Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    नारी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध, महिला अत्याचारों में 10 प्रतिशत की कमी- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

    2 months ago

    _हनुमानगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम_ 

     

    *महिलाएं समाज की धुरी, उनके सशक्तीकरण से ही देश का विकास*

     

    *आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता सबसे अहम

     

    - लाडो प्रोत्साहन योजना पोर्टल किया लॉन्च, लाभार्थियों को हस्तांतरित की राशि

     

    - हनुमानगढ़ में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण

     

    हनुमानगढ़/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज की वह धुरी हैं, जिनके सशक्त होने से ही समाज प्रगति और देश विकास करता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता का आह्वान करते हुए आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।

     

     शर्मा रविवार को हनुमानगढ़ के धान मंडी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी शक्ति हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत हैं। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने देश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, पीवी सिंधु, स्मृति मंधाना, मीराबाई चानू, हरमनप्रीत कौर, मनु भाकर, अवनी लेखरा ने विश्वभर में खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है।

     

    *प्रधानमंत्री ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर किया नीतियों का निर्माण*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर नीतियों का निर्माण किया है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के लिए स्वच्छ भारत अभियान के अन्तर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण करवाया है। उज्ज्वला योजना में 11 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 70 प्रतिशत से अधिक घर महिलाओं के नाम या संयुक्त नाम पर होने से तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से महिला उत्थान और सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। 

     

    *प्रदेश में बनी 16 लाख से अधिक लखपति दीदी*

     शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आधी आबादी के सशक्तीकरण और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। राज्य में 16 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं है। वहीं, 1 लाख 39 हजार स्वयं सहायता समूहों को 679 करोड़ रुपये की आजीविका सहायता उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत 19 लाख से अधिक महिला पेंशनरों को 6 हजार 876 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 27 हजार से अधिक कन्याओं के विवाह के लिए लगभग 101 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई गई है। 

     

    *6 लाख से अधिक बालिकाएं लाडो प्रोत्साहन योजना से लाभान्वित*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में लाडो प्रोत्साहन योजना बड़ी भूमिका निभा रही है। योजना के अन्तर्गत सात किस्तों में डेढ़ लाख रुपये की राशि दी जा रही है। जिससे अब तक 6 लाख से अधिक बालिकाओं को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मा वाउचर योजना सहित विभिन्न योजनाओं ने भी महिला कल्याण में सशक्त भूमिका निभा रही है। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप महिला अत्याचार के प्रकरणों में अनुसंधान पूर्ण करने का औसत समय वर्ष 2020 के 128 दिन से घटकर 52 दिन रह गया है। वहीं, राज्य में वर्ष 2023 की तुलना में महिला अत्याचार के प्रकरणों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी आयी है।

     

    *हनुमानगढ़ में खालों के निर्माण के लिए 500 करोड़*

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी अंचलों का विकास सुनिश्चित कर रही है। वित्तीय वर्ष बजट 2026 में गेहूं की एमएसपी पर 150 रुपये के अतिरिक्त बोनस से गंगानगर-हनुमानगढ़ क्षेत्र के किसानों को विशेष रूप से लाभ होगा। वहीं, आईजीएनपी और गंगनहर में पुनर्निर्माण और फिरोजपुर फीडर विकास कार्य से किसानों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में खालों के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये भी दिए है।

     

    *डीबीटी के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हो रहा सुनिश्चित* 

    उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं को सुनिश्चित कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों और सहायिका के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी से महिलाओं के सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पेट्रोल और डीज़ल के मूल्य में कमी कर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों को बड़ी राहत दी है। वहीं, बिजली आपूर्ति के साथ-साथ नहरी पानी की उपलब्धता के लिए 5 हजार करोड़ रुपये देकर किसानों को बड़ी सौगात मिली।

     

    इस दौरान शर्मा ने हनुमानगढ़ में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना पोर्टल लॉन्च किया। लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना और बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि का अंतरण किया। साथ ही, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना और स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण के प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे। साथिन मार्गदर्शिका का डिजिटल लॉन्च और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत पुरस्कार भी वितरित किए।

     

    *महिला पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा*

    इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने यहां गर्भवती महिला श्रीमती दिव्या की गोद भराई कर पोषण किट दिया। साथ ही, 6 महीने के शिशु को अन्नप्राशन भी करवाया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किये। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में आयोजित प्रदर्शनी और कार्यक्रम स्थल पर महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।

     

    कार्यक्रम में विधायक जयदीप बिहाणी, गणेशराज बंसल, गुरवीर बराड़, संजीव बेनीवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। वहीं, वीसी के माध्यम से विभिन्न जिलों से महिलाएं भी जुड़ी।

    -------

    Click here to Read More
    Previous Article
    तृतीय वेतन श्रंखला शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नति करने की मांग
    Next Article
    तरुण खटीक की निर्मम हत्या की शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की निंदा, दोषियों के खिलाफ साजिशन हत्या का मुकदमा चले

    Related राजस्थान Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment