Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    अक्षेंद्र वेलफेयर सोसायटी का विशाल परिंडा अभियान, पक्षियों और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल

    1 hour ago

    भीषण गर्मी के इस दौर में जहाँ इंसान ही नहीं बल्कि बेजुबान पक्षी भी पानी और भोजन के अभाव में जीवन संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे समय में अक्षेंद्र वेलफेयर सोसायटी द्वारा एक सराहनीय एवं विशाल परिंडा अभियान का आयोजन पत्रिका गेट, जेएलएन मार्ग, जयपुर में किया गया।

    इस अभियान का उद्देश्य गर्मी से व्याकुल पक्षियों को पानी और दाना उपलब्ध कराना तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में अक्षेंद्र वेलफेयर सोसायटी के 100 से अधिक वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सेवा भावना का परिचय दिया।

    अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर 500 से अधिक परिंडे लगाए गए, जिनमें पक्षियों के लिए पानी और दाने की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में स्थित मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए 10 पानी के मटके रखे गए, ताकि गर्मी में लोगों को शीतल जल उपलब्ध हो सके।

    कार्यक्रम का शुभारंभ वालंटियर्स द्वारा प्रस्तुत एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक से हुआ, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। इस नाटक ने उपस्थित लोगों को प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति अपने दायित्वों का एहसास कराया।

    इस अवसर पर रावत एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन एवं अक्षेंद्र वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बी. एस. रावत ने कहा कि समाज सेवा केवल एक दायित्व नहीं बल्कि मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि पक्षियों के लिए एक परिंडा लगाना जीवन बचाने जैसा पुण्य कार्य है और हर व्यक्ति को इसमें अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।

    कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता डॉ. अखिल शुक्ला, समाजसेवी भाजपा जयपुर जिला आईटी संयोजक राजेश गौतम, गढ़वाल सभा के उपाध्यक्ष बुद्धि प्रसाद सती सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया और इस अभियान की सराहना की।

    सोसायटी के सचिव एवं रावत एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सोसायटी द्वारा प्रतिवर्ष परिंडा अभियान चलाया जाता है तथा विभिन्न समाज सेवा कार्यों जैसे अन्नदान, वस्त्रदान, सेवा कार्य एवं दानोत्सव का आयोजन निरंतर किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में संवेदनशीलता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।अब तक 30,000 परिंडे लगाए जा चुके हैं एवम भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की योजना है।

    सोसायटी की कोषाध्यक्ष डॉ. अक्षिता रावत ने सभी वालंटियर्स को समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत प्रयास करने की प्रेरणा दी।

    इस अवसर पर रावत कॉलेज की निदेशक कल्पना रावत, दिनेश विष्ट, रवि बिष्ट, दीपक बोहरा,वीरेंद्र ,राकेश चौहान सहित सोसायटी के कार्यकर्ता अमित शर्मा, कन्हैया लाल भूरानी, मधु भूरानी, सोमेंद्र शर्मा ,अंजली ज्ञानानी,धर्मेंद्र ज्ञानानि ,राखी चौधरी,यशपाल सिंह एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में जिला विधिक प्राधिकरण का भी सहयोग रहा।

    कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं पक्षियों की सुरक्षा हेतु संकल्प लिया। अंत में रावत पब्लिक स्कूल, प्रताप नगर की प्राचार्या मैत्रेयी शुक्ला एवं एकेडमिक हेड राजेश कंथारिया ने सभी अतिथियों, वालंटियर्स एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

    यह अभियान केवल परिंडे लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को यह संदेश देने में सफल रहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है।

    Click here to Read More
    Previous Article
    नीट परीक्षा के लिए आॅल स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी ने लगाए शहर में लगाए 50 से अधिक सेवा केन्द्र

    Related राजस्थान Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment