Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए अगले सप्ताह खुलेगा पोर्टल

    8 hours ago

    -5 जून को जयपुर से रवाना होगी सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन

    -देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

    जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27' के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बुधवार को शासन सचिवालय में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इसके लिए अगले सप्ताह से 15 दिनों के लिए विभागीय पोर्टल खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष योजना के तहत कुल 56,000 वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी, जिसमें 50,000 को ट्रेन और 6,000 को हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा।

    बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट में की गई घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा” के अंतर्गत 5 जून-2026 को जयपुर से रवाना होने वाली विशेष धार्मिक पर्यटक ट्रेन की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 3 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। प्रदेशभर के लगभग 1000 वरिष्ठजन द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से जाएंगे। इस विशेष ट्रेन में जयपुर के अलावा अजमेर व आबू रोड स्टेशन से भी वरिष्ठजन सवार होंगे। उन्होंने बताया कि अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर करीब 20 मिनट का ठहराव रहेगा, जहां यात्रियों की बोर्डिंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी। 6 जून को सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी। यहां यात्रियों को होटल में ठहराया जाएगा। विश्राम के बाद स्थानीय धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। 7 जून को सोमनाथ के शेष दर्शनीय स्थलों के दर्शन करवाने के बाद रात करीब 11:30 बजे ट्रेन द्वारका के लिए रवाना होगी। 8 जून को सुबह करीब 6 बजे द्वारका पहुंचने पर यात्रियों को होटल ट्रांसफर और विश्राम की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद द्वारकाधीश मंदिर सहित स्थानीय धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। 9 जून को दिनभर भ्रमण कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6 बजे विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना होगी। 10 जून को शाम करीब 4 बजे ट्रेन जयपुर पहुंचेगी। वापसी के दौरान अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी यात्रियों के उतरने की व्यवस्था रहेगी।

    मंत्री कुमावत ने बताया कि ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की पूरी व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से की जाएगी। देवस्थान विभाग ने तीर्थयात्रियों की पूरी यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, साथ ही एक डॉक्टर और दो नर्सिंग कर्मचारी तैनात रहेंगे।

    देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि हमारी राजस्थान सरकार प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उनकी आध्यात्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी ने बजट में जो घोषणाएं की हैं, उन्हें धरातल पर उतारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस साल 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27' के तहत हम 56,000 बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अगले सप्ताह जब पोर्टल 15 दिनों के लिए खुले, तो ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बिल्कुल सरल हो ताकि हमारे बुजुर्गों को कोई परेशानी न आए।

     कुमावत ने यह भी निर्देश दिए की आगामी 5 जून को जयपुर से गुजरात (सोमनाथ, द्वारका और नागेश्वर) के लिए विशेष ट्रेन रवाना हो रही है। इस यात्रा के दौरान बुजुर्गों की सुरक्षा, भोजन, चिकित्सा और ठहरने के इंतजाम विश्वस्तरीय होने चाहिए। देवस्थान विभाग और आईआरसीटीसी (IRCTC) के अधिकारी आपस में बेहतर समन्वय बैठाकर काम करें। हमारे बुजुर्गों को सफर में घर जैसा माहौल और सम्मान मिलना चाहिए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" मंत्री ने सभी अधिकारियों को यात्रा व्यवस्थाओं को त्रुटिहीन और आरामदायक बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मंदिरों के जीर्णोद्धार, सिंधू दर्शन योजना, देवस्थान विभाग के कैडर रिव्यू व नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी मंत्री कुमावत ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन के कार्य की गति बढाने, लंबित कोर्ट केसेज का त्वरित गति से निपटारा करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

    इस बैठक में देवस्थान विभाग की शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी, अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीय, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त, जयपुर प्रथम रतनलाल योगी, जयपुर द्वितीय महेंद्र देवतवाल, सहित प्रदेशभर के सहायक आयुक्त वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

     

    Click here to Read More
    Previous Article
    कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम, कुल 82 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित
    Next Article
    तीन दिवसीय बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण आउटरीच कार्यक्रम का प्रतिवेदन

    Related धर्म और अध्यात्म Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment