जयपुर। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के सम्मेलन में राजस्थान विधानसभा का नेतृत्व कर लौटे विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जयपुर आगमन पर राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा, सभा अध्यक्ष शशि भूषण शर्मा एवं बृजेश शर्मा ने पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाकर देवनानी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने सम्मेलन में राजस्थान की गरिमामयी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया।
देवनानी ने इस अभिनंदन के लिए शिक्षक संघ का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत रूप से उनके लिए, बल्कि पूरी विधानसभा और राज्य की लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ का मंच वैश्विक संवाद और विधायी अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसमें राजस्थान की सक्रिय भागीदारी संतोषजनक रही।
कार्यक्रम के दौरान संघ के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति और आत्मीयता का भाव देखने को मिला।