को ही जारी कर दिया गया था।

     

    नवीन शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल से

    मंत्री दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में इस बार से 01 अप्रैल से सत्रांरभ करने की योजना बनाई थी, जिसे तय समयानुसार पूर्ण कर रहे हैं। इस बार से सत्र 01 अप्रैल से किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों हेतु कार्यदिवसों की संख्या में वृद्धि होगी। गत सत्र में कार्यदिवसों की संख्या 235 थी जो अब बढ़कर 244 हो जाएगी। नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरूआत के साथ हमारा लक्ष्य है कि हर बच्चा विद्यालय से जुड़े। कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए हम प्रवेशोत्सव को अभियान बनाकर अधिकतम नामांकन हेतु प्रयासरत हैं। 

     

    तीन विषयों में हो सकेगी री-चेकिंग

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछली बार से गणित विषय की री-चेकिंग व्यवस्था प्रारंभ की थी, इससे पूर्व केवल री-टोटलिंग की व्यवस्था थी। इस बार से दो अन्य विषयों विज्ञान व अंग्रेजी में भी री-चेकिंग व्यवस्था प्रारंभ कर दी है। इससे विद्यार्थी अपने परिणाम पर अधिक भरोसा कर सकेंगे। पारदर्शिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

     

    साल में दो बार बोर्ड परीक्षा

     दिलावर ने कहा कि आगामी सत्र से विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का मानसिक तनाव कम होगा और सुधार का मौका मिलेगा। इसके अलावा हर बच्चे तक किताबें समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया गया है, मार्च माह में ही समस्त विद्यालयों तक किताबें पहुंचाने के निर्देश पूर्व में ही प्रदान कर दिये गये हैं। यूनिफॉर्म के लिए राशि सीधे डी.बी.टी के माध्यम से खातों में भेजी जा रही है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और समय पर संसाधन मिल रहे है।

     

    मोबाइल उपयोग पर नियंत्रण एवं अनुशासन का आग्रह

    शिक्षामंत्री दिलावर ने कहा कि शिक्षक के कालांश के दौरान शिक्षण के समय मोबाईल फोन के उपयोग पर सख्ती की गई है। विद्यालयों में मोबाईल के अनावश्यक उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक हमारे शिक्षा तंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनकी उपस्थिति, अनुशासन और जिम्मेदारी सुनिश्चित की जा रही है, लेकिन साथ ही उनका सम्मान और सहयोग भी हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा, राष्ट्रगान और सूर्य नमस्कार, ये केवल गतिविधियों नहीं है। ये बच्चों के व्यक्तित्व और संस्कार निर्माण का आधार हैं। हम शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी मजबूत करना चाहते हैं।

     

    भवन निर्माण एवं निगरानी

    उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए कि जो विद्यालय भवन जर्जर हो या जहां विद्यार्थियों के बैठने के लिए उपयुक्त नहीं हो, वहां पर कक्षायें नहीं चलाई जायें, ना ही उनके आस-पास में विद्यार्थियों को बैठाया जायें, क्योंकि विद्याथियों की सुरक्षा हमारा प्रथम प्रयास है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि विद्यालयों में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि स्वच्छ विद्यालय, स्वरथ विद्यार्थी यह हमारा लक्ष्य है। वृक्षारोपण के साथ उनकी देखभाल पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसमें पंचायत और समाज की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीकानेर एवं सीकर में इसी सत्र से सैनिक स्कूल प्रारंभ किए जा रहे हैं। साथ ही संभाग स्तर पर वेद विद्यालयों का संचालन भी किया जाएगा।

    Click here to Read More
    Previous Article
    सभी सरकारी विद्यालयों में कल से प्रवेश उत्सव
    Next Article
    वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 की आखिरी ट्रेन हुई रवाना

    Related रिजल्ट Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment